शिविर से पहलेप्रभारी कलेक्टर श्री दलीप कुमार ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का किया निरीक्षण*, छोटे बच्चों के बीच बन गए शिक्षक हल कर आए गणित के कई सवाल *आंगनवाड़ी, उप स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, उचित मूल्य दुकान एवं नव निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

← Back

Thank you for your response. ✨

¤शिविर से पहलेप्रभारी कलेक्टर श्री दलीप कुमार ने विभिन्न शासकीय संस्थाओं का किया निरीक्षण*, छोटे बच्चों के बीच बन गए शिक्षक हल कर आए गणित के कई सवाल

 

*आंगनवाड़ी, उप स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, उचित मूल्य दुकान एवं नव निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का लिया जायजा*

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत टोंकखुर्द के चिड़ावद में आयोजित शिविर के पहले प्रभारी कलेक्टर श्री दलीप कुमार ने उप-स्वास्थ्य केंद्र कमला, आंगनवाड़ी केंद्र, माध्यमिक विद्यालय कमला, शासकीय उचित मूल्य दुकान टोंककला एवं नव निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिड़ावद का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विभिन्न सेवाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

*गणित के प्रश्न स्वयं बोर्ड पर लिखकर विद्यार्थियों से हल करवाए*

प्रभारी कलेक्टर श्री दलीप कुमार ने माध्यमिक विद्यालय कमला का निरीक्षण कर प्राचार्य से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की संख्या के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में पूछा। उन्होंने बच्चों से उनके पसंदीदा खेल, मध्यान्ह भोजन में मिलने वाले भोजन की गुणवत्ता के संबंध में भी जानकारी ली। विद्यार्थियों ने कविताएं और एबीसीडी भी सुनाई। प्रभारी कलेक्टर श्री कुमार ने स्मार्ट टीवी के माध्यम से पढ़ाई होने के संबंध में जानकारी प्राप्त की तथा विद्यार्थियों से विज्ञान एवं गणित के प्रश्न पूछे। उन्होंने गणित के प्रश्न स्वयं बोर्ड पर लिखकर विद्यार्थियों से हल करवाए और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया।

*आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों की उपस्थिति एवं सुविधाओं का लिया जायजा*

प्रभारी कलेक्टर श्री दलीप कुमार ने आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से केंद्र में दर्ज बच्चों की संख्या एवं उपस्थिति की जानकारी ली। उन्होंने उपस्थिति रजिस्टर की जांच की तथा बच्चों को समय पर टेक होम राशन (टीएचआर) मिल रहा है या नहीं, इसकी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने केंद्र में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा परिसर में घास कटाई एवं साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए।उन्होंने बच्चों से संवाद कर केंद्र में आयोजित की जाने वाली गतिविधियों के संबंध में जानकारी ली और बच्चों ने कविता तथा एबीसीडी सुनाई। प्रभारी कलेक्टर श्री कुमार ने क्षेत्र में हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की स्थिति की जानकारी लेते हुए आवश्यक निगरानी के निर्देश दिए।

*उप स्वास्थ्य केंद्र कमला में दवाइयों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा*

उप स्वास्थ्य केंद्र कमला के निरीक्षण के दौरान प्रभारी कलेक्टर श्री कुमार ने सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) से पदस्थ स्टाफ की संख्या, वर्तमान में आने वाले मरीजों तथा उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने दवाई स्टॉक एवं स्टॉक रजिस्टर का अवलोकन कर दवाइयों की उपलब्धता की स्थिति जानी। साथ ही एएनसी पंजीयन रजिस्टर की जांच कर चिन्हित हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों के साथ गर्भवती महिलाओं से संबंधित आंकड़ों का मिलान करने तथा समय-समय पर संयुक्त बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए, ताकि गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इसके अलावा, वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों की रोकथाम के लिए गांव में आवश्यक दवाइयों का छिड़काव कराने के निर्देश भी दिए।

*शासकीय उचित मूल्य दुकान टोंककला में राशन वितरण की जांच*

प्रभारी कलेक्टर श्री कुमार ने शासकीय उचित मूल्य दुकान टोंककला का निरीक्षण कर उपलब्ध खाद्यान्न स्टॉक की जानकारी ली तथा स्टॉक का मिलान किया। उन्होंने वितरित किए गए राशन की जानकारी भी प्राप्त की। साथ ही उपस्थित नागरिकों से चर्चा कर राशन वितरण की वस्तुस्थिति जानी।

*नव-निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिड़ावद का निरीक्षण*

प्रभारी कलेक्टर श्री दलीप कुमार ने नव-निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिड़ावद का निरीक्षण कर विभिन्न वार्डों का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा प्रतिदिन होने वाली ओपीडी के संबंध में जानकारी प्राप्त की। निरीक्षण के दौरान प्रभारी कलेक्टर श्री कुमार ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शासकीय संस्थाओं में व्यवस्थाएं सुचारू बनाए रखने, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने तथा आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

WhatsApp WhatsApp Group