देवास में हुई एक मोबाइल चोरी ने खोला देश के 5 राज्यों के 22 जिलों में हुई सैकड़ों मोबाइल चोरी का राज़, ऑपरेशन त्रिनेत्रम की एक और प्रभावी सफलता , देवास में हुई चोरी पूर्णतः सीसीटीवी में हुई थी कैद, स्कूटी से अवैध शराब परिवहन करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार , *देवास पुलिस की तत्परता से बची युवक की जान, फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्ति को सुरक्षित निकाला,  *“देवास पुलिस ने किया बकरा चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार

*देवास में हुई एक मोबाइल चोरी ने खोला देश के 5 राज्यों के 22 जिलों में हुई सैकड़ों मोबाइल चोरी का राज़, ऑपरेशन त्रिनेत्रम की एक और प्रभावी सफलता , देवास में हुई चोरी पूर्णतः सीसीटीवी में हुई थी कैद* ।

 

• *₹ 1.5 करोड़ के 400 मोबाइल फोन एवं ₹ 06 लाख नगद बरामद* ।

• *अंतर-राज्यीय स्तर पर कार्यरत संगठित गिरोह के 03 आरोपी गिरफ्तार* ।

• *चोरी गए फोन को विदेशों में तस्करी द्वारा सप्लाई किए जाने की आशंका* ।

• *जप्त मोबाइल 05 राज्यों के 22 जिलों से किए गए थे चोरी* ।

 

पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद द्वारा जिले में चोरी, नकबजनी एवं संपत्ति संबंधी अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने, घटनाओं में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा चोरी गए मश्रुका की बरामदगी सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस द्वारा मोबाईल चोरी की दो घटनाओं में अंतर-राज्यीय गिरोह का खुलासा किया गया है ।

 

*प्रथम घटनाः*- दिनांक 13. सितंबर2026 को फरियादी सोमेश पिता ध्रुव नारायण जोशी, उम्र 28 वर्ष, निवासी जयश्री नगर, देवास एबी रोड स्थित अपना स्वीट्स पर नाश्ता करने गए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी जेब में रखा एंड्रॉइड मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया। फरियादी द्वारा आसपास तलाश करने पर मोबाइल नहीं मिला। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 602/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत दिनांक 15.09.2026 को प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

 

*द्वितीय घटनाः*- फरियादी लकी पिता विजय जलोदकर, उम्र 34 वर्ष, निवासी पीठा रोड, देवास नाश्ते का सामान लेने तिवारी स्वीट्स, पीठा रोड पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़भाड़ का फायदा उठाकर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी शर्ट की जेब में रखा एंड्रॉइड मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया। रिपोर्ट पर से थाना कोतवाली में दिनांक 21.09.2026 को अपराध क्रमांक 635/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

 

“*ऑपरेशन त्रिनेत्रम्” के तहत CCTV फुटेज से खुलती गईं संगठित नेटवर्क की कड़ियांः-*

प्रकरणों की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक देवास श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया । विशेष पुलिस टीम द्वारा “ऑपरेशन त्रिनेत्रम्” के तहत स्थापित CCTV कैमरों के फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण कर मोबाइल चोरी की घटनाओं में शामिल संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों एवं आवागमन की जानकारी एकत्रित की गई । दोनों घटनाओं से प्राप्त साक्ष्यों का आपस में मिलान करते हुए पुलिस टीम ने तकनीकी संसाधनों, मुखबिर तंत्र एवं भौतिक साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान एवं उनके संपर्कों की जांच प्रारंभ की । विवेचना के दौरान मोबाइल चोरी की घटनाओं के पीछे एक बड़े संगठित नेटवर्क की संलिप्तता सामने आई। पुलिस टीम द्वारा लगातार साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ते हुए चोरी करने वाले व्यक्तियों से लेकर चोरी के मोबाइल एकत्रित करने एवं उनकी अवैध खरीद-फरोख्त करने वाले व्यक्तियों तक जांच का दायरा बढ़ाया गया।

 

