
Oplus_131072
आबकारी विभाग ने कार्रवाई कर
स्विफ्ट कार से 22 पेटी मदिरा जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार
======
इंदौर से अवैध रूप से लाई जा रही 198 बल्क लीटर मदिरा पकड़ी, कुल कीमत करीब 3.93 लाख र=====
देवास, 14 सितंबर 2026/ आबकारी आयुक्त मध्यप्रदेश द्वारा जारी निर्देशों के पालन में कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती बसंती भूरिया के मार्गदर्शन में देवास जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी क्रम में 14 सितंबर को कंट्रोल रूम प्रभारी श्री निलेश पंवार के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग की टीम ने अलसुबह देवास के खारी बावड़ी, अखाड़ा रोड मालीपुरा क्षेत्र में घेराबंदी कर स्विफ्ट कार को पकड़ा। वाहन की विधिवत तलाशी लेने पर डिक्की एवं वाहन के मध्य हिस्से से 20 पेटी देशी मदिरा प्लेन तथा 02 पेटी लंदन प्राइड व्हिस्की, कुल 198 बल्क लीटर मदिरा बरामद की गई।
मौके से वाहन चालक रोहित एवं अर्पित दोनों निवासी देवास, को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी मदिरा को इंदौर से अवैध रूप से संग्रहित कर देवास में परिवहन कर रहे थे। जब्त मदिरा प्रथम दृष्टया इंदौर जिले की सप्लाई वाली प्रतीत होती है, जिसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। जब्त मदिरा एवं वाहन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 3 लाख 93 हजार रुपए है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक प्रेम यादव, राजाराम रायकवार एवं दीपक धुरिया, आबकारी आरक्षक निहाल खत्री, निकिता परमार तथा सैनिक अनिल चौहान शामिल रहे।
आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी







