देवास। विप्पी इंडस्ट्रीज कर्मचारी साख सहकारी संस्था मर्यादित देवास संस्था के श्रमिकों एवं पदाधिकारियों ने उनके साथ हुई धोखाधडी को लेकर मानव अधिकार प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव संदीप उपाध्याय और प्रदेश सचिव विशाल गुजेवार से मुलाकात कर आवेदन देते हुए समस्याओं से अवगत कराया। पूर्व अध्यक्ष रतनसिंह, गौतमसिंह, विजय खरनाल, चिंतामण मंकुड़ी, स्व. मोहनसिंह चौहान एवं पूर्व प्रबंधक लेखापाल स्व. रमेशचन्द्र तिवारी आदि लोगों द्वारा श्रमिकों के वेतन से हर माह होने वाली कटौती करके संस्था में जमा होने वाली राशि लगभग 71 लाख रुपये, फीक्स डिपॉजिट की राशि 70 लाख रुपये एवं जमा राशि व एफ. डी. पर मिलने वाली ब्याज की राशि को मिलाकर कुल 1.5 करोड़ रुपये से अधिक का गबन किया गया है। आवेदन के साथ दिये गये साक्ष्यों को देखने के पश्चात मानव अधिकार प्रकोष्ठ ने श्रमिकों को न्याय दिलवाने हेतु मानव अधिकार आयोग भोपाल, प्रमुख सचिव सहकारिता वल्लभ भवन भोपाल, आयुक्त कार्यालय-सहाकारिता एवं पंजीकरण सहकारी संस्थायें विध्याचल भवन भोपाल, संयुक्त आयुक्त कार्यालय उज्जैन एवं उपायुक्त कार्यालय देवास में सभी साक्ष्यों को फाईल कर आवेदन दिये। जिसके पश्चात मंत्रालय एवं सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारियों ने संयुक्त आयुक्त उज्जैन श्री दिक्षित एवं उपायुक्त सहकारिता देवास के परमानंद गोडरिया को भोपाल उच्च कार्यालय में संस्था के दस्तावेजो, अभिलेखों सहित तलब किया। तदोपरांत सहकारिता विभाग द्वारा उच्चाधिकारियों द्वारा दिये गये निर्देशानुसार संस्था के स्थापना वर्ष 2001 से वर्ष 2023 तक का स्पेशल ऑडिट किया गया। जिसमें मात्र 55 लाख रुपये की आर्थिक अनियमितता/गबन पाई गई। इसमें उल्लेखनीय यह है कि विशेष ऑडिट करने वाले अधिकारियों ने पूर्व वित्तीय वर्षों में ऑडिट करके किसी प्रकार की राशि गबन नहीं बताई थी। अब उन्हीं वित्तीय वर्षों में गबन घोटाले होने की रिपोट उच्च अधिकारियों को दी। विशेष ऑडिट भी वर्ष 2014 से 2023 तक ही किया गया, क्योंकि उपायुक्त कार्यालय द्वारा जानकारी मांगने पर बताया गया कि वर्ष 2001 से 2013 तक के कोई भी दस्तावेज ऑडिट के लिये उपलब्ध नहीं है। दस्तावेज रिकार्ड से गायब है। संस्था में भ्रष्टाचार के आरोपी स्व. रमेशचंद्र तिवारी के पुत्र अरुण कुमार तिवारी ने एक शपथ पत्र संपादित करके दिया गया है। जिसमें रमेशचंद्र तिवारी द्वारा 30 लाख रुपए की राशि गबन करना स्वीकार किया एवं 10-10 लाख के तीन चेक भी दिए गए, किंतु अब अरूण तिवारी भी पैसे जमा करने से मना कर रहे है। इस प्रकार से घोटाला करने वाले संस्था के पूर्व पदाधिकारियों पर सहकारिता विभाग द्वारा उचित कार्यवाही न करने पर हमारे द्वारा लगभग 90 श्रमिकों से सी.एम. हेल्पलाईन पर शिकायत करवाई गयी। जिसके पश्चात संस्था के भ्रष्ट पदाधिकारी, कंपनी मालिक एवं उपायुक्त कार्यालय सहकारिता देवास के कुछ भ्रष्ट अधिकारियों द्वारा श्रमिकों की आवाज को दबाने का प्रयास निरंतर किया जा रहा है। सहकारिता विभाग देवास के वरिष्ठ अधिकारी विनोद सरयाम द्वारा सी.एम. हेल्पलाईन पर शिकायत करने वाले श्रमिकों को फोन लगाकर श्रमिकों को शिकायत बंद करवाने का दबाव बनाया जा रहा है। संस्था के सदस्य या कोई अन्य व्यक्ति उपायुक्त सहाकारिता देवास कार्यालय एवं जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक देवास में सूचना के अधिकार के तहत कोई जानकारी विधिवत प्रारूप में मांगी जाती है तो इन दोनो विभागों द्वारा कोई जानकारी प्रदाय नहीं कि जाती है। जिससे स्पष्ट होता है। सहकारी बैंक व सहकारिता कार्यालय देवास की सांठगांठ एवं भ्रष्टाचार करने के कारण