देवास। सद्गुरु योगेंद्र शीलनाथ जी महाराज धूनी परिसर में चल रही नाथ संप्रदाय के हरियाणा स्थित सुल्तानपुर मठ के गादीपति संत बालयोगी संतोष नाथ जी महाराज की 41 दिवसीय पंच धूणी अग्नि एवं खड़ी तपस्या शनिवार को 39वें दिन में प्रवेश कर गई। इस अवसर पर शाजापुर विधायक अरुण भीमावत धूनी परिसर पहुंचे और संतोष नाथ जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। शीलनाथ भक्त मंडल के सचिव राहुल शर्मा ने बताया कि विधायक भीमावत ने धूनी परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। इस दौरान अजीत भल्ला, भगवान सिंह चावड़ा, दीपक अग्रवाल, आनंद गुप्ता, महेंद्र पडियार, अर्जुन चौधरी, पार्षद राजा अकोदिया एवं दुर्गेश चिल्लोरिया सहित भक्तों ने विधायक का सद्गुरु शीलनाथ जी महाराज का चित्र भेंट कर तथा चुनरी ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया।उल्लेखनीय है कि हरियाणा के हिसार जिले के सुल्तानपुर स्थित प्राचीन नाथ मठ के गादीपति महंत संतोष नाथ महाराज द्वारा 20 मई से यह विशेष एवं दुर्लभ पंच धूणी अग्नि तथा खड़ी तपस्या की जा रही है, जिसे श्रद्धालुओं में गहरी आस्था और उत्साह के साथ देखा जा रहा है।bतपस्या की पूर्णाहुति के अवसर पर 29 जून को प्रातः 9 बजे हवन का आयोजन होगा। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे से विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। शीलनाथ भक्त मंडल ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस दिव्य एवं दुर्लभ तपस्या का दर्शन लाभ लेने की अपील की है।
—










