– ———— देवास कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने जल जीवन मिशन में किये जा रहे कार्यो की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में ली। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सिंह चौहान, कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एनएच भिडे, सहित लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, जल जीवन मिशन और जल निगम के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को निर्देश दिए कि जल जीवन मिशन अभियान में किये जा रहे कार्यो को मार्च-2023 तक गुणवत्ता पूर्ण तरीके से पूर्ण करें। जल जीवन मिशन अंतर्गत प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त नवीन एकल योजना संबंधी जानकारी ली। कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्राम, आंगनवाडी और स्कूल में नल जल योजना कार्य में राशि का दुरूपयोग करने पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिये। जिला पंचायत सीईओ को निर्देश दिये कि जन जल योजना का मौके पर जाकर नियमित रूप से मानिटरिंग कर कार्यवाही करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने ग्रामवार नल जल योजना की समीक्षा की। जिन कार्यो में कमी पाई गई, उन्हें शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। जहां कार्य में पूरक बजट की आवश्कता है तो उसका डीपीआर बनाकर भेंजे। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि सभी ग्रामों में नल से जल पहुचाने का कार्य शुरू करें। जल जीवन मिशन अंतर्गत की जा रही योजनाओं की जानकारी तथा जल जीवन मिशन अंतर्गत क्रियान्वित की जा रही योजनाओं के कार्य की एजेंसी वार जानकारी लेकर समीक्षा की। बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 06 विकासखण्ड है। जिसमें कुल 1048 ग्राम है। जिले में देवास उपखंड में 220, सोनकच्छ उपखंड में 128, टोंकखुर्द में 106, बागली में 269, कन्नौद उपखंड में 158 तथा खातेगांव में 167 ग्राम है। जल जीवन मिशन अंतर्गत एक ग्राम योजना में 958 ग्राम शामिल किये गये। जिले में जल जीवन मिशन अंतर्गत कुल स्वीकृत गांव की संख्या 566 है। जीवन मिशन अंतर्गत कुल 392 गांवो का अनुमोदन प्राप्त हो गया है। जिले में अब तक 167 गांवो में जल जीवन मिशन योजना पूर्ण हो चुकी है। जिले में आईएमआईएस अनुसार कुल परिवारों की संख्या 2 लाख 48 हजार 651 है। घरेलू नल कनेक्शनों की संख्या 01 लाख 03 हजार 603 है। घरेलू नल कनेक्शन से लाभान्वित आबादी कुल 47.75 प्रतिशत है। बैठक में बताया गया कि जल जीवन मिशन में 1668 शालाओं में पेयजल का कार्य पूर्ण किया गया है तथा 1353 आंगनवाडी केन्द्रों में पेयजल कार्य पूर्ण किया है। जिले में 9078 हेंडपंप है। जिसमें 9002 हेंडपंप चालू हैं। वर्तमान में जल स्तर कम होने के कारण 21 और 55 साधारण खराबी से बंद है।
ग्राम, आंगनवाडी और स्कूल में ‘’नल जल योजना’’ कार्य में राशि का दुरूपयोग करने वालो पर होगी एफआईआर
