संपत्ति विवाद में फिल्मी स्टाइल में टावर पर चढ़कर धमकी देने वाjले को पुलिस ने सिखाया सबक

संपत्ति के बंटवारे को लेकर बीएसएनएल टॉवर पर चढ़कर आत्महत्या की धमकी देने वाले युवक के विरुद्ध बागली पुलिस की कार्यवाही

🔹डायल-112 पर सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवक से संवाद स्थापित कर सुरक्षित नीचे उतारा
🔹वृद्ध माता-पिता पर पैतृक संपत्ति के बंटवारे का दबाव बनाने वाले को भेजा जेल

संक्षिप्त विवरणः- पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं किसी भी आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है।

इसी क्रम में थाना बागली क्षेत्रांतर्गत चापड़ा रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के सामने बीएसएनएल टॉवर पर एक व्यक्ति के चढ़े होने तथा आत्महत्या की धमकी देने की सूचना डायल-112 के माध्यम से प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बागली जीवन भिडोरे, डायल-112 एफआरवी एवं पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम द्वारा टॉवर पर चढ़े युवक से मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क स्थापित कर लगातार संवाद किया गया। युवक ने अपना नाम प्रकाश पिता हरिराम भाटी उम्र 41 वर्ष,निवासी वार्ड क्रमांक 2 बागली बताया तथा माता-पिता द्वारा पैतृक संपत्ति का बंटवारा नहीं किए जाने की बात कहते हुए आत्महत्या की धमकी दी। पुलिस अधिकारियों द्वारा युवक को समझाइश देते हुए उचित आश्वासन दिया गया तथा सूझबूझ एवं सावधानीपूर्वक प्रयास कर उसे सकुशल टॉवर से नीचे उतारा गया, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई। युवक की माता से चर्चा करने पर बताया गया कि प्रकाश पिछले लगभग 02 वर्षों से घर से अलग रह रहा था तथा पिछले कुछ दिनों से माता-पिता पर संपत्ति के बंटवारे को लेकर लगातार दबाव बना रहा था। माता-पिता द्वारा जीवित रहते संपत्ति का बंटवारा करने से मना किए जाने पर वह बीएसएनएल टॉवर पर चढ़ गया और आत्महत्या की धमकी देने लगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना बागली पुलिस द्वारा प्रकाश पिता हरिराम भाटी उम्र 41 वर्ष निवासी वार्ड क्रमांक 02 बागली के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही कर उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा आरोपी को जेल भेजा गया।

  1. देवास पुलिस की अपील- किसी भी पारिवारिक अथवा संपत्ति संबंधी विवाद का समाधान विधिसम्मत एवं शांतिपूर्ण तरीके से किया जाना चाहिए। आत्महत्या की धमकी देकर दबाव बनाने अथवा कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न करने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना दें।
WhatsApp WhatsApp Group