मंदिर से 3 पीतल की घंटियां चोरी, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तारऑपरेशन “त्रिनेत्रम्” में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता, CCTV फुटेज से खुलासा

मंदिर से 3 पीतल की घंटियां चोरी, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
ऑपरेशन “त्रिनेत्रम्” में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता, CCTV फुटेज से खुलासा
देवास। रामदेव जी मंदिर, चौपाटी में चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को थाना कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने मंदिर में लगी पीतल की तीन घंटियां चोरी की थीं। पुलिस ने CCTV फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पुलिस के अनुसार 8-9 सितंबर की मध्यरात्रि अज्ञात बदमाश द्वारा रामदेव जी मंदिर से तीन पीतल की घंटियां चोरी कर ली गई थीं। शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 576/2026, धारा 305(d), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन “त्रिनेत्रम्” के तहत पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज के बारीकी से विश्लेषण के बाद संदिग्ध की पहचान अनुराग उर्फ भोलू पिता सुभाष राव जाधव, उम्र 43 वर्ष, निवासी विश्राम बाग, थाना बीएनपी, देवास के रूप में हुई।
इसके बाद कोतवाली पुलिस ने लगातार तलाश करते हुए आरोपी को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई एएसपी सिटी गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन, सीएसपी सुमित अग्रवाल के निर्देशन एवं कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में की गई। टीम में प्रधान आरक्षक महेंद्र जादोन, हेमेन्द्र एवं वीरेन्द्र राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

WhatsApp WhatsApp Group