————– देवास, कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री संजीव जैन, संयुक्त कलेक्टर सुश्री अंशु जावला, एसडीएम टोंकखुर्द श्री संजीव सक्सेना, एसडीएम देवास श्री आनंद मालवीय, डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक शर्मा सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअल शामिल हुए। कलेक्टर श्री सिंह ने सहकारिता और जिला सहकारी केंद्रीय बैंक से जिले में पैक्स कंप्यूटरीकरण की जानकारी लेकर शीघ्र कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि पैक्स कंप्यूटरीकरण कार्य में लापरवाही बरतने वाले बैंक प्रबंधकों का वेतन काटने की कार्यवाही करें। बैठक में सहकारिता विभाग के अधिकारी ने बताया कि 18 बैंक मैनेजरों द्वारा रिकॉन्सिलेशन सर्टिफिकेट जारी नहीं किया है। जिसपर कलेक्टर श्री सिंह ने रिकॉन्सिलेशन सर्टिफिकेट जारी नहीं करने पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के 18 बैंक मैनेजरों को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश अपर कलेक्टर को दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी सीईओ जनपद को निर्देश दिए कि डेट सर्टिफिकेट प्रकरणों को सभी जनपद सीईओ अपने-अपने क्षेत्र में देखे और फर्जी डेथ सर्टिफिकेट के मामले आने पर सख्त कार्यवाही करें। कलेक्टर श्री सिंह ने अपर कलेक्टर श्री शोभाराम सोलंकी को जनपद पंचायत टोंकखुर्द अंतर्गत बने डेट सर्टिफिकेट की जांच कर कार्यवाही करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि सभी एसडीएम नगर परिषदों में ऑडिटोरियम के लिए जमीन का चिन्हांकन करें। एसडीएम देवास औद्योगिक क्षेत्र के अंदर से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि उज्जैन चौराहा पर स्थित पेट्रोल पंप को शीघ्र हटाने की कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि टाटा चौराहा से रोबोट को हटाए और बिना सड़क सुरक्षा समिति की अनुमति ऐसे निर्माण नहीं करें। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि 17 सितम्बर से सेवा पखवाड़ा का आयोजन किया जा रहा है। जिले में सेवा पखवाड़ा के तहत जिले में प्रतिदिन गतिविधियों का आयोजन करें। उन्होंने कहा कि देवास जिले में 17 सितम्बर को जिला अस्पताल सहित सभी विकासखण्डों में ब्लड डोनेशन कैम्प लगेंगे। सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र में आवश्यक कार्यवाही कर मॉनिटरिंग करें। सेवा पखवाड़े के तहत प्रतिदिन कार्यक्रम का आयोजन करें। दिनांक 20 सितम्बर को देवास में मैराथन का आयोजन किया जायेगा। सभी विकासखण्डों में भी मैराथन का आयोजन करें। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि नवरात्रि के दौरान सभी एसडीएम अपने अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था देखें। बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा के दौरान स्वास्थ्य विभाग की शिकायतें ज्यादा लंबित होने पर सिविल सर्जन को फटकार लगाते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन पर आपके द्वारा कार्य नहीं किया जा रहा है। सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों के निराकरण में रुचि लें। जिले में स्वास्थ्य विभाग की शिकायतें सबसे ज्यादा लंबित रहती है, जिससे