बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार और स्कूल बंदी के विरोध में युवाओं का प्रदर्शन, देवास में निकाला यूथ मार्च
देवास। बढ़ती बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक की घटनाओं तथा मध्य प्रदेश में सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने के विरोध में मूवमेंट अगेंस्ट अनएम्प्लॉयमेंट (मध्य प्रदेश) के बैनर तले युवाओं ने देवास में प्रदर्शन किया।
संगठन के कार्यकर्ताओं और युवाओं ने शहर के प्रमुख चौराहों पर पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भोपाल चौराहा, सयाजी द्वार चौराहा तथा एमजी अस्पताल चौराहे पर प्रदर्शन करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही बेरोज़गारी और भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में सरकारी स्कूलों को बंद किए जाने से शिक्षा व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने सरकार से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की।
युवाओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में युवा एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बेरोज़गारी, भ्रष्टाचार और स्कूल बंदी के विरोध में युवाओं का प्रदर्शन









