Blog
-

पार्षद की खाली कुर्सी को सौंपा ज्ञापन, पार्षद का पलटवार, पूर्व पार्षद प्रतिनिधि कर रहे नोटंकी, यातायात का ज्ञापन नगर निगम देने पहुंचे कांग्रेसी- पार्षद गणेश पटेल
देवास। वार्ड 16 बिंजाना क्षेत्र के सैकड़ों रहवासी क्षेत्र में व्याप्त अतिक्रमण, नाली निर्माण व रोड पर ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर नगर निगम पहुंचे। नगर निगम कमिश्नर को ज्ञापन देने के दौरान कोई भी जवाबदार अधिकारी ज्ञापन लेने नहीं आए वार्डवासियों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान नगर निगम में कोई भी जवाबदार अधिकारी व नेतागण मौजूद नही थे। महापौर और सभापति अपने-अपने कार्यालय से नदारद थे। पश्चात सभी क्षेत्रवासी वार्ड पार्षद गणेश पटेल (अध्यक्ष लोक निर्माण विभाग) को क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराने उनके नगर निगम स्थित कार्यालय पहुंचे। जहां पार्षद के मौजूद नहीं होने पर नारेबाजी कर पार्षद की खाली कुर्सी को ज्ञापन सौंपा। अंत में क्षेत्रवासियों ने नगर निगम उपायुक्त पुनीत शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया। नगर निगम उपायुक्त ने 7 दिनों में समस्याओं का निराकरण करने का आश्वासन दिया गया। यदि 7 दिनों में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रवासियों द्वारा नगर निगम का घेराव आंदोलन किया जाएगा। पूर्व पार्षद प्रतिनिधि कर रहे नोटंकी, यातायात का ज्ञापन नगर निगम देने पहुंचे कांग्रेसी- पार्षद गणेश पटेल देवास। वार्ड क्रमांक 16 के कुछ कांग्रेसी गुरुवार को नगर निगम में यातायात की समस्या को लेकर नगर निगम ज्ञापन देने पहुंचे थे। जिस पर वार्ड पार्षद गणेश पटेल ने कहा कि वार्ड में किसी भी प्रकार की मूलभूत समस्या नही है। कुछ समस्या है जिनका कार्य प्रगति पर है। पूर्व कांग्रेस पार्षद प्रतिनिधि मुकेश शर्मा के नेतृत्व में कुछ वार्ड के कांग्रेसी कार्यकर्ता नगर निगम पहुंचे थे। जितने भी लोग नगर निगम पहुंचे, सभी कांग्रेसी थे। पार्षद पटेल ने बताया कि पूर्व पार्षद प्रतिनिधि मुकेश शर्मा द्वारा वार्ड में काफी रूपयो का पूर्व में भ्रष्टाचार किया गया है। जिसे छुपाने के लिए ये कांग्रेसी नेता जनता भ्रमित करने में लगा है। ज्ञापन में मुख्य समस्या यातायात की थी। यातायात की समस्या का निराकरण ट्रैफिक पुलिस के हाथों में होता है। जो कांग्रेसी वार्ड वासियों को भ्रमित कर रहे है उन्हें पता ही नही है कि ज्ञापन किस बात का है। विगत दिनों वार्ड में एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। जिसको लेकर हाथापाई भी हुई थी। इन लोगों को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपना था, लेकिन वार्ड की समस्या का बहाना लेकर नगर निगम पहुंच गए। ट्रैफिक की समस्या में पार्षद की क्या भूमिका है। इन लोगों को ट्राफिक पुलिस को ज्ञापन देना था, जबकि मुझे बदनाम करने की नियत से मेरे कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंच गए। पार्षद गणेश पटेल ने बताया कि जैसे ही मुझे पता चला कि वार्ड के लोग ज्ञापन देने पहुंचे है तो मैं तुरंत नगर निगम स्थित कार्यालय पहुंचा और ज्ञापन लेकर चर्चा की। पार्षद ने बताया कि मेरे द्वारा विधायक गायत्री राजे पवार, महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल एवं सभापति रवि जैन के सहयोग से करोड़ों रूपए का विकास कार्य वार्ड में चल रहा है। जिसे मौके पर जाकर देखा भी जा सकता है ।
-

मंत्रीजी को सूट नहीं कर रहा 50 लाख का नीलम, भाजपा की दो सुदर्शनाएं , साहबों की लड़कियों का तलाक दुखद है! भाजपा के खजांची का ‘गिव एंड टेक’ फार्मूला, टी आई साहब का जलवा है , (प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार महेश दीक्षित जी का लोकप्रिय कॉलम साप्ताहिक स्तम्भ ‘नारद संहिता)
