वनकर्मियों पर हमले के विरोध में वन कर्मचारी संघ का प्रदर्शन, आरोपियों पर रासुका और बुलडोजर कार्रवाई की मांग

देवास। जिनवानी वन परिक्षेत्र में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान वन विभाग के कर्मचारियों पर हुए हमले के विरोध में मध्य प्रदेश वन कर्मचारी संघ देवास ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि हाल ही में जिनवानी वन परिक्षेत्र में अतिक्रमण हटाने गई वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों द्वारा पथराव किया गया था। इस घटना में करीब 7 वनकर्मी घायल हुए थे। संघ ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि वनकर्मी दिन-रात जंगलों और वन संपदा की सुरक्षा में लगे रहते हैं, लेकिन जब उन्हीं पर हमला होता है तो उनकी सुरक्षा का प्रश्न खड़ा हो जाता है।
वन कर्मचारी संघ ने कहा कि इस मामले में 12 नामजद आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है, जिनमें से अब तक पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। संघ ने मांग की कि शेष सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए।
संघ ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि हमले में शामिल सभी आरोपियों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाए, उन्हें जिला बदर किया जाए तथा उनके अवैध निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई की जाए।
पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वन कर्मचारी संघ प्रदेशव्यापी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में वन कर्मचारी एवं संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।