जानकारीयाँ छुपाई जा रही है। शीघ्र ही मानव अधिकार प्रकोष्ठ के पदाधिकारी मुख्यमंत्री, सहकारिता मंत्री एवं लोकायुक्त के उच्च अधिकारियों को इस संबंध में अवगत करायेंगे एवं उपायुक्त कार्यालय सहकारिता विभाग देवास में वर्षों से अंगद के पाँव की तरह जमकर बैठे भ्रष्ट अधिकारियों पर भी कड़ी कार्यवाही करवाई जायेगी। इसी तरह के गबन घोटाले का आवेदन त्रिलोक नगर गृह निर्माण सहकारी साख संस्था देवास एवं विक्रम साख सहकारी संस्था देवास में हुए करोड़ो रुपये के घोटाले/गबन की जाँच भी करवाई जायेगी। जिससे भ्रष्टारियों पर अंकुश लग सके। अत: जिम्मेदार अधिकारी ईमानदारी एवं सत्यता से इस घोटाले को उजागर कर अधिकारियों एवं सहकारी संस्था के पदाधिकारियों पर कड़ी कार्यवाही कर शीघ्र ही श्रमिकों उनके परिश्रम से कमाया गया पैसा वापिस दिलवाने का कष्ट करें।
Blog
-

देवास-उज्जैन फोरलेन एनएचआई रोड पर जनता टोल टैक्स देने के बाद भी गुजरती हैं अंधेरे में- शिवसेना
देवास। जनता देवास-उज्जैन फोरलेन एनएचआई रोड पर टोल टैक्स देने के बाद भी अंधेरे में गुजरती हैं। शिवसेना जिला उपाध्यक्ष शेर सिंह परमार ने बताया कि नागुखेड़ी फ्लावर के नीचे और ऊपर की रात्रि में पोल लाइट बंद पड़ी है, बता दें की रोड निर्माण कंपनी रात्रि में 12 से लाइट बंद करती हैं, तो फिर दूसरे दिन रात 7 बजे लाइट चालू करते हैं, फिर वह दूसरे दिन रात्रि 12 बजे फिर बंद कर देते हैं। जबकि लाइट रातभर ब्रिजों की लाइट चालू रखना कंपनी की नियमित जिम्मेदारी है और इसका टोल टैक्स भी जनता से लिया जाता है। जानकारी यह भी मिल रही है कि हजारों लाखों रुपए का बिजली का बिल कंपनी इसके माध्यम से बचा रही है। शिवसेना जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा ने बताया कि मुझे लगातार ग्रामीणों के माध्यम से शिकायत प्राप्त हो रही थी कि रात्रि में 12 बजते ही बांगर स्थित ब्रिज और बैरागढ़ स्थित ब्रिज अन्य फ्लाईओवर पर रात्रि में लाइट बंद हो जाती है। पहले तो ग्रामीणों को लगा था कि हो सकता हूं किसी कारणवश लाइट चली जाती है, लेकिन लगातार बंद रहते हुए वह सुबह तक लाइट नहीं चालू होती तो मामला गंभीर होता गया। इस लाइट बंद हो जाने के कारण क्षेत्र में चोरियों की घटना और एक्सीडेंट की घटना बढऩे लगी। लाइट बंद रखने के पीछे रोड निर्माण कंपनी अपना बिजली का बिल बचाने के लिए यह कार्य करती है, जिससे उसका महीनो का हजारों लाखों का बिल बच जाए। नागुखेडी होटल संचालक अरुण चौहान ने बताया कि रात्रि में नागुखेड़ी फ्लाईओवर के ऊपर व नीचे, लाइट पूरी तरह से बंद रही। जिसके कारण पांच से अधिक एक्सीडेंट हो गए, कुछ दिन पहले बांगर ब्रिज के नीचे रहवासी अकबर भाई के घर जो सर्विस रोड पर है ब्रिज की लाइट कई महीनो से रात 12 बजे से बंद होने के कारण चोर इस का फायदा उठाते है। चोरों ने उनके घर से बकरा-बकरी चुरा लिए। टोल टैक्स के पास फ्लाईओवर के पास बांगर निवास करने वाले अंकित विश्वकर्मा ने बताया कि फ्लावर और बैरागढ़ ब्रिज की लाइट भी रात में 12 बजे बंद कर देते हैं। हमारा घर पास में होने के कारण जब एक्सीडेंट होते हैं तो बड़ी परेशानी होती है। एक तरफ अंधेरे के कारण सडक़ों पर बैठी हुई गाय व अन्य नहीं दिखाई देते जिसके कारण बड़े हादसे से होते हैं। वह देवास की ओर आने वाला मार्ग सकड़ा होने के कारण और ज्यादा हादसे होते हैं। जिलाध्यक्ष वर्मा का कहना है कि रोड निर्माण कंपनी की जिम्मेदारी है कि व्यवस्था सुचारू रूप से नागरिकों को प्राप्त होनी चाहिए, लेकिन ऐसी परिस्थितियों सरकार की व्यवस्थाओं पर पानी फेर रही है। टोल टैक्स वसूलने के बाद भी अगर वाहन चालकों को विद्युत जैसे सुविधा भी अगर उपलब्ध नहीं हो पा रही तो उनसे