जिले की रैंकिंग भी गिरती है। सीएमएचओ और सिविल सर्जन सभी लम्बित शिकायतों का अभियान चलाकर शीघ्र निराकरण करें। शिकायतों का निराकरण नहीं करने वालो पर कार्यवाही करें। कलेक्टर श्री सिंह ने महिला बाल विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि जननी सुरक्षा योजना और मातृवन्दना योजना के प्रकरणों की गहनता से समीक्षा कर प्रकरणों का निराकरण करें। कलेक्टर श्री सिंह ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिये कि जिला अधिकारी सीएम हेल्पलाइन पर लम्बित शिकायतों को निराकरण प्राथमिकता से करें। सीएम हेल्पलाइन पर कोई भी शिकायत नॉन अटेंडेंट नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने शिकायतों का संतुष्टि पूर्वक निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने जिला अधिकारियों को निर्देश दिए कि सीएम हेल्प लाइन पर शिकायतों का निराकरण नहीं करने वालों पर कार्यवाही करें। कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम मॉनिट, सीएम हाउस, समाधान ऑनलाइन, न्यायालय में लम्बित प्रकरणों की समीक्षा कर समय-सीमा में प्रकरणों का निराकरण के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने टीएल प्रकरणों की समीक्षा कर जिला अधिकारियों को टीएल प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम डेशबोर्ड पर प्रकरणों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सीएम डेशबोर्ड का अवलोकन कर प्रकरणों की समीक्षा करें। कलेक्टर श्री सिंह ने समाधान ऑनलाइन शिकायतों की समीक्षा कर निर्देश दिए कि 100 दिवस से अधिक समय से लम्बित की शिकायतों का निराकरण प्राथमिकता से करें। कलेक्टर श्री सिंह ने गो-प्रबंधन की जानकारी लेकर निर्देश दिए कि जिले में हाईवे पर गो प्रबंधन के लिए कोटवारों की ड्यूटी लगाई गई थी और जिन कोटवारों द्वारा कार्य नहीं किया गया उनका दो-दो दिन का वेतन काटने की कार्यवाही करें। कलेक्टर श्री सिंह ने नगर निगम देवास द्वारा अमृत 2.0 अंतर्गत किये जा रहे जलप्रदाय एवं सिवरेज कार्यों की जानकारी ली। प्रधानमंत्री आवास योजना, डॉ भीमराव आंबेडकर कामधेनु योजना की समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में एसबीआई के अधिकारियों ने प्रजेंटेशन के माध्यम से एसबीआई में सैलेरी अकॉउंट के लाभ बताए।
Month: September 2025
-

देवास में उज्जैन चौराहा पर स्थित पेट्रोल पंप को हटाने की कार्यवाही करें ——— एसडीएम देवास औद्योगिक क्षेत्र के अंदर से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही करें-कलेक्टर श्री सिंह ——— रिकॉन्सिलेशन सर्टिफिकेट जारी नहीं करने पर जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के 18 बैंक मैनेजरों को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश ——— पैक्स कंप्यूटरीकरण कार्य में लापरवाही करने वाले प्रबंधकों का वेतन काटने की कार्यवाही करें ————- जिले में सेवा पखवाड़ा के तहत जिले में प्रतिदिन गतिविधियों का आयोजन करें ——— कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी बैठक आयोजित
-

क्या आपने गणवेश ले लिया है नहीं तो जल्द ले लीजिए क्योंकि इस बार बनने जा रहा है इतिहास पथ संचलन का आप भी बने सहभागी, विजयादशमी को जिले के 63 मंडल और सात नगरों में निकलेगा पथ संचलन, स्वयंसेवक कर रहे घर-घर जाकर दिन रात मेहनत
विश्व का सबसे मजबूत और अनुशासित संगठन आरएसएस अपने 100 वर्ष पूरे करने जा रहा है। और जिस संघ ने इतने वर्षों में अपने सिद्धांत और अनुशासन संगठित कर पूरे विश्व में एक अलग पहचान बनाई हो तो फिर उसके 100 वर्ष पूरे होने का आयोजन तो ऐतिहासिक ही होगा। समाज को संगठित कर चरित्र संपन्न और सामर्थ्यवान राष्ट्र के रूप में भारत को परम वैभव तक ले जाने हेतु परम पूजनीय डॉ केशव बलिराम हेडगेवार जी ने सन 1925 में विजयादशमी के दिन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का कार्य प्रारंभ किया। ईस वर्ष संघ के 100 वर्ष पूरे हो रहे हैं,100 वर्षों की इस यात्रा में संघ ने दैनिक शाखा द्वारा अर्जित संस्कारों से समाज का अटूट विश्वास और स्नेह प्राप्त किया। इस विजयादशमी से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के आयोजन आरंभ होगे। देश भर में विजयदशमी उत्सव पर निकलने वाले पारम्परिक पथ संचलन इस वर्ष विशेष होने वाले है। देवास जिले के सभी 63 मंडलों के साथ सात नगर देवास, करनावद, हाटपिपलिया, सोनकच्छ, पिपलरवा , टोंकखुर्द एवं भौंरासा में पथ संचलन निकाला जाएगा,इन संचलनो में हजारों स्वयंसेवक सम्मिलित होंगे। इस हेतु स्वयंसेवक गांवों एवं मोहल्लों में प्रत्येक घर पर संपर्क कर पथ संचलन में सहभागी होने का आग्रह कर रहे है। संचलन पंच परिवर्तन के विषय समाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन,पर्यावरण संरक्षण,नागरिक कर्तव्य, स्व के भाव का जागरण पर केंद्रित रहेंगे।
संघ के स्वयंसेवक प्रतिदिन घर-घर संपर्क कर से कम से कम एक सदस्य को संचलन में सहभागी होने हेतु आमंत्रित कर रहे है। इस कार्य हेतु स्वयंसेवक शाखा के अलावा प्रतिदिन 6 घन्टे दे रहे है जिससे कि प्रत्येक परिवार तक पहुचा जाए। जो वृद्ध कार्यकर्ता एवं समाजजन पैदल नही चल सकते उनसे भी कार्यक्रम में उपस्थित रहने हेतु आग्रह किया जा रहा है। *देवास में निकलेगा ऐतिहासिक पथ संचलन।* इस वर्ष विजयादशमी पर देवास नगर में ऐतिहासिक पथ संचलन निकलेगा,विगत कुछ वर्षों से देवास नगर में बस्तीश: संचलन निकलते थे,इस वर्ष पूरे नगर का एक ही संचलन निकलेगा जिसमें सभी 32 बस्तियों के हजारों स्वयंसेवक सहभागी होंगे, इसमे दर्जनों वाहिनियां एवं घोष वाहिनियां होने कारण इस बार संचलन का वृहद आकार रहेगा।देवास नगर में एक हजार से अधिक स्वयंसेवक टोलियों में प्रतिदिन घर-घर संपर्क कर रहे है। उनकी मेहनत देखते ही बनती है की इतना अपना स्वयं का काम शाखा संगठन के बाद अलग से 6 घंटे रोज देना ही का आयोजन की सफलता की ओर संकेत कर रहा है। संघ के इस महत्वपूर्ण आयोजन में हर समाज प्रतिनिधि हर व्यावसायिक श्रेणी के लोग होने जा रहे हैं। इस बार पर संचलन में हर समाज के प्रतिनिधि गणवेश में सहभागी होंगे,इसके साथ ही डॉक्टर, इंजीनियर,आईटी प्रोफेशनल्स,चार्टर्ड अकाउंटेंट, प्राध्यापक,पत्रकार,शिक्षक, व्यवसाई,उद्योगपति से लेकर हर व्यवसाय से संबंधित लोग बड़ी संख्या में सम्मिलित होंगे। तो हो जाओ साथियों तैयार इस आयोजन में सहभागी बनने के लिए क्योंकि यह इतिहास का भी इतिहास बनने जा रहा है और आप इसमें अपना महत्वपूर्ण योगदान दे।
-

सुनहरा अवसर युवाओं के लिए ….
