Category: विशेष

  • किसानों से अधिक काटी हम्माली दर   – भुगतान पत्रक के आधार पर मंडी सचिव को कार्रवाई के लिए दिया आवेदन, किसानों के साथ समस्या आम बात

    किसानों से अधिक काटी हम्माली दर  – भुगतान पत्रक के आधार पर मंडी सचिव को कार्रवाई के लिए दिया आवेदन, किसानों के साथ समस्या आम बात

    देवास। कृषि उपज मंडी में किसानों के साथ लूट का खेल थम नहीं रहा है। हम्माली की दरें मंडी बोर्ड ने निर्धारित की हुई है, लेकिन यहां एक फर्म द्वारा मनमर्जी से इसकी राशि काटी जा रही है। मामले में भारतीय किसान संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष जगदीश नागर ने संबंधित फर्म पर कार्रवाई के लिए मंडी सचिव प्रवीण चौधरी को आवेदन दिया है।  आवेदन में श्री नागर ने बताया कि अनुज्ञप्तिधारी फर्म परी एग्री ग्रेन इंडस्ट्रीज प्रालि के प्रोपाइटर ने किसान के बिल भुगतान पत्रक में अधिक राशि काटी है। मंडी समिति द्वारा तय तुलाई हम्माली की प्रति बोरी 90 किलो की होने पर 10 रुपए 80 पैसे लेना चाहिए। उक्त फर्म ने 60 किलो की बोरी के भी 10 रुपए 80 पैसे किसान के बिल भुगतान से काटे हैं। एक किसान ने 30 मार्च को मंडी में 73.14 बोरी गेहूं बेचा, जिसका कुल वजन 43.94 क्विंटल है। यह गेहूं 2007 रुपए के हिसाब से बिका, जिसकी कुल राशि 88 हजार 187 रुपए है। इसमें हम्माली दर 10 रुपए 80 पैसे के हिसाब से 788 रुपए 40 पैसे काटी गई। जबकि गेहूं का वास्तविक वजन 43.94 क्विंटल है और 90 किलो की भरती से 49 बोरी होती है। इस आधार पर 529 रुपए ही हम्माली दर लेना थी, लेकिन फर्म ने किसान से 259.20 रुपए लिए। श्री नागर ने बताया कि उक्त व्यापारी के प्रतिदिन 130-150 बिलों का भुगतान पत्रक मंडी समिति में जमा होते हैं। इस प्रकार औसतन प्रतिदिन इस फर्म द्वारा किसानों से 36 हजार रुपए से अधिक की लूट हो रही है। श्री नागर ने बताया कि पूर्व में भी किसान प्रतिनिधि मंडल ने मंडी प्रशासन को अवगत कराया और समाचार पत्र में भी इसका प्रकाशन हुआ था। इसके बाद भी मंडी प्रशासन ने व्यापारी फर्म पर कोई कार्रवाई नहीं की। व्यापारी द्वारा सोच-समझकर भोले-भाले किसानों की अधिक राशि काटी जा रहे है। व्यापारी पर कार्रवाई करते हुए सारे लाइसेंस रद्द किए जाना चाहिए। अगर कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन किया जाएगा। इस संबंध में मंडी सचिव प्रवीण चौधरी का कहना है कि हमें आवेदन प्राप्त हुआ है। संबंधित फर्म को पहले भी नोटिस दिया था। अब फिर से नोटिस दे रहे हैं। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाना चाहिए।

  • सांसद सोलंकी की फेसबुक पोस्ट खूब हो रही वायरल

    सांसद सोलंकी की फेसबुक पोस्ट खूब हो रही वायरल

    देवास के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने विपक्ष में भी अपनी ईमानदारी सिद्धांत और विचारधारा के कारण एक अलग पहचान बनाई थी । शाजापुर में एक प्रकरण में गिरफ्तारी के बाद जमानत नहीं लेने वाले मामला हो या देवास में सुभाष चौक में गुमटी प्रकरण में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक को कानून सिखा दिया था जीत आखिर सोलंकी की हुई अब सत्ता में वे छोटी से छोटी जगह जाने के साथ हिंदू नेता के रूप में उभरकर सामने आए हैं मालवा क्षेत्र में एक दबंग हिंदू नेता के रूप में उभरे सांसद द्वारा अपनी फेसबुक पर लाउडस्पीकर भजन मंडली को फ्री देने की पोस्ट खूब वायरल हो रही है लंबे समय बाद मालवा क्षेत्र में एक सांसद अपनी शैली के कारण लोकप्रिय हो रहे हैं।