टोल टैक्स किस बात का वसूल जा रहा है। अब श्रावण माह का समय चल रहा है। वहीं पैदल यात्री कावड़ यात्रा लेकर मार्ग से रात्रि समय निकालते हैं। वहीं रामदेवरा जाने वाले यात्री भी बड़ी संख्या में निकल रहे हैं। ब्रिजों की लाइट बंद होने से उनकी जान को खतरा है सडक़ों पर बना रहता है। रोड निर्माण करने वाली कंपनी पेट्रोलिंग नहीं करती है। रात्रि में बड़ी संख्या में मार्ग पर गौ माता बैठी रहती है, जिससे बड़ी संख्या में गौ माता और वाहन चालक का एक्सीडेंट हो रहा है। इस संबंध में सिंगावद ग्रीड सुपरवाइजर हरियोम शाह से बात कि तो उनका कहना है कि लाइट की देखरेख ओर चालू बंद करने की जिम्मेदारी एनएचआई रोड निर्माण कंपनी की है। हमारे यहां केवल बिजली का बिल जमा होता है।
-

श्री लाड़सिंह बैस का निधन
देवास। वरिष्ठ पत्रकार अनिलराजसिंह सिकरवार के ससुर एवं राणा नटवरसिंह बैस, शिवपाल सिंह एवं कृष्णपालसिंह के पिता लाड़सिंह जी बैस बैरछा दातार का सोमवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनका अंतिम संस्कार गृह गांव बैरछा दातार में अपरान्ह 4 बजे किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में राजपूत समाजजनों व गणमान्य नागरिकों ने शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
-

प्रसव के दौरान लापरवाही बरतने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ नर्सिंग आफिसर निलंबित, आर टी ओ ने की बसों और स्कूल बसों की जांच नियमों के विरुद्ध संचालन पर पेनल्टी वसूल की,
नि:शुल्क दिव्यांगजन जांच एवं ऑपरेशन शिविर आज 3 अगस्त को उत्कृष्ट विद्यालय में,प्रसव के दौरान लापरवाही बरतने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनकच्छ में पदस्थ नर्सिंग आफिसर गायत्री कनाडे एवं अफसर बी पठान निलंबित ——— देवास / सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनकच्छ में प्रसव के दौरान लापरवाही बरतने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ नर्सिंग आफिसर गायत्री कनाडे एवं अफसर बी पठान को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी देवास ने निलंबित किया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा विभागीय जाॅच भी संस्थित की है। निलंबन काल में नर्सिंग ऑफिसर गायत्री कनाडे का मुख्यालय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बरोठा एवं अफसर बी पठान का मुख्यालय टोंकखुर्द रहेगा तथा शासन नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ एम.एस.गोसर ने बताया कि श्रीमती प्रियंका पति हंसराज सेंधव ग्राम बेड़ामऊ तहसील बागली को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनकच्छ में प्रसव के लिए भर्ती किया गया था। ड्युटी के दौरान नर्सिंग ऑफिसर, द्वारा लापरवाही कि शिकायत पर कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने जाॅच समिति गठित की थी, गठित जॉच समिति के द्वारा प्रस्तुत जॉच प्रतिवेदन के पाया गया कि नर्सिंग आफिसर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र सोनकच्छ गायत्री कनाडे एवं अफसर बी पठान द्वारा पदीय दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही करते की गई, जो कि कदाचरण की श्रेणी में आता है।