जिले के युवा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना का लाभ लेकर स्वयं का उद्योग स्थापित करें, अवैध डीएपी विक्रय पर प्रोपराइटर नर्मदेश्वर के विरूद्ध एफआईआर दर्ज———– देवास महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद ने बताया कि देवास जिले में वित्तीय वर्ष 2025-26 में मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत जिले के सामान्य वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग एवं पिछड़ा वर्ग के शिक्षित बेरोजगार युवाओं के ऑनलाइन आवेदन शासन के पोर्टल samast.mponline.gov.in के माध्यम से प्राप्त किये जा रहे है। विनिर्माण/सेवा/खुदरा व्यवसाय क्षेत्र का उद्यम स्थापित करने के लिये देवास जिले के इच्छुक 18 से 45 वर्ष के शिक्षित बेरोजगार युवक/युवतियॉ जो आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, 8वीं की अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो तो), समग्र आयडी, पेनकार्ड, मूल निवासी प्रमाण पत्र, बैंक खाता पासबुक, आयकरदाता प्रमाण पत्र, पासपोर्ट साइज फोटो इत्यादि के साथ उद्योग/सेवा/व्यवसाय की प्रोजेक्ट रिर्पोट के साथ samast.mponline.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। आवश्यक अर्हताए योजना का लाभ लेने के लिए आवदेक मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना चाहिये। आवेदन दिनांक को आयु 18 से 45 वर्ष के मध्य हो। न्यूनतम 8वीं कक्षा उत्तीर्ण हो। परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रूपये से अधिक न हो । इस योजना अंतर्गत हितग्राहियों को प्राप्त ऋण पर परियोजना प्रांरभ होने के उपरांत 3 प्रतिशत की दर से अधिकतम 7 वर्षों तक ब्याज अनुदान तथा प्रचलित दर पर CGTMSE शुल्क अधिकतम 7 वर्षो तक देय होगा। इस योजना के अंतर्गत विनिर्माण क्षेत्र मे 50 हजार रूपये से 50 लाख रूपये तक एवं सेवा क्षेत्र/खुदरा व्यवसाय हेतु 50 हजार रूपये से 25 लाख रूपये तक का ऋण बैंक के माध्यम से परियोजना प्रांरभ करने हेतु उपलब्ध होगा। इस संबंध में अधिक जानकारी हेतु जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, वृद्धाश्रम के पास राजोदा रोड देवास में कार्यालयीन समय में आकर संपर्क कर सकते हैं।
अवैध डीएपी विक्रय पर प्रोपराइटर नर्मदेश्वर के विरूद्ध एफआईआर दर्ज
देवास, उप संचालक कृषि ने बताया कि रामानन्द गुर्जर पिता श्री रामस्वरूप गुर्जर प्रो. नर्मदेश्वर ट्रेडर्स अजनास रोड खातेगांव के विरूद्ध अवैध रूप से डीएपी विक्रय करने पर उर्वरक (नियंत्रण) आदेश 1985 की धारा 7, 8 एवं 19 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3 एवं 7के तहत थाना खातेगांव में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है। उन्होंने बताया कि नर्मदेश्वर ट्रेडर्स अजनास रोड खातेगांव खली एवं पशुआहार का विक्रेता है। विभाग द्वारा उन्हें उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र (उर्वरक लायसेंस) नहीं दिया गया हैं। प्रोपराइटर श्री रामानंद गुर्जर द्वारा डीएपी व अन्य उर्वरको को उर्वरक विक्रय प्राधिकार पत्र (लायसेस) के बगैर खातेगांव से किसानो को विक्रय किया गया एवं किसानों से उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए आनलाईन माध्यम से एवं नगदी के रूप में राशि ले रखी है।
-

कंपनी से घर जा रहे युवा को दूध वाहन ने मारी टक्कर से दुखद मौत
