शराब कांड पर भाजपा का कांग्रेस पर तीखा हमला, रायसिंह सैंधव बोले—‘ज़हर बांटने वाले आज मासूमियत का ढोंग रच रहे हैं’
– भाजपा जिला अध्यक्ष का आरोप- कांग्रेस पहले अपने नेताओं से जुड़े सवालों का दे जवाब, फिर दूसरों पर उठाए उंगली·
देवास। देवास के शराब कांड को लेकर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. रायसिंह सैंधव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि एक ओर जहरीली शराब मामले में रसायन और थिनर की कथित सप्लाई को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस आरोप लगाकर जनता की हमदर्द बनने की कोशिश कर रही है। सैंधव ने कांग्रेस से सवाल किया कि आखिर मासूम लोगों की मौत के मामले में जिम्मेदारी तय करने के बजाय राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप क्यों किए जा रहे हैं?
डॉ. सैंधव ने आरोप लगाया कि जहरीली शराब तैयार करने में इस्तेमाल किए गए केमिकल और थिनर की सप्लाई इंदौर से हुई थी। उन्होंने इस सिलसिले में मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता आनंद कासलीवल के बेटे अमन कासलीवल का नाम लेते हुए कांग्रेस से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। भाजपा जिला अध्यक्ष ने कांग्रेस की राजनीतिक भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या कांग्रेस अपनी बची हुई राजनीति को चमकाने के लिए मासूम लोगों की चिताओं का सहारा ले रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार को बदनाम करने के लिए अनर्गल आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि कांग्रेस को पहले अपने नेताओं से जुड़े सवालों का जवाब देना चाहिए।
‘दूसरों पर उंगली उठाने से पहले अपने गिरेबान में झांके कांग्रेस’-
डॉ. सैंधव ने कहा कि दूसरों पर आरोप लगाने से पहले कांग्रेस को अपने स्तर पर उठ रहे सवालों का जवाब देना चाहिए। गंभीर मामले में राजनीतिक बयानबाजी से अधिक जरूरी है कि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने आए। भाजपा जिला अध्यक्ष ने जोर देते हुए कहा कि कानून अपना काम कर रहा है और जहरीली शराब के कारोबार में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
चंदाना-बिंजाना में मौतों की निष्पक्ष जांच हो, अवैध शराब कारोबार पर लगे रोक : महिला कांग्रेस
कलेक्ट्रेट में राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, पीड़ित परिवारों को सहायता देने की मांग
देवास। ग्राम चंदाना एवं बिंजाना में शराब के सेवन से हुई मौतों के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने की मांग को लेकर महिला कांग्रेस जिला देवास ग्रामीण ने जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष श्रुति बघेल के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट में राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी रोक लगाने तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। सोशल मीडिया प्रभारी राहुल सिंह ठाकुर खोखरिया ने बताया कि ग्राम चंदाना एवं बिंजाना में शराब के सेवन से हुई मौतों की घटनाएं गंभीर और चिंताजनक हैं। इन घटनाओं से पीड़ित परिवारों को गहरा दुख पहुंचा है। ज्ञापन में कहा गया कि अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं के भविष्य और समाज की सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि दोनों गांवों में हुई मौतों के मामलों की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराई जाए। अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही मादक पदार्थों की बिक्री एवं तस्करी पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। महिला कांग्रेस ने अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को संरक्षण देने वालों की भूमिका की जांच करने, संबंधित विभागों की जवाबदेही तय करने, नियमित निगरानी एवं छापेमारी करने तथा प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की मांग भी की। संगठन ने भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाकर उसका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने का आग्रह किया। इस दौरान साधना प्रजापति, मीणा अली फानी, मेघा चौहान, सुलोचना कोटरिया, दिपेश हरोड़े, कृष्णा बाई मालवीय, सेजल पटेल, वंदना पांडे, कविता पांडे, बलवान सिंह चौहान, राहुल ठाकुर, शाबाश शेख, शाहिद खान, समीर शाह, कृष्णा बाई एवं प्रीति विश्वकर्मा सहित अन्य उपस्थित थे।