*तरीका वारदातः*-

आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य विभिन्न राज्यों के भीड़भाड़ वाले बाजारों, रेल्वे स्टेशनों एवं सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह की गतिविधियां मध्यप्रदेश के देवास, इंदौर, उज्जैन, धार एवं छतरपुर, महाराष्ट्र के मुंबई-ठाणे, नासिक, कोल्हापुर, जलगांव, जालना, छत्रपति संभाजीनगर एवं अहमदनगर, गुजरात के अहमदाबाद, वडोदरा, भरूच, नवसारी एवं दाहेज, केंद्र शासित प्रदेश दमन तथा राजस्थान के जयपुर एवं अजमेर सहित विभिन्न स्थानों से जुड़ी होना सामने आया है । चोरी किए गए मोबाइल को गिरोह के सदस्य अलग-अलग माध्यमों से इंदौर निवासी शुभम राठौर तक पहुंचाते थे । शुभम राठौर इस नेटवर्क में मुख्य रिसीवर के रूप में कार्य करते हुए चोरी के मोबाइल एकत्रित कर उनकी आगे अवैध खरीद-फरोख्त करवाता था।

 

*विदेशों में तस्करी द्वारा चोरी के मोबाइल सप्लाय किए जाने की आशंकाः*-

पूछताछ एवं विवेचना में जानकारी सामने आई कि इंदौर में एकत्रित चोरी के मोबाइल को मुख्य रिसीवर शुभम राठौर द्वारा अन्य एजेंटों के माध्यम से विदेशों में तस्करी द्वारा सप्लाई किए जाने की आशंका है  । जिसके संबंध में पुलिस के द्वारा विस्तृत रुप से पूछताछ की जा रही है ।

 

कोतवाली पुलिस ने गिरोह सदस्य मनीष पारदी, सूरज सिंह पारदी एवं चोरी के मोबाइल के मुख्य रिसीवर शुभम राठौर को गिरफ्तार कर प्रकरण में संगठित आपराधिक गतिविधियों एवं चोरी की संपत्ति की अवैध खरीद-फरोख्त से संबंधित तथ्य सामने आने पर धारा 112(2) एवं 317(4) बीएनएस की वृद्धि की जाकर गिरफ्तार आरोपियो से लगभग ₹1.50 करोड़ की राशि के 400 मोबाइल फोन एवं ₹ 06 लाख नगद जप्त किये ।  अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है ।

 

*गिरफ्तार आरोपी के नामः*-

1. मनीष पिता पदम सिंह उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम खलाइडा थाना घटिया जिला उज्जैन हाल मुकाम अलवासा थाना बाणगंगा इंदौर।

2. सूरज सिंह पिता बक्तावर उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम खलाइडा थाना घटिया जिला उज्जैन।

3. शुभम पिता संतोष राठौर उम्र 28 वर्ष निवासी परिवहन नगर इंदौर एवं ऋषि पैलेस द्वारकापुरी इंदौर। (मुख्य रिसीवर)

 

*जप्त मश्रुकाः*-

• विभिन्न कंपनियों के एंड्रॉइड एवं आईफोन सहित 400 स्मार्टफोन, अनुमानित कीमत — ₹1.50 करोड़

• ₹ 06 लाख नगद बरामद ।

कुल ₹ 1.56 करोड़ का मश्रुका जप्त ।

 

*राज्य-जिला*

• *गुजरात*- भरुच,नवसारी,वड़ोदरा,वेस्टर्न रेल्वे वड़ोदरा,अहमदाबाद,

• *दादर व नागर हवेली एवं दमन व दीव*- दमन

• *मध्य प्रदेश*- छतरपुर,देवास,धार,इंदौर ग्रामीण,इंदौर शहर,उज्जैन

•*महाराष्ट्र*- औरंगाबाद,छत्रपति संभाजी नगर शहर,जलगांव,जलना,कोल्हापुर,नासिक ग्रामीण,ठाणे,अहमदनगर

•*राजस्थान*- अजमेर,जयपुर शहर

 

*सराहनीय कार्यः*- उक्त संगठित मोबाइल चोरी नेटवर्क का पर्दाफाश करने में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, उपनिरीक्षक उपेन्द्र नाहर, उपनिरीक्षक हरिशंकर गोदार, प्रधान आरक्षक सुनील देथलिया, हेमंत डाबी, रवि गरोड़ा, आरक्षक पंकज गेहलोत,सूरज,मनीष,अनिल कलोदिया तथा साइबर सेल से प्रधान आरक्षक सचिन चौहान,शिवप्रताप सिंह सेंगर एवं आरक्षक राहुल बडोले की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

 

