देवास जिला पंचायत में दिशा बैठक संपन्न,

देवास : सांसद ने कई विभागों के कामों पर जताई नाराजगी देवास। देवास जिला पंचायत में शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता देवास सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने की।

इस दौरान देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष लीला भेरुलाल अटरिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। बैठक में जिले में संचालित केंद्र एवं राज्य शासन की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कई विभागों में कार्यों की धीमी गति को लेकर नाराजगी जताई और अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, नल-जल योजना, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना सहित अन्य विकास योजनाओं की समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों से योजनाओं की जमीनी स्थिति की जानकारी लेते हुए कहा कि जिन कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा है, उसे दूर कर निर्धारित समय में कार्य पूर्ण किया जाए।

सांसद ने कहा कि शासन स्तर से विकास कार्यों के लिए राशि उपलब्ध कराई जा रही है, ऐसे में कार्यों का समय पर पूरा होना जरूरी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।

दिशा बैठक में नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार सिंह की अनुपस्थिति को लेकर सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने नाराजगी जताई। सांसद ने कहा कि दिशा जैसी महत्वपूर्ण बैठक में संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी आवश्यक है।

इस मामले में उन्होंने पत्र लिखने की बात भी कही। सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि जिले में कुछ ऐसे विकास कार्य भी हैं, जिनके लिए सांसद निधि से राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कार्य अभी तक पूर्ण नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि कुछ लोग इन कार्यों को पूरा नहीं होने देना चाहते।

सांसद ने ऐसे मामलों में जिम्मेदारी तय कर कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान गजरा गैर चौराहे पर झुग्गियां हटाने के मामले का मुद्दा भी सामने आया।

सांसद ने इस विषय पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यदि किसी स्थान पर अवैध कब्जे या झुग्गियों को हटाने को लेकर कोई जिम्मेदार व्यक्ति या अधिकारी भूमिका निभा रहा है, तो जल्द ही इस मामले में स्थिति स्पष्ट की जाएगी।

सांसद ने यहां तक कहा कि यदि जरूरत पड़ी तो वे मीडिया के सामने संबंधित जिम्मेदार लोगों के नाम सार्वजनिक करेंगे। सांसद ने अधिकारियों से कहा कि जनता से जुड़े विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और स्वीकृत कार्य समय पर पूरे हों, यह अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। दिशा बैठक में सांसद की नाराजगी और सख्त निर्देशों के बाद अब संबंधित विभागों के लंबित कार्यों की प्रगति पर निगाह रहेगी।

WhatsApp WhatsApp Group