भोपाल रोड स्थित एक कंपनी में कार्य कर रोजी-रोटी कमाने वाला राज पिता कैलाश नवरंग उम्र 20 वर्ष निवासी कलमा की दुर्घटना में मौत हो गई। कल रात को अपने घर कलमा की और जा रहे था दूध के टैंकर ने सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल राज को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर आए। जहां पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। भोपाल रोड स्थित निजी कंपनी में कार्य करता था। घर में कमाने वाला यही है ।
-

देश हित में है वन नेशन, वन इलेक्शन-पुष्यमित्र भार्गव खचाखच भरे रामाश्रय पैराडाइज में आयोजित संगोष्ठी में दिया प्रभावी उद्बोधन
देवास । वन नेशन, वन इलेक्शन अर्थात एक राष्ट्र, एक चुनाव की अवधारणा सन 1980 से ही चर्चाओं में आ गई थी। अंग्रेजों की सत्ता से मुक्ति के पश्चात जब हमारा संविधान, लोकतांत्रिक प्रक्रिया लागू हुई। उसके बाद 1967 तक देश में लोकसभा एवं राज्य विधानसभाओं के चुनाव एक साथ ही होते रहे, लेकिन बाद में राज्यों में किन्हीं कारणों से चुनी हुई सरकारों के समय से पूर्व पतन के कारण धीरे धीरे केंद्र ओर राज्यों के चुनाव अलग अलग होने की परम्परा चल पड़ी। जबकि वन नेशन, वन इलेक्शन कई मायनों में देशहित में है। विकासनगर स्थित रामाश्रय पैराडाइज के खचाखच भरे सभागृह में एक राष्ट्र, एक चुनाव को लेकर आयोजित प्रबुद्धजन संगोष्ठी में उपरोक्त विचार मुख्य वक्ता इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने व्यक्त किए। भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण, दीप प्रज्ववलन से प्रारंभ हुई संगोष्ठी में सर्वप्रथम देवास शाजापुर संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री महेंद्र सिंह सोलंकी ने अपने उद्बोधन में एक राष्ट्र, एक चुनाव को विकसित भारत की संकल्प सिद्धि के लिए आवश्यक बताया। सांसद श्री सोलंकी द्वारा मंचस्थ अतिथि मुख्य वक्ता श्री भार्गव एवं नगर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एम कुमार के पुष्प गुच्छ से स्वागत एवं उद्बोधन के पश्चात इंदौर महापौर एवं वन नेशन, वन इलेक्शन के प्रदेश सह संयोजक श्री भार्गव ने अलग अलग चुनावों पर होने वाले जनता के धन की बर्बादी, प्रशासनिक एवं सुरक्षा तंत्र के कार्यभार की बढ़ोतरी, विकास के कार्यों में बाधा इत्यादि बातों को प्रभावी एवं सारगर्भित तरीके से प्रबुद्धजनों के बीच विस्तार से व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा सन 2047 तक विकसित भारत का जो संकल्प लिया गया है। उस दिशा में वन नेशन, वन इलेक्शन बेहद कारगर साबित होगा। श्री भार्गव ने अपने उद्बोधन के पश्चात प्रबुद्धजनों के प्रश्नों के भी सटीक एवं समाधानकारी उत्तर दिए। संगोष्ठी का संचालन भाजपा के पूर्व जिला महामंत्री पंकज वर्मा द्वारा किया गया। अंत में भाजपा जिला उपाध्यक्ष महेश चौहान द्वारा आभार प्रकट कर वन्देमातरम गीत से संगोष्ठी का समापन हुआ। संगोष्ठी में नगर के विविध क्षेत्रों अधिवक्ता, वरिष्ठ नागरिक, डॉक्टर्स, स्टूडेंट, खिलाड़ी, कृषक, व्यापारी, शिक्षक, श्रमिक, साहित्यकार, महिलाएं, आम नागरिक सहित सैकड़ों की संख्या में प्रबुद्ध जन संगोष्ठी में उपस्थित रहे। यह जानकारी लोकसभा मीडिया प्रभारी शेखर कौशल द्वारा दी गई।
-