*देवास पुलिस की आमजन से अपीलः*- सार्वजनिक स्थानों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अपने मोबाइल फोन एवं अन्य कीमती सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। किसी भी अज्ञात व्यक्ति से बिना वैध बिल एवं स्वामित्व की पुष्टि किए मोबाइल फोन न खरीदें। मोबाइल चोरी होने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं तथा संचार साथी पोर्टल के माध्यम से मोबाइल ब्लॉक करवाने की प्रक्रिया अपनाएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 पर दें।

 

*“ऑपरेशन प्रहार” के तहत देवास पुलिस की बड़ी कार्यवाही*

 

  1. स्कूटी से अवैध शराब परिवहन करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

 

 पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के द्वारा संगठित अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाने हेतु सम्पूर्ण जिले में “ऑपरेशन प्रहार” प्रारंभ किया गया है जिसके अंतर्गत अवैध शराब संबंधी अपराध में संलिप्त बदमाशों के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जा रही है ।

इसी क्रम में थाना नाहर दरवाजा देवास को मूखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम राजोदा से बाईपास की और जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक व्यक्ति कत्थई रंग की स्कूटी पर एक झोला आगे और पीठ पर एक बैग में अवैध दारू लेकर आ रहा है। जिस पर से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री गजेन्द्र सिहं वर्धमान के मार्गदर्शन में नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी नाहर दरवाजा श्री आलोक सोनी ने टीम गठित कर फोर्स को मुखबिर द्वारा बताये स्थान पर रवाना किया जहां ग्राम राजोदा से बाईपास की ओर कच्चे रास्ते पर पहुंचे जहाँ घेराबंदी कर एक स्कूटी से दो झोले में 300 क्वार्टर देसी प्लेन शराब  मय आरोपी के पकड़ी गई । जिस पर आरोपी संतोष पिता बलराम गाहा नि विकास नगर देवास के विरुद्ध थाना नाहर दरवाजा देवास में आबकारी एक्ट का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया । जिसकी निशानदेही पर उक्त माल *आरोपी जितेंद्र उर्फ तोतला पिता नारायण बोरीवाल नि भवानी सागर देवास* का होना बताया गया जिसके आधार पर आरोपी जितेंद्र को  विधिवत गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है ।

 

*गिरफ्तार आरोपी का नामः*-

1.संतोष पिता बलराम गाहा उम्र 25 वर्ष नि विकास नगर देवास

2. जितेंद्र उर्फ तोतला पिता नारायण बोरीवाल उम्र 42 वर्ष नि भवानी सागर देवास

 

से 300 क्वार्टर देसी प्लेन शराब मात्रा कुल 54 बल्क लीटर कुल किमती 21000/- रुपये बरामद किए।

 

*सराहनीय कार्य*- उक्सत सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी  आलोक सोनी,उनि राहुल पाटीदार, स. उ.नि सुमरत धुर्वे ,आर श्याम बिहारी शर्मा ,आर रॉबिन सिंह राजावत ,आर रामेंद्र सिंह भदौरिया,आर विकास पटेल की सराहनीय भूमिका रही ।

 

 

*देवास पुलिस की तत्परता से बची युवक की जान, फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास कर रहे व्यक्ति को सुरक्षित निकाला*

 

*थाना बरोठा पुलिस ने सूझबूझ एवं साहस का परिचय देते हुए घर में बंद व्यक्ति का किया सुरक्षित रेस्क्यू, शांति भंग करने पर की वैधानिक कार्यवाही*

 

– *ग्राम रेवाड़ी में परिजनों को घर से बाहर निकालकर स्वयं को कमरे में बंद कर फांसी लगाने का प्रयास कर रहा था व्यक्ति।*

– *डायल-112 पर सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस, सीढ़ी के सहारे छत पर पहुंचकर सुरक्षित निकाला बाहर।*

– *रेस्क्यू के बाद भी परिजनों को धमकाने एवं शांति व्यवस्था भंग करने पर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर भेजा जेल।*

 

*संक्षिप्त विवरणः* पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में आमजन की सुरक्षा, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने हेतु देवास पुलिस द्वारा 360° पुलिसिंग के अंतर्गत निरंतर प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना बरोठा पुलिस ने संवेदनशीलता, साहस एवं सूझबूझ का परिचय देते हुए आत्महत्या का प्रयास कर रहे एक व्यक्ति की जान बचाने के साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने में सफलता प्राप्त की है।

 

