*कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने हाटपीपल्या तहसीलदार न्यायालय का किया निरीक्षण: कार्यों में लापरवाही पर तहसीलदार और रीडर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश*
*तीन माह से अधिक समय से लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर प्राथमिकता से करें निराकरण: कलेक्टर श्रीमती मीना*
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने बुधवार को हाटपीपल्या तहसीलदार न्यायालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान न्यायालयीन कार्यप्रणाली में अनियमितताएं एवं विलंब पाए जाने पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए तहसीलदार और रीडर को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने निरीक्षण के दौरान तहसीलदार न्यायालय में प्रचलित राजस्व प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने तीन माह से अधिक समय से लंबित समस्त राजस्व प्रकरणों को चिन्हित कर उनका सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि समस्त राजस्व प्रकरणों को अनिवार्य रूप से आरसीएमएस पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाए तथा प्रकरणों के निराकरण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।
अभिलेखों के अवलोकन के दौरान न्यायालय में कई प्रकरण ऑनलाइन दर्ज नहीं किए गए थे, और प्रकरणों में एक-एक माह की लंबी पेशियां निर्धारित की जा रही थीं तथा पटवारी रिपोर्ट प्राप्त हो जाने के उपरांत भी प्रकरणों का अंतिम निराकरण लंबित रखा गया था। इस पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने तहसीलदार और रीडर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
*कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने किया शासकीय विमुक्त जाति बालक आश्रम का निरीक्षण*
*लापरवाही पाए जाने पर बालक आश्रम अधीक्षक, तीन शिक्षकों एवं जनशिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश*
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने शासकीय विमुक्त जाति बालक आश्रम, धानीघाटी का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान बालक आश्रम के अधीक्षक बिना अनुमति अनुपस्थित पाए गए, जिसपर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार तीन शिक्षक अनुपस्थित पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। बालक आश्रम में निरीक्षण के दौरान मात्र 10 बच्चे उपस्थित पाए जाने पर संबंधित जनशिक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने छात्रावास की खिड़कियों की जालियों की मरम्मत कराने तथा परिसर में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए छात्रावास में प्रवेश के लिए पात्र बच्चों के चिन्हांकन के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र बच्चों को छात्रावास की सुविधा का लाभ मिल सके। इस दौरान अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।