  • आवारा श्वानों की नियमित होगी नसबंदी पशुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर लगाएंगे प्याऊ पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक में नगर निगम आयुक्त ने दिए निर्देश

    आवारा श्वानों की नियमित होगी नसबंदी पशुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर लगाएंगे प्याऊ पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक में नगर निगम आयुक्त ने दिए निर्देश

    देवास। नगर निगम के सभाकक्ष में सोमवार को पशु क्रूरता निवारण समिति के सदस्यों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता आयुक्त विशालसिंह चौहान ने की। बैठक में आवारा श्वानों की नसबंदी करने, पशुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर प्याऊ लगाने सहित अन्य निर्देश दिए। आयुक्त श्री चौहान ने मुख्य रूप से सीएम हेल्पलाइन में पशुओं से संबंधित आने वाली शिकायतों के प्रभावी निराकरण के निर्देश संबंधितों को दिए। शहर में आवारा श्वानों की आबादी पर नियंत्रण के लिए सुचारू रूप से नसंबदी के निर्देश भी आयुक्त ने दिए। वर्ष में नियमित रूप से श्वानों को एंटी रैबिज इंजेक्शन बड़े स्तर पर लगाने के लिए भी कहा गया। आयुक्त श्री चौहान ने श्वानों की नसबंदी के लिए नया केंद्र बनाने, मृत श्वानों तथा अन्य पशुओं को सीएनजी चलित इन्सीरिनेटर में डिस्पोजल करने के निर्देश दिए। ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए श्वानों तथा अन्य पशुओं के लिए विभिन्न स्थानों पर प्याऊ लगाने के निर्देश भी आयुक्त श्री चौहान ने दिए। बैठक में उपसंचालक पशुपालन विभाग, समाजसेवी रूपा पटवर्धन, राधासुमन श्रीवास्तव, डॉ. पवन माहेश्वरी आदि उपस्थित थे।

  • महंगाई डायन खाए जात है नारे के साथ, भूत पिशाच के वेश में नृत्य करते युवा बने आकर्षण का केंद्र ,कांग्रेस ने किया जबरदस्त आंदोलन राष्ट्रीय महासचिव सहित कई दिग्गजों ने लिया भाग

    महंगाई डायन खाए जात है नारे के साथ, भूत पिशाच के वेश में नृत्य करते युवा बने आकर्षण का केंद्र ,कांग्रेस ने किया जबरदस्त आंदोलन राष्ट्रीय महासचिव सहित कई दिग्गजों ने लिया भाग