कल 21 अक्टूबर को डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम रेवाड़ी में एक व्यक्ति अपने परिजनों को परेशान करते हुए हंगामा कर रहा है। वह समझाइश देने वाले लोगों के साथ मारपीट पर उतारू हो रहा है तथा परिजनों को घर से बाहर निकालकर स्वयं को अंदर बंद कर फांसी लगाने का प्रयास कर रहा है।सूचना की गंभीरता को देखते हुए डायल-112 की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस द्वारा व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालने एवं समझाने का प्रयास किया गया, किंतु वह लगातार स्वयं को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने लगा। इतना ही नहीं, बचाव के लिए आगे बढ़ रहे पुलिसकर्मियों की ओर छत से ईंटें फेंककर रेस्क्यू कार्य में बाधा उत्पन्न करने लगा।

 

*सीढ़ी लगाकर छत पर पहुंची पुलिस, सूझबूझ से बचाई व्यक्ति की जान*

घटनास्थल की गंभीर परिस्थितियों की जानकारी डायल-112 टीम द्वारा थाना प्रभारी बरोठा निरीक्षक सविता सिंह को दी गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तत्काल ग्राम रेवाड़ी पहुंचीं।

 

पुलिस टीम ने मौके की परिस्थितियों का आकलन कर व्यक्ति को बिना कोई नुकसान पहुंचाए सुरक्षित बाहर निकालने की रणनीति बनाई। इसके तहत पुलिसकर्मियों को सीढ़ी की सहायता से सुरक्षित रास्ते से छत पर पहुंचाया गया तथा दोनों ओर से समन्वित प्रयास करते हुए घर का दरवाजा खुलवाकर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस चुनौतीपूर्ण परिस्थिति में पुलिस टीम ने संयम, धैर्य एवं तत्परता का परिचय देते हुए व्यक्ति की जान बचाई।

 

*रेस्क्यू के बाद भी आक्रामक व्यवहार, शांति भंग करने पर वैधानिक कार्यवाही*

सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद पुलिस द्वारा व्यक्ति को शांत करने एवं समझाइश देने का प्रयास किया गया, किंतु वह लगातार उग्र व्यवहार करते हुए अपनी मां एवं पत्नी के साथ मारपीट करने की धमकी देने लगा तथा ग्राम में शांति व्यवस्था भंग करने पर उतारू हो गया।उक्त परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने ग्राम रेवाड़ी निवासी रितिक पिता मोहनलाल पटेल उम्र 35 वर्ष के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल दाखिल कराया गया।

 

*सराहनीय भूमिकाः* उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी बरोठा निरीक्षक सविता सिंह, प्रधान आरक्षक तेजसिंह सिन्हा, प्रधान आरक्षक महेन्द्र रायपुरिया, आरक्षक संजय एवं आरक्षक पवन हनोतिया सहित थाना बरोठा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

 

 *“देवास पुलिस ने किया बकरा चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा, 2 आरोपी गिरफ्तार*

 

*थाना कमलापुर पुलिस ने चोरी गया बकरा एवं वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल सहित कुल ₹50,000 का मश्रुका किया जप्त*

 

– *ग्राम मतमोर में घर से बकरा चोरी करने वाले 02 आरोपियों को कमलापुर पुलिस ने किया गिरफ्तार।*

– *सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान कर चोरी की वारदात का किया खुलासा।*

– *आरोपियों के कब्जे से ₹10,000 कीमत का बकरा एवं ₹40,000 कीमत की मोटरसाइकिल जप्त।*

– *गिरफ्तार दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से भेजा गया जेल।*

 

*संक्षिप्त विवरणः* पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद के निर्देशन में जिले में चोरी, नकबजनी एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा अपराधियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती सौम्या जैन के मार्गदर्शन एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बागली श्री संजय सिंह बेस के निर्देशन में थाना कमलापुर पुलिस ने बकरा चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

 

21 अक्टूबर को सुनीताबाई निवासी ग्राम मतमोर ने थाना कमलापुर पर रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 10. अक्टूबर को प्रातः लगभग 5:00 बजे दो अज्ञात बदमाश उनके घर में बंधे बकरे को चोरी कर ले गए थे। फरियादिया की रिपोर्ट पर थाना कमलापुर में अपराध क्रमांक 310/2026, धारा 331(4), 305(a) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

 