———————————————– ———————————————– मंत्री जी को सूट नहीं कर रहा 50 लाख का नीलम मध्यप्रदेश सरकार के एक कद्दावर मंत्री, जो कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सबसे करीबी हैं, को शिवराजजी के साथ रहते-रहते रात में भी मुख्यमंत्री बनने के सपने आने लगे हैं। लेकिन समस्या यह आ रही है कि, जब तक शिवराजजी हटते नहीं, उनका मुख्यमंत्री बनने का रास्ता क्लीयर होता नहीं। मंत्रीजी इसी राजनीतिक तिकड़म में थे कि, आखिर क्या किया जाए? इसी बीच एक ज्योतिषी ने सलाह दे दी कि, यदि मंत्रीजी को मिडिल फिंगर में नीलम (रत्न) धारण करा दिया जाए, तो मुख्यमंत्री की कुर्सी की राह निष्कंटक हो सकती है। बस फिर क्या था, मंत्रीजी को 50 लाख रुपए का नीलम धारण करा दिया गया। लेकिन यह क्या? बताते हैं कि जब से मंत्रीजी ने नीलम धारण किया है, तब से उनके जीवन में सब उल्टा-पुल्टा हो रहा है। नीलम धारण करने के बाद से ही मंत्रीजी की फजीहत होना शुरू हो गई है। विपक्षी और साथी मंत्री उन्हें कुर्सी से उतारने आमदा हो रहे हैं। नारदजी कहते हैं कि नीलम किसी को सूट कर जाए तो उसकी किस्मत में चार चांद लगा देता है और सूट न करे, तो व्यक्ति को राजा से रंक भी बना देता है।
—- भाजपा की दो सुदर्शनाएं मध्यप्रदेश भाजपा में दो सुदर्शनाओं- भक्ति शर्मा और नेहा बग्गा की बुलंदियों ने कई पुराने और जमीनी नेताओं के राजनीतिक सितारे गर्दिश में पहुंचा दिए हैं। इनका कोई राजनीतिक आधार नहीं था, बावजूद इसके भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से अच्छे संबंध और केन्द्रीय नेताओं में गहरी पैठ के चलते भक्ति शर्मा भाजयुमो की राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य और नेहा बग्गा भाजपा संगठन की प्रदेश प्रवक्ता बना दी गईं। अब खबर है कि पार्टी भाजपा के लिए सबसे मुश्किल सीट भोपाल उत्तर पर भक्ति शर्मा और भोपाल मध्य विधानसभा सीट पर नेहा बग्गा पर दांव लगा सकती है। नारदजी कहते हैं कि, दोनों सुदर्शनाओं को राजनीतिक एक्सपोजर क्यों दिया जा रहा है, यह तो भाजपा हाईकमान जाने? लेकिन इन सुदर्शनाओं की राजनीतिक महत्वाकांक्षा को पंख लगाने से पार्टी के भीतर बहुतेरी कलह की आशंकाएं जरूर बढ़ गई हैं।
—– साहबो की लड़कियों का तलाक दुखद है भगवान ऐसा किसी की भी बेटी के साथ न हो…जिन बेटियों के साथ ऐसा वाक्या हुआ अत्यंत दुखद है। दरअसल, हम बात कर रहे हैं मध्यप्रदेश के उन तीन पूर्व आईएएस अधिकारियों की, जो कभी मप्र की भाजपा सरकार की नाक का बाल कहे जाते थे। जिनका सरकार में रसूख चलता था। इन तीनों आईएएस के परिवारों में एक जैसा दुखद वाक्या हुआ है। इन तीनों आईएएस की शान-ओ-शौकत में पली बेटियों को तलाक के दौर से गुजरना पड़ा है। इनमें से एक साहब ने तो अपनी बेटी का विवाह करोड़ों रुपए खर्च कर इतने शाही अंदाज में किया था, जिसकी प्रदेशभर में चर्चा हुई थी। तथा ये साहब अपनी बेटी को ससुराल भेजने के बजाय दामाद को घर जमाई बनाकर लाए थे। भगवान बेटी दे, लेकिन ये दिन कभी न दिखाए। नारदजी की सिम्पैथी तीनों साहबों और उनकी बेटियों के साथ है।
—- भाजपा के खजांची का गिव एंड टेक फॉर्मूला मप्र भाजपा मुख्यालय में जब से नए खजांचीजी आए हैं, पार्टी के संस्कार, हिसाब-किताब सब बिगड़ रहे हैं। खजांची ने मुख्यालय में’ गिव एंड टेक’ का फार्मूला चला रखा है। जिससे मुख्यालय के कर्मचारी, कार्यकर्ता-पदाधिकारियों से लेकर पार्टी के लिए काम करने वाली एजेंसियां सब परेशान हैं। इन खजांची के आते ही सबसे पहले पार्टी मुख्यालय में बाहर से आने वाले कार्यकर्ताओं-नेताओं की मेहमाननवाजी में कटौती की गई। पार्टी की ओर से (नि:शुल्क) दिया जाने वाला चाय-नाश्ता यह कहकर बंद कर दिया गया कि, खर्च बहुत हो रहा है। इसके साथ, जो एजेंसियां वर्षों से पार्टी की इमेज बिल्डिंग के लिए काम कर रही हैं। मुख्यालय में दूध-शक्कर, किराना और अन्य सामान की सप्लाई करती हैं, उनके भुगतानों में अड़ंगे लगाने शुरू कर दिए गए। नारदजी कहते हैं कि जब ‘गिव एंड टेक’ का फार्मूला चलेगा, तो पार्टी के संस्कार और हिसाब-किताब बिगड़ना स्वाभाविक है।