    देवास =कांग्रेस जनो ने बढ़ती महंगाई को लेकर शहर में बहुत ही प्रभावी एवं जबरदस्त आंदोलन किया जिसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव श्री मुकुल वासनिक सह प्रभारी सीपी मित्तल पूर्व मंत्री विधायक श्री सज्जन सिंह वर्मा सहित वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस जनों ने अपने हाथ में महंगाई के स्लोगन लिखे हुए बोर्ड ले रखे थे, वही महंगाई डायन खाए जात को लेकर भूत पिशाच की वेशभूषा में बने युवाओं ने नृत्य करते हुए महंगाई के खिलाफ अपनी बात रखी साथ ही कांग्रेस जनों ने महंगाई मुक्त भारत बनाने को लेकर नारे लगाते हुए लोगों को जागरूक किया । जवाहर चौक से प्रारंभ हुई रैली में बड़ी संख्या में उपस्थित कांग्रेस जनो ने अपने हाथों में पार्टी का झंडा हाथ में लिए हुए थे मैं ही खुले वाहन पर कांग्रेस नेता सवार थे। विभिन्न मार्गों से होते हुए रैली कलेक्टर कार्यालय पहुंची जहा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी श्री मुकुल वासनिक ने कहा कि पहले महंगाई कमरतोड़ हुआ करती थी लेकिन अब कमरतोड़ नहीं जानलेवा हो चुकी है। सोनिया जी ने सभी कांग्रेस जनों को आदेश दिया है कि महंगाई मुक्त अभियान को लेकर सड़कों पर उतरे एवं नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह जो लोगों पर अन्याय कर रहे हैं उसके खिलाफ डटकर मुकाबला करे, आज दवाइयों से लेकर खाद की कीमतें ,पेट्रोल, डीजल, गैस की कीमतें सभी बढ़ती चली जा रही है महंगाई को नियंत्रण करने में केंद्र की सरकार पूरी तरह से असफल हुई है । हम यह लड़ाई देवास से दिल्ली तक ले जाएंगे हम ने जंग का ऐलान कर दिया है और यह लड़ाई हम पीछे से नहीं सामने से लड़ेंगे ओर लोगों को न्याय दिलाएंगे। इसी के साथ पूर्व मंत्री विधायक सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश की सड़कों पर राष्ट्रीय नेतृत्व को उतरना पड़ रहा है मध्यप्रदेश में किसान की कमर तोड़ दी गई है नौजवानों को हिंदू-मुस्लिम का धीमा जहर दिया जा रहा है महंगाई चरम पर है महंगाई को नियंत्रण में करने को लेकर ना तो नरेंद्र मोदी के पास कोई कार्यक्रम है ना शिवराज सिंह चौहान के हमें भारत मुक्त अभियान की आवाज को जन-जन तक पहुंचाना होगा। इसी के साथ सह प्रभारी सीपी मित्तल ने भी अपनी बात रखते हुए बढ़ती महंगाई पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि हम कांग्रेस जन लोगों के हक में लड़ाई लड़ते रहेंगे। सभा का संचालन शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनोज राजानी ने किया एवं आभार जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक पटेल ने माना। इस अवसर पर एक ज्ञापन महामहिम राष्ट्रपति के नाम दिया गया जिसमें उनसे मांग की गई कि वह महंगाई रोकने को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को निर्देशित करें कि वह आवश्यक कदम तत्काल उठाये और लोगों को राहत प्रदान करें , ज्ञापन का वाचन कांग्रेस प्रवक्ता सुधीर शर्मा ने किया ज्ञापन एडीएम श्री महेंद्र सिंह कचोले को सौंपा आंदोलन में बड़ी संख्या में वरिष्ठ कांग्रेस नेता, युवा ,महिलाओं , एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया जिसमें विन ब्लॉक अध्यक्ष मोर्चा संगठन के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी उपस्थित थे । —

  • आचार्य देवेन्द्र शर्मा स्वामी विवेकानंद संस्कार केन्द्र के मप्र विभाग अध्यक्ष मनोनित

    देवास। स्वामी विवेकानंद संस्कार केन्द्र की विगत दिनों बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें देशभर में नवीन पदाधिकारियों का मनोनयन किया गया। इसी के अंतर्गत अधिष्ठाता एवं पीठाधीश्वर स्वामी योगेश्वर गिरिजी महाराज ने प्रदेशभर में संस्कार केन्द्र के प्रचार-प्रसार एवं विकास कार्य को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से देवास के आचार्य देवेन्द्र शर्मा को मप्र विभाग अध्यक्ष पद पर मनोनित किया। आचार्य शर्मा के मनोनयन पर आचार्य धर्मेन्द्र कारपेंटर टोंकखुर्द, अश्विन व्यास, शुभम जी शाजापुर, नवीन शर्मा, डॉ. दीपक जी, सुमित कारपेंटर सहित ईष्टमित्रों ने बधाई देते हुए हर्ष व्यक्त किया।

  • राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में देवास केअद्वैत सिंह ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

    राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में देवास केअद्वैत सिंह ने किया उत्कृष्ट प्रदर्शन