देवास सिटी कोतवाली थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कंजर मोहल्ले से 11 जुआरी गिरफ्तार, तीन दिन पहले भी जुए के अड्डे से लाखों रुपए जप्त कर पकड़े थे 19 जुआरी, शहर में फिर आने लगे आसपास के सट्टा खिलाड़ी
देवास। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए कंजर मोहल्ले से जुआ खेलते 11 आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ा है। पुलिस ने मौके से ₹5200 नगद और ताश की गड्डी बरामद की है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से जुआ खेलने की गतिविधियों में लिप्त थे। सूचना के आधार पर दबिश दी गई, जिसमें सभी को गिरफ्तार कर जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। शहर कोतवाल श्याम चंद्र शर्मा नहीं बताया कि इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। शहर कोतवाली द्वारा यह लगातार इस मार्ग पर दूसरी करवाई है तीन-चार दिन पहले टेकरी रोड पर से ही 19 जुआरी पकड़े थे और उनके पास से 2 लाख 12 हजार रुपए बरामद किए थे। इतना बड़ा जुआ देवास पुलिस अधीक्षक पुनीत गहलोत को सीधे सूचना पर पड़ा था तो आज शहर कोतवाल ने अचानक केवल दो-तीन दिन बाद फिर जुआ खेलते इसी मार्ग पर उसी स्थान के थोड़े पास में 11 लोगों को एक साथ जुआ खेलते पकड़ा है इस तरह पुलिस ने तो अपने इरादे स्पष्ट कर दिए कि हम नहीं चलने देंगे लेकिन जुआरी है की इतनी जल्दी इतने बड़े पैमाने पर जुआ संचालक ने वापस अपना कारोबार शुरू कर दिया। यह पुलिस के लिए एक चुनौती बन गए है। फिलहाल तो पुलिस ने बिना दबाव के कार्रवाई करते हुए छापा डाला और गिरफ्तार कर 11 जुआरी को हवालात की हवा खिला दी है। देवास में जुआ सट्टा नई बात नहीं है अगर पिछले 1 वर्ष से कुछ महीने पहले जाए तो इतने खुले रूप से चला था कि पूरे मालवा और प्रदेश में कई जगह देवास का नाम सुरक्षित जगह जुआरी और सटोरियों के लिए पहचान बन गया था अब वापस शायद वही लोग लौटने लगे हैं लेकिन पुलिस भी अभी तो तत्काल कार्रवाई कर रही है । अपराधी में काम से कम पुलिस का डर तो है। देर सही करवाई तो कर रही है।
-

कलेक्टर ने महिला पर्यवेक्षक को कर्तव्य के निर्वहन में घोर लापरवाही पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया
कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने पर्यवेक्षक श्रीमती अमिता जाट को कर्तव्य के निर्वहन में घोर लापरवाही पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया ——— देवास कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह ने पर्यवेक्षक महिला एवं बाल विकास परियोजना खातेगांव श्रीमती अमिता जाट को अपने कर्तव्य के निर्वहन में घोर लापरवाही पर तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है । निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय महिला एवं बाल विकास परियोजना कन्नौद रहेगा तथा इन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त करने की पात्रता होगी । निलंबन आदेश में उल्लेख है कि पर्यवेक्षक महिला एवं बाल विकास परियोजना खातेगांव श्रीमती अमिता जाट जिला देवास के विरुद्ध मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत देवास को शिकायत प्राप्त हुई कि श्रीमती अमिता जाट द्वारा सुश्री पूजा कर्मा पिता श्री अबजसिंह कर्मा ग्राम बरखेडी की आँगनवाडी सहायिका की नियुक्ति हेतु 40,000 की मांग की गई , जिसकी जांच हेतु कार्यालय जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास द्वारा परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास परियोजना खातेगांव जिला देवास को पत्र जारी किया गया । परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास परियोजना खातेगांव द्वारा शिकायत की जाँच कर अवगत कराया गया कि शिकायतकर्ता द्वारा जाच के दौरान बताया गया कि श्रीमती अमिता जाट सेक्टर पर्यवेक्षक द्वारा ग्राम बरखेडी निवासी सुश्री पूजा कर्मा से आंगनवाडी सहायिका के पद पर चयन करवाने हेतु 40 हजार रुपये की मांग की गई । परियोजना अधिकारी खातेगांव द्वारा यह भी बताया गया कि श्रीमती अमिता जाट पर्यवेक्षक के विरूद्ध अन्य शिकायत क्अनुसार शिकातयकर्ता आरती पिता हीरालाल मेहदिया ग्राम सुरजना द्वारा शिकायत की गई कि श्रीमती अमिता जाट सेक्टर पर्यवेक्षक द्वारा ग्राम सुरजना निवासी सुश्री आरती पिता हीरालाल मेहदिया से आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर चयन करवाने हेतु 30 हजार रुपये की मांग की गई। श्रीमती अमिता जाट पर्यवेक्षक महिला एवं बाल विकास परियोजना खातेगांव से उक्त शिकायतों के संबंध में लिखित कथन प्रस्तुत करने हेतु परियोजना अधिकारी खातेगांव के द्वारा निर्देशित किया गया परन्तु श्रीमती अमिता जाट द्वारा कोई कथन / जवाब प्रस्तुत नहीं किये गये । श्रीमती अमिता जाट देवास को उक्त शिकायत के पर्यवेक्षक महिला एवं बाल विकास परियोजना खातेगांव जिला संबंध में अपना पक्ष रखने हेतु परियोजना अधिकारी खातेगांव द्वारा दिये गये पत्र के बावजूद भी उनके द्वारा अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत नही किया गया।
-

देवास का परंपरागत मीना बाजार को लेकर निगम निगम और जिला प्रशासन जनप्रतिनिधि क्यों नहीं कर पा रहे सही जगह तलाश
यहां की नगरी कहां बसी, कभी यहां तो कभी वहां और अब अपना अस्तित्व तलाश रहा देवास का प्राचीन संस्कृति परंपरा वाला मीना बाजार। सबसे पहले हम मीना बाजार की बात करें तो इसे शासकीय नाम नगर निगम ने दशहरा, कृषिकला एवं औद्योगिक प्रदर्शनी रखा है। लेकिन आज भी आम जनता के बीच जब भी यह प्रदर्शनी लगती है तो उसे मीना बाजार ही कहा जाता है और जनता जाती भी इसी नाम से है। सबसे अच्छा मीना बाजार भोपाल चौराहा स्थित शिवाजी उद्यान में रियासत काल से लगता था। दूर दराज से ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली जनता मां चामुंडा टेकरी पर नवरात्रि में दर्शन कर मीना बाजार जरूर जाती थी तो नवरात्रि के बाद पूरे शहर की जनता एक बार मीना बाजार जाकर खरीदी के साथ स्वस्थ मनोरंजन भी करती थी। भोपाल चौराहे पर शिवाजी उद्यान में इसका स्वरूप इतना अच्छा था कि लोगों को यहां तक की बच्चों से बड़ों तक को पूरा दुकान से लेकर झूले तक का खाका दिमाग में बैठ गया था कि कहां पर कौन सी दुकान लगा है और कहां से घूमते हुए वापस बगीचे में पहुंच जाना है फिर बगीचे में पहुंचकर मूंगफली से लेकर खाने की सामग्री लेकर गपशप करना है और बीच-बीच में हाल पर नगर निगम द्वारा आयोजित कार्यक्रम का भी मजा लेना है। नगर निगम भी तब बहुत ही व्यवस्थित तरीके से इसे संचालित करता था। और यहां पर होने वाले सांस्कृतिक से लेकर अन्य आयोजन शहर में चर्चा का विषय रहते थे कहीं बड़े कलाकार यहां पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चले गए। मेले में वह दुर्लभ चीज भी मिल जाती थी जो आसानी