— टीआई साहब का जलवा है राजधानी से लगी औद्योगिक नगरी मंडीदीप की सीमा पर स्थित पुलिस थाने के टीआई साहब के रसूख और जलवे की इन दिनों पुलिस मुख्यालय से लेकर राज्य मंत्रालय तक चर्चाएं हैं। बताते हैं कि, टीआई साहब भाजपा संगठन के एक बड़े पदाधिकारी के करीबी रिश्तेदार हैं। सो इसका टीआई साहब को साफ्ट कार्नर मिला हुआ है। इनके खिलाफ तमाम तरह की शिकायतें हैं। बावजूद इसके महकमे का कोई अफसर इनके कान उमठने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा है। नारदजी को एक मुखबिर ने बताया कि, टीआई साहब का रुतबा ऐसा कि, मंडीदीप-भोपाल सामान लाने-लेजाने वाला कोई भी ट्रक-वाहन थाने को बिना चुंगी भरे गुजर जाए ऐसा हो नहीं सकता। कुल मिलाकर टीआई साहब के हाथ-पैर घी में और सिर कढ़ाई में डूबा हुआ है। फिर सैंया भये कोतवाल तो डर काहे का…! ————- Email Id-maheshdixit66@gmail.com/(mb)-9893566422
-

प्लाट मालिक ने पेड़ को शिफ्ट करने के लिए स्वयं दिया आवेदन, कहा जो भी खर्च होगा करेंगे (पर्यावरण के प्रति जागरूकता)
देवास। नगर निगम के पर्यावरण संरक्षण के कार्यक्रमों से प्रेरित होकर पेडो की सुरक्षा हेतु आमजन में जागरूकता फैल रही है। इसका उदाहरण बुधवार को महापौर जनसुनवाई में भी देखने को मिला। यहां एक ऐसा आवेदन प्राप्त हुआ, जिसमें हरेभरे पेड़ को शिफ्ट करने की मांग प्लाट मालिक ने स्वयं की। प्लाट मालिक ने शिफ्टिंग में होने वाले खर्च को वहन करने की बात भी आवेदन में कही। नगर निगम में जनसुनवाई के दौरान कई आवेदन प्राप्त हुए। महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल ने आवेदनों के निराकरण के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया। महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल भी जनसुनवाई में उपस्थित रहे। उन्होंने भी आवेदकों की समस्या सुनी और निराकरण का आश्वासन दिया। पेड़ को बचाने का यह आवेदन में रुक्मणि रघुवंशी ने दिया है। रुक्मणि ने बताया कि हमारा प्लाट आनंद बाग में है। महापौर जी ने स्वयं 23 मई को पुत्र अखिलेश को भवन अनुज्ञा का प्रमाण पत्र दिया था। हमारे प्लाट के आगे नाले के पास इमली का पेड़ है। यह पेड़ हमारे प्लाट के सीमांकन में ही है। इस पेड़ को अन्यत्र शिफ्ट करवा दीजिए। इस कार्य में नगर निगम का जो भी खर्च होगा, उसे हम वहन कर देंगे। महापौर श्रीमती अग्रवाल ने इस आवेदन पर तत्काल कार्रवाई के लिए उद्यान प्रभारी दिनेश चौहान को निर्देश दिए इसी प्रकार सामाजिक कार्यकर्ता रामकिशन बंजारे व आरबी भाई पटेल ने अंबेडकर भवन की मरम्मत करवाने को लेकर आवेदन दिया। आवेदन का त्वरित निराकरण करते हुए महापौर ने इस संबंध में नगर निगम लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया। साथ ही वार्ड क्रमांक 28 के पार्षदभूपेश ठाकुर द्वारा वार्ड मे बेकलेन एवं बडे नालो की सफाई का आवेदन देकर महापौर से चर्चा की महापौर द्वारा स्वास्थ्य अधिकारी जितेन्द्र सिसोदिया को तत्काल प्लान तैयार कर तत्काल नाला सफाई करवाना सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। इस अवसर पर निगम यातायात एवं परिवहन विभाग समिती अध्यक्ष मुस्तुफा अंसार एहमद हाथी वाले, पार्षद सोनू परमार, पार्षद प्रतिनिधि राज वर्मा, निगम उपायुक्त लोकेन्द्रसिह सोलंकी, उपायुक्त वित्त पुनित शुक्ला, कार्यपालन यंत्री नागेश वर्मा, सहायक यंत्री इंदुप्रभा भारती, जगदीश वर्मा, सौरभ त्रिपाठी, कार्यालय अधिक्षक अशोक उपाध्याय, राजस्व अधिकारी प्रवीण पाठक, प्रदीप शास्त्री, स्वास्थ्य निरीक्षक हरेन्द्रसिह ठाकुर आदि सहित नागरिकगण उपस्थित रहे।