*सीसीटीवी फुटेज एवं मुखबिर तंत्र से आरोपियों तक पहुंची पुलिस*

घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए थाना प्रभारी कमलापुर उप निरीक्षक सर्जन सिंह मीणा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम द्वारा फरियादिया से घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त कर घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र में जांच की गई। विवेचना के दौरान ग्राम में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का विश्लेषण किया गया तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में जानकारी जुटाई गई। प्राप्त साक्ष्यों एवं सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने वारदात में संलिप्त दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया।

 

*चोरी गया बकरा एवं मोटरसाइकिल सहित ₹50,000 का मश्रुका जप्त*

 

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी गया बकरा, जिसकी अनुमानित कीमत ₹10,000 तथा वारदात में प्रयुक्त बिना नंबर की HF डीलक्स मोटरसाइकिल, जिसकी अनुमानित कीमत ₹40,000 है, जप्त की गई। इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल ₹50,000 कीमत का मश्रुका जप्त किया गया।पूछताछ में आरोपियों द्वारा बताया गया कि उन्होंने दशहरे के अवसर पर पार्टी करने के उद्देश्य से बकरा चोरी किया था तथा उसे मारकर बोरे में रखकर ले जाने की योजना बनाई थी।गिरफ्तार दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा गया।

 

*गिरफ्तार आरोपियों का विवरणः*

1. केशर पिता दलसिंह जामले, उम्र 30 वर्ष, निवासी भूरियापुरा/लापलिपुरा, थाना उदयनगर।

2. सरदार पिता धनसिंह, जाति भील, उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम मोखा पिपलिया।

 

*जप्त मश्रुका का विवरणः*

1. चोरी गया 01 बकरा — अनुमानित कीमत ₹10,000।

2. बिना नंबर की HF डीलक्स मोटरसाइकिल — अनुमानित कीमत ₹40,000।

*कुल जप्त मश्रुका — ₹50,000।*

 

*सराहनीय भूमिकाः* उक्त सम्पूर्ण कार्यवाही में थाना प्रभारी कमलापुर उप निरीक्षक सर्जन सिंह मीणा, प्रधान आरक्षक भगवती प्रसाद, अरुण आर्य, आरक्षक अरुण वर्मा एवं दिलीप सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।

 

*चाकू से जानलेवा हमला करने वाले 02 आरोपी महज 24 घंटे में गिरफ्तार*

 

* *मामूली कहासुनी के बाद दो युवकों पर चाकू से किया था जानलेवा हमला, दोनों युवक हुए घायल।*

* *थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार।*

 

*संक्षिप्त विवरणः-* पुलिस अधीक्षक देवास श्री पुनीत गेहलोद द्वारा जिले में गंभीर अपराधों में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु सख्त एवं त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए हैं।

 

 21 अक्टूबर की रात्रि लगभग 3:30 बजे थाना औद्योगिक क्षेत्र अंतर्गत मल्हार की आड़ी पट्टी स्थित भैरू बाबा मंदिर के समीप मामूली कहासुनी को लेकर हुए विवाद में दो युवकों पर आरोपियों द्वारा चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार हेतु अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से एक घायल का वर्तमान में अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के संबंध में फरियादी की रिपोर्ट पर थाना औद्योगिक क्षेत्र देवास में अपराध क्रमांक 938/2026, धारा 109(1), 118(1), 296(बी), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री गजेन्द्र सिंह वर्धमान के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक देवास श्री सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक अमित सोलंकी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश प्रारंभ की गई। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना में संलिप्त दोनों आरोपियों की पहचान कर घटना के महज 24 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। प्रकरण में अग्रिम विवेचना एवं वैधानिक कार्यवाही जारी है।

 

*गिरफ्तार आरोपीः*-

1. प्रकाश रघुवंशी पिता राजकुमार रघुवंशी, उम्र 21 वर्ष, निवासी चाणक्यपुरी मल्टी, थाना सिविल लाइन, देवास।

2. योगेश उर्फ गोगा उर्फ छोटू पिता शंकरलाल चौहान, उम्र 18 वर्ष 07 माह, निवासी फौजी नगर, देवास।

 

*सराहनीय भूमिकाः*- उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक श्री अमित सोलंकी, उप निरीक्षक गौरव नगावत, आरक्षक लक्ष्मीकांत, आरक्षक मातादीन एवं आरक्षक अर्पित की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।

 

WhatsApp WhatsApp Group