    जिला सागर में  1 अप्रैल से 3 अप्रैल के मध्य आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के अंडर 10 उम्र वर्ग में देवास जिले के अद्वैत  सिंह चौहान के द्वारा उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पांचवा स्थान प्राप्त किया गया तथा जम्मू में होने वाली आगामी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए पात्रता हासिल की अद्वैत सिंह चौहान प्रतियोगिता में एक भी मैच नहीं हारे। अद्वैत देवास के सी एसपी विवेक सिंह चौहान के सुपुत्र है । श्री चौहान एक अनुशासित और सहज सरल पुलिस अधिकारी के रूप में पहचाने जाते हैं।

  • पुलिस प्रशासन का अपराधियों की कमर तोड़ अभियान ,युवा मोर्चा फिर विवादों में ,बनियान वाले प्राचार्य को कलेक्टर ने दिखाया दर्पण, विधायक राजे का जन्मदिन, राजानी खेमे में आमद बड़ी ,जीतेंद्र गौड़ का   नुक्कड़ नाटक हिंदू नव वर्ष की धूम  साधना के शिखर पर भक्ति का अद्भुत नजारा ,उमेश चौधरी ने दिखाया जलवा, बोरिंग पर प्रतिबंध  रेट बड़े खुली नई दुकान, जिला चिकित्सालय को अवार्ड सूरत बदली सीरत नही , शराब दुकानों का विरोध ,पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष को सजा, लालच में तेंदुआ वन विभाग की गिरफ्त में

    पुलिस प्रशासन का अपराधियों की कमर तोड़ अभियान ,युवा मोर्चा फिर विवादों में ,बनियान वाले प्राचार्य को कलेक्टर ने दिखाया दर्पण, विधायक राजे का जन्मदिन, राजानी खेमे में आमद बड़ी ,जीतेंद्र गौड़ का नुक्कड़ नाटक हिंदू नव वर्ष की धूम साधना के शिखर पर भक्ति का अद्भुत नजारा ,उमेश चौधरी ने दिखाया जलवा, बोरिंग पर प्रतिबंध रेट बड़े खुली नई दुकान, जिला चिकित्सालय को अवार्ड सूरत बदली सीरत नही , शराब दुकानों का विरोध ,पूर्व प्रेस क्लब अध्यक्ष को सजा, लालच में तेंदुआ वन विभाग की गिरफ्त में

    भगत- बाबा प्रणाम नव वर्ष की शुभकामनाएं।

    बाबा  -बेटा प्रणाम अच्छा है तुम लोगों को अब अपना नव वर्ष उत्सव के साथ मनाना याद रहता है।

    भगत  -पुलिस प्रशासन ने अपराधियों में खौफ पैदा कर दिया है।

    बाबा -हां बेटा पुलिस प्रशासन की लगातार अपराधियों पर बुलडोजर की कार्रवाई से कम से कम कुछ समय के लिए तो अपराधियों में खौफ रहेगा । पुलिस द्वारा लगातार अपराधियों की धरपकड़ के साथ बुलडोजर भी चलाया जा रहा है ।1 दिन पहले सट्टा संचालक सुमेर के यहां बुलडोजर चला तो दूसरे दिन महिलाओं पर गोली चलाने वाले फारूक अरमान के घर बुलडोजर चलाकर उनके अरमान पूरे कर दिए। वही कालापाठा में 10 एकड़ जमीन भू माफिया के कब्जे से मुक्त कराई पुलिस प्रशासन का यह अभियान अगर लगातार इसी तरह चलता रहा तो अपराधियों में यह खौफ रहेगा कि हमारे अपराध करने से बात परिवार पर भी आ जाएगी ना घर के रहेंगे ना घाट के। बस पुलिस प्रशासन या जरूर ध्यान रखें कि कहीं अपराधी जिनका अपने घर वालों से कोई लेन-देन नहीं है घरवाले उन को बेदखल कर चुके हैं उन परिवारों की जांच करे फिर कार्रवाई करें वरना बेकसूर परिवार वाले पहले तो अपने को खो चुके होते हैं। सिर्फ उसी के कारण अपना इमानदारी से बनाया घरौंदा अपने सामने उजड़ता हुए देखते हैं। हमारे संविधान में यह बात स्पष्ट है कि भले ही सो कसूरवार छूट जाए किसी एक बस बेकसूर को सजा नहीं मिलना चाहिए प्रशासन का अभियान सराहनीय है बस इस बात का जरूर ध्यान रखें।