से दुकानों पर नहीं मिलती यही कारण था कि दूर-दूर से मीना बाजार में लोग यह सोचकर भी आते थे की छोटी-मोटी चीज जो बाजार में नहीं मिलती वह यहां सरल तरीके से सस्ते भाव में मिल जाएगी। बड़ा व्यवस्थित मीना बाजार था यह एक तरफ से भोपाल चौराहे से निकले और राउंड लगाते हुए सीधे बगीचे में और फिर झूले से लेकर आसानी से बाहर भी निकल जाते थे। चाहे कितनी भीड़ हो सब कंट्रोल हो जाती थी सारे नेता से लेकर व्यापारी समाजसेवी और अधिकारी तक यहां पर मिल जाते थे । इस मीना बाजार की और रोनाक ही ऐसी थी कि बच्चों तो इंतजार करते थे कि कब मीना बाजार लगेगा। लेकिन एक दिन रोपवे की देवास को सौगात मिली तो मीना बाजार वहां से उखड़ गया। रोपवे ठेके से चला गया ।तो मीना बाजार विकास नगर चौराहे पर आईटीआई ग्राउंड में आ गया यहां पर दुकान तो वही थी झूले भी थे लेकिन वह बात नहीं उल्टा ट्रैफिक जाम और खिलाड़ियों के लिए बने खेल मैदान को अलग खराब कर जाते थे । क्योंकि अब यह परंपरा का मीना बाजार नहीं व्यापार का मीना बाजार लगने लग गया है हमारी संस्कृति और परंपरा से ज्यादा व्यापार और केवल औपचारिकता का मीना बाजार फिर उतना रोचक नहीं रहा केवल स्वस्थ मनोरंजन का साधन मात्र बनकर रह गया। अब फिर आईटीआई ग्राउंड पर हॉस्टल बनने से देवास के नगर निगम के सामने एक नई समस्या खड़ी हो गई है कि मीना बाजार कहां लगे जगह है बहुत है लेकिन साफ सुथरी जगह और जहां पूरे शहर की जनता आ सके ऐसे बड़े ग्राउंड पर इसे लगाना चाहिए। और खास करना चामुंडा टेकरी के आसपास। देवास में हमारे परंपरा और संस्कृति धीरे-धीरे विलुप्त होती जा रही है कई मुद्दे हैं जिन पर हम बाद में बात करेंगे अभी मीना बाजार की बात चल रही तो हाट संस्कृति भी खत्म हो रही है सबसे पहले देवास का सोमवार का हाट बंद हुआ तो फिर सबसे बड़ा शुक्रवार का हाट भी अब धीरे-धीरे कम हो रहा है। शुक्रवारिया हाट के पीछे तो सबसे बड़ा कारण की सरकार की इस हाट की जमीन को नगर निगम ने मार्केट बनाकर बेच दिया। सबसे ज्यादा जगह पर बड़े मार्केट बने हैं । ऐसे में दूर-दूर ग्रामीण क्षेत्र से आने वाले छोटे व्यापारी अब जमीन पर बैठकर धंधा अच्छे ढंग से नहीं कर पा रहे हैं। हाट बाजार और मेले मैं अक्सर छोटे व्यापारी जो कभी इस शहर में कभी उसे शहर में तो कभी इस गांव में छोटी सी अपनी दुकान लगाकर अपने रोजी-रोटी चलते हैं और कहीं ऐसी वस्तुएं भी लेकर आते हैं जो शहर में आसानी से नहीं मिलती वह मिले और हाट बाजार में आसानी से मिल जाती है । हमारी परंपरा संस्कृति और स्वस्थ मनोरंजन का मीना बाजार अब धीरे-धीरे रौनक हो रहा है अभी तो शासन प्रशासन के सामने इसे कहां पर लगे यह समस्या है। यह निराकरण तो बहुत जल्द हो जाएगा या हो सकता है वह कर लिया हो शासन ने लेकिन अब यह व्यवस्थित लगे और पुराना इसका अस्तित्व लौटे इस पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए। जिला प्रशासन नगर निगम महापौर सभापति और सत्ता पक्ष नेता से लेकर विधायक जनप्रतिनिधि ने भी इसमें रुचि लेना चाहिए। खासकर यह भ्रष्टाचार की भेट ना चढ़े। दुकानदार को दुकान आसानी से मिले और आमजन को धक्का मुक्की से मुक्त बड़ी जगह स्वस्थ मनोरंजन। नगर निगम जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस बात का विशेष ध्यान रखें की जहां भी लगे व्यवस्थित लगे क्योंकि एक बार जहां पर लग गया अब बार-बार नहीं हटे।