देवास जिले में परिवहन विभाग ने चैकिंग अभियान चलाकर यात्री तथा स्कूल बसों की जांच की ———– परिवहन विभाग ने बसों की जांच कर लगभग 35 हजार रूपये शमन शुल्क वसूला ————- बारिश के दौरान पुल, पुलिया अथवा रपटों पर जल भराव होने की स्थिति में वाहन पार नहीं करने के दिये निर्देश ———– देवास / देवास जिले में संचालित स्कूल बसों एवं यात्री बसों में सुरक्षा मानकों एवं आवश्यक दस्तावेजों की जांच के लिए कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता के निर्देशानुसार परिवहन विभाग देवास के दल द्वारा सघन चैकिंग अभियान चलाया कर यात्री बसों तथा स्कूल बसों को चेक किया गया। चैकिंग कार्यवाही के दौरान नियम विरूद्ध संचालन पाए जाने पर चालानी कार्यवाही कर लगभग 35 हजार रूपये का शमन शुल्क वसूल किया गया। जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती जया वसावा ने बताया कि माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी की गई गाईड लाईन के अनुसार स्कूलों में जाकर स्कूल बसों का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया गया। जिसमें देवास शहर के सेन्ट्रल इण्डिया एकेडमी, सेन थॉम एकेडमी, डी.पी.एस. एकेडमी, वसुन्धरा एकेडमी, मालवांचल एकेडमी सहित अन्य स्कूलों वाहनों का निरीक्षण किया तथा स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया गया कि वे छात्र-छात्राओं को लाने एवं ले जाने के लिए वाहन के संचालन के समय सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखें। जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती जया वसावा ने बताया कि अभियान के तहत यात्री बसों में ओव्हर लोड तथा दस्तावेजों की जांच की गई। चैकिंग के दौरान वाहन चालकों तथा स्कूल बस संचालकों को निर्देशित किया गया कि वर्तमान में वर्षाकाल होने के कारण बारिश के दौरान पुल, पुलिया अथवा रपटों पर जल भराव होने की स्थिति में वाहन को पार ना करे।
नि:शुल्क दिव्यांग जन जांच एवं ऑपरेशन शिविर आज। देवास। निमाड़ महासंघ विकास समिति एवं जिला प्रशासन देवास द्वारा 3 अगस्त, शनिवार को प्रात: 10 बजे से जिला स्तरीय अस्थिबाधित दिव्यांगता जांच शिविर का आयोजन शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय देवास में किया गया है। निमाड़ महासंघ के सचिव कृष्णकांत रोकड़े ने बताया कि जिले के संवेदनशील कलेक्टर ऋषव गुप्ता की मानवीय पहल के कारण इस जांच एवं नि:शुल्क ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में देश के जाने-माने अस्थि रोग विशेषज्ञ और जोड़ प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद पी. नीमा द्वारा दिव्यांगजनों का परीक्षण किया जाएगा। निमाड़ महासंघ के प्रमुख श्री रोकड़े के दिव्यांगता रहित प्रदेश और स्वास्थ्य मध्यप्रदेश के संकल्प की पूर्ति हेतु इस तरह के शिविर सम्पूर्ण मध्यप्रदेश में आयोजित किए जाने की योजना है। शिविर की नोडल एजेंसी के रूप में जिला सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की संगीता यादव, विभिन्न विभागों, चिकित्सालयों और स्वास्थ्य से संबंधित डॉक्टर एवं स्वास्थ्य कर्मचारियों की टीम बतौर सहायक मौजूद रहेगी। जिला शिक्षा विभाग, जिला शिक्षा केंद्र, नगरीय निकाय, आयुक्त नगर निगम, यातायात विभाग, भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, जिला विकलांग पुनर्वास केंद्र और जनपदों के साथ ही समस्त राजस्व अनुभागीय अधिकारियों की निगरानी में अस्थिबाधित (लगभग 15 वर्ष आयु तक) दिव्यांग जिला मुख्यालय शिविर स्थल पर पहुंचेंगे। जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने जिले के नागरिकों से आह्वान किया है कि अधिक से अधिक बच्चों को शिविर का लाभ दिलवाएं। शिविर में जिलाधीश अपनी मौजूदगी में परीक्षण करवाएंगे। इस शिविर में जिले के सभी अस्थिबाधित दिव्यांगों को आमंत्रित किया गया है। जो भी अस्थिबाधित जांच के बाद ऑपरेशन के योग्य होंगे, उनका नि:शुल्क ऑपरेशन यूनिक सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, इंदौर में किया जाएगा। मरीज के साथ एक परिजन के भोजन और ठहरने की व्यवस्था भी मुफ्त में की जाएगी