    भगत- बाबा युवा मोर्चा को ग्रहण लग गया है।

    बाबा – भारतीय जनता पार्टी का यह मोर्चा युवाओं की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखता है जब से राम बाबू जिला अध्यक्ष बने हैं तब से विवादों में घिर गए हैं पहले तो 3 माह बाद बड़ी मुश्किल से कार्यकारिणी घोषित कर पाए उसमें भी एक महामंत्री का पद रह गया दूसरा उपाध्यक्ष पवन सेंधव ने अलग सोशल मीडिया के माध्यम से बगावत कर दी अब बीच में जिला अध्यक्ष राजू खंडेलवाल को आना पड़ गया हे और मामला देवास तक नहीं प्रदेश में चले गया है। भगत- युवा मोर्चा पद भाग्यशाली रहा है। बाबा – हां बेटा देवास में महाराज और विधायक आशीष शर्मा मोर्चे से ही मोर्चा खोल राजनीति में आए और राजू खंडेलवाल भी युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष की पारी के बाद अब जिलाध्यक्ष का महत्वपूर्ण पद सत्ता में अपने दम पर लेकर आए हैं पहले अध्यक्ष है जो रबड़ स्टांप नहीं कहलाए। वैसे युवा मोर्चा में सबसे ज्यादा लोकप्रिय विजय सिंह रघुवंशी का कार्यकाल रहा है उसके बाद राजू खंडेलवाल का बाकी विवादों में घिरे रहे अपने दम पर कार्यकारिणी तक नहीं बना सके।

    भगत – राजे के जन्मदिन ने कई कांग्रेसी दावेदारों की हवा निकाल दी।

    बाबा- राजे का मात्र सत्ता का 5 साल का कार्यकाल भी नहीं पूरा हुआ है पहले अधूरा कार्यकाल और इस बार कांग्रेस के हाथ से 18 माह बाद सत्ता में आने के बाद राजे ने अपनी कार्यशैली से सत्ता मैं अपना वर्चस्व स्थापित करने के साथ देवास विकास के साथ आम जनता कार्यकर्ता से सीधे संपर्क में आने के कारण इस बार कार्यकर्ताओं और आमजन ने भी जन्मदिन पर प्रतिफल दिया। अब तक सामने चुनाव लड़कर आसानी से जीत का सपना देखने वाले को जन्म दिन पर दिन में सपने टूट गए अब कांग्रेस में दमदार उम्मीदवार ही सामना कर पाएगा क्योंकि जन्मदिन 2023 का आगाज था। एक भैया को अब बाजू वाली सीट ज्यादा सुरक्षित नजर आ रही है।

    भगत – बनियान वाले प्राचार्य को कलेक्टर ने अच्छा सबक सिखाया।

    बाबा- यह सबक सभी के लिए मान लिया जाए अपने कर्तव्य पर अगर अधिकारी कर्मचारी इस तरह लापरवाह नजर आए तो हो गया उद्धार वह भी शिक्षा क्षेत्र में जिनसे सब को सीखने को मिलता है वहीं पर प्राचार्य महोदय और दूसरे शिक्षक ऑनलाइन भी बनियान में जिले कलेक्टर से बातें कर रहे हैं जैसे गाय भैंस चराने जंगल में आए हो ।बात बनियान कि नहीं सम्मान की और अनुशासन की है व्यवहार की है अपनी ड्यूटी पर अब कोई कम से कम कलेक्टर के सामने तो इस तरह नजर नहीं आएगा और भी कई लापरवाही थी प्राचार्य की।

    भगत – मनोज राजानी के पाले में फिर भीड़ बढ़ने लगी। बाबा – देवास में सत्ता हो या विपक्ष कांग्रेस में दो ही गुट भारी रहे हैं स्वर्गीय ठाकुर राजेंद्र सिंह बघेल गुट दूसरा सज्जन वर्मा गुट। सन 2018 की सत्ता में भी एक तरफा मनोज राजानी की चली सज्जन वर्मा गुट पूरा राजा नहीं चला रहे हैं और दूसरा बघेल गुट चुनावी टिकट के कारण विरोध से रहा ऐसा ही देवास में दमदारी अपने बल पर अपनी टीम बनाने वाले जय सिंह ठाकुर को भी चुनाव में टिकट में समझौते में एक और गुट पनपने से रह गया फिर भी देवास में जिले में अभी तक कई राजानी विरोधी है जिन्होंने अभी तक समझौता नहीं किया है और अंदर ही अंदर दूसरे गुट की तैयारी चल रही है परंतु अभी पिछले सप्ताह की खबर जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को प्रमोशन में बड़े पद मिलने की खबर के बाद कई विरोधी अब खुलकर सामने आने की बजाएं समय का इंतजार ही उचित समझ रहे हैं वैसे टाइम तो नगर निगम और पंचायत के चुनाव के कारण मजबूरी का नाम राजानी बोल रहे थे ।अब तो इनके नेता जी को दिल्ली में प्रमुख पद मिलने की बात से ही हताश हो गए हैं वैसे राजानी सत्ता हो या विपक्ष लगातार मैदान में रहे हैं अब दिल्ली में नेताजी के पद मिलने के बाद इनका प्रमोशन होता है या देवास वाले को ही मजबूरी का नाम।

    भगत – जीतू गौड़ भी तो है।

    बाबा – हां युवा कांग्रेस मैं जितेंद्र गौड़ लगातार आंदोलन करते रहे हैं अभी इनका नुक्कड़ नाटक भी चर्चा में रहा। आंदोलन में लाते ही नया आईडिया है जिससे मीडिया मे भी खबर चलाना ही पड़े साथ में बड़े वाले नेता मनीष चौधरी जो है। भगत – एक और चौधरी ने धूम मचा दी। बाबा – हां उमेश चौधरी ने कोरोना आपदा के बाद हिंदू नव वर्ष पर देवास में ऐतिहासिक भगवा यात्रा निकाल कर धूम मचा दी सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने भी इसमें भाग लिया भगवा यात्रा शहर को भगवा मय कर गई उमेश चौधरी की यात्रा सफल रही। सबसे बड़ा कारण हिंदू नववर्ष के दिन निकलना रहा केवल अपने दम पर यह यात्रा निकालना राजनीति में चर्चा का विषय रहा।

    भगत -इस वर्ष हिंदू नव वर्ष गुड़ी पड़वा भी धूमधाम से मनाया।

    बाबा – अंग्रेजों के दिए कैलेंडर को धीरे धीरे हमारी युवा जागरुक पीढ़ी ने पूरी तरह बदल दिया है अब अंग्रेजी संस्कृति को बाय-बाय कर रही है युवा पीढ़ी और उसमें हम सभी साथ निभा रहे हैं। थोपा गया अंग्रेजी नववर्ष अब हिंदू नव वर्ष के सामने फीका नजर आ रहा है वैसे भी प्रकृति भी हिंदू नव वर्ष का स्वागत करती है खेतों में फसल कट कर तैयार ऋतु परिवर्तन के साथ ही हमारे मन में भी उत्साह उमंग और कुछ नया करने का नव वर्ष का उल्लास बढ़ाता है नव वर्ष पर संस्कार भारती द्वारा वर्षों से सांस्कृतिक पारंपरिक आयोजनों के साथ सूर्य को अर्घ्य देकर स्वागत किया जाता है इस बार भी संस्कार भारती द्वारा आयोजन सराहनीय रहे तो पूरे शहर में वार्ड वार्ड में सामाजिक धार्मिक संस्था द्वारा नव वर्ष को यादगार बना दिया। भगत- चामुंडा टेकरी पर भी चाक- चौबंद व्यवस्था। बाबा- नव वर्ष के साथ नवरात्रि महोत्सव के रूप में जिला प्रशासन चामुंडा टेकरी पर मना रहा है जहां पर सुबह शाम आरती का सीधा प्रसारण शहर के सार्वजनिक स्थलों पर तो शाम को देवास के ही लोकप्रिय कलाकारों द्वारा रोज भजन संध्या में भक्तों को अपार आनंद आ रहा है चामुंडा देव संस्थान समिति द्वारा चलाया जा रहे अन्न क्षेत्र मैं भी श्रद्धालुओं को भोजन प्रसादी ग्रहण कर रहे हैं जिला प्रशासन की इस बार चाक-चौबंद व्यवस्था नजर आ रही है बाकी फिर 51 किलो का हार और सब कुछ तो हे ही ।

    भगत -बोरिंग पर भी प्रतिबंध नई दुकान खुल गई ।

    बाबा – जिला कलेक्टर ने जिले को अभावग्रस्त घोषित कर नलकूप खनन बोरिंग पर प्रतिबंध लगा दिया अच्छी बात है अधिकारी की सोच अच्छी है परंतु क्या वाकई में जिला प्रशासन का प्रतिबंध प्रतिबंध रहता है यह एक औपचारिक आदेश बनकर रह जाता है नगर निगम हो या ग्राम पंचायत धड़ल्ले से अनुमति उसे ही मिलती है जो आर्थिक रूप से सेवा कर दे या फिर दमदार व्यक्ति हो शासन के आदेश का तोड़ इनके पास है बोरिंग मशीन ठेकेदार एक तो रेट बढ़ा देगा जिसमें अनुमति से लेकर पुलिस थाने और अन्य अधिकारी का नाम भी सूची में जोड़ लिया जाएगा अगर वाकई में इसका पालन कराना है तो अनुमति की प्रक्रिया जिला प्रशासन किसी ऐसे अधिकारी के हाथ में दे जो इमानदारी से इसका पालन करा सके वरना नई दुकान तो आदेश के बाद ही खुल गई समझ लो।

    भगत -जिला चिकित्सालय को अवार्ड मिला है दूसरे नंबर पर आया है पूरे प्रदेश में।

    बाबा- बहुत अच्छी बात है देवास जिला चिकित्सालय को प्रदेश में दूसरे नंबर कायाकल्प के लिए दिया है वाकई में देवास जिला चिकित्सालय का कायाकल्प हुआ है आम जनता का सरकारी अस्पताल से एक प्रकार से विश्वास ही उठ गया था लेकिन अगर वह देवास जिला चिकित्सालय में अंदर जाकर देखें तो हमारा देवास जिला चिकित्सालय किसी निजी नर्सिंग होम से बढ़कर है देवास जिले के जनप्रतिनिधि अधिकारी की मेहनत से यहां पर कायाकल्प तो हो गया है संसाधन बढ़ गए हैं बिल्डिंग चमक रही है बस अब यहां पर पदस्थ डॉक्टर और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को भी कायाकल्प करना होगा जो कि सब सुधर जाए हम नहीं सुधरेंगे की कसम खाकर बैठे हैं नए कोई डॉक्टर और स्टाफ कुछ हद तक ठीक है परंतु पुराने वर्षों से जमे यहां की व्यवस्था नहीं सुधरने दे रहे हैं जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन को अपनी मेहनत पूरी कामयाब करने के लिए यहां की स्टाफ और डॉक्टरों की कार्यप्रणाली को भी बदलना होगा खासकर महिला चिकित्सक तो सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर देती है शिकायत और शिकायत के बाद भी अभी तक उन पर कोई कार्यवाही नहीं होना उनका हौसला बढ़ाता है इटावा का छोटा सा प्राथमिक चिकित्सालय ईमानदारी से कार्य कर रहा है ओ बावडिया और अन्य प्राथमिक चिकित्सालय अभी भी जन सेवा में पीछे नहीं है इसी तरह क्या जिला चिकित्सालय के डॉक्टर और कर्मचारी अपना ह्रदय परिवर्तन नहीं कर सकते वरना जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन को यहां पर थोड़ा सा परिवर्तन कर देवास जिला चिकित्सालय को प्रदेश में और जनता के दिल में नंबर वन पर ला सकती है वरना अभी तो केवल सूरत बदली है सीरत नहीं।

    भगत – नई शराब दुकानों का विरोध।

    बाबा – बेटा यह नई नहीं स्थान परिवर्तन है अब देसी के साथ विदेशी भी मिलेगी तो ठेकेदार की तो बल्ले बल्ले हो गई है उल्टा राज्य शासन ने कर भी घटा दिया है अब ठेकेदार अपने हिसाब से जगह देख कर दुकान लगा रहे हैं कहीं ऐसी जगह पर भी दुकान लग रही है जहां नहीं लगना चाहिए दुर्घटना के साथ धार्मिक स्थल और अन्य बातें हैं इसी कारण विरोध हो रहा है परंतु शुरू में दो-चार दिन विरोध के बाद थोड़ी आगे पीछे जगह बदलकर दुकान लग ही जाएगी पुराने ठेकेदार वापस आ गए हैं मामा जी शराब ठेकेदार पर मेहरबान है कामधेनु विभाग खूब राजस्व बरस रहा है इसीलिए ठेकेदार भारी पड़ते हैं उनसे ज्यादा शराब बनाने वाली कंपनियां। कांग्रेस  के पास मुद्दा बैठे-बिठाए मिल गया है सही बात भी है कि शराब दुकान घटने के बजाय बढ़ रही है और ठेकेदार के हौसले। जिला आबकारी विभाग वैसे तो ठेकेदार के हिसाब से ही कार्य करता है परंतु जिले में अभी आबकारी विभाग लगातार अवैध शराब पकड़ कर बढ़त बनाए हुए हैं कम से कम कार्रवाई तो रोज हो रही है बस इतना ध्यान रखिए की दुकान ऐसी जगह ना खुलवाएं की जिसका दुष्प्रभाव पूरे समाज पर पड़े।

    भगत -पूर्व क्लब अध्यक्ष को सजा हो गई।

    बाबा – कर्म और भाग्य का खेल है कभी उनके परिजनों के कर्म के कारण नाम चलता था अब अपने कर्म के कारण नाम चल रहा है। बहुत समय से लंबित पड़े मामले में सजा दी गई है अब न वह प्रेस क्लब में सदस्य तक नहीं है ना पत्रकारिता में दोनों जगह से बहुत समय पहले बाहर हो गए हैं।

    भगत -बाबा लकड़बग्घे के बाद तेंदुआ भी तुरंत पकड़ा गया।

    बाबा -देवास पहले वन क्षेत्र रहा है अपार जंगल और वन संपदा से भरा हुआ बैंक नोट प्रेस और मां चामुंडा टेकरी भी चारों ओर से हरियाली खुशहाली का संकेत देती थी। परंतु धीरे-धीरे यहां पर आसपास सीमेंट कंक्रीट का जाल फैल गया फिर भी कुछ जागरूकता के कारण टेकरी बच गई है अभी भी जंगल क्षेत्र है और नोट प्रेस मैं तो अभी भी कुछ क्षेत्र पूरा जंगल क्षेत्र है जहां पर कई दुर्लभ पशु पक्षी भी है कभी भोजन की तलाश में तो कभी ऐसे ही भटकते आ जाते हैं और मीडिया के लिए बड़ी खबर हो जाती है वन विभाग ने तुरंत पकड़ लिया तेंदुआ वरना रोज एक खबर तो मुफ्त में मिली जाती वैसे देवास जिले में अभी भी सभी वन प्राणी है हम उनके क्षेत्र में लगातार कब्जा किए जा रहे हैं कभी वह हमारे क्षेत्र में आ जाते हैं तो खबर बन जाती है।

  • माँ केला देवी का मंदिर परिसर अध्यात्मिक केंद्र होकर विगत 25 वर्षो से चैत्री नवरात्रि में सिद्ध कारक अनुष्ठान होते रहे हैं, 3 अप्रैल से देवकीनंदन जी ठाकुर के श्रीमुख से बहेगी अध्यात्म की गंगा

    देवास। जगत जननी शक्ति रूपा माँ केला मैया की कृपा है जो देवास का यह आध्यात्मिक केंद्र होकर देश के बड़े-बड़े विद्वान संत एवं अध्यात्म पुरुषों का निरंतर पदार्पण होता रहा है। जिसका लाभ परोक्ष और अपरोक्ष रूप से देवास की भगवत प्रेमी जनता को प्राप्त होता है। यह बात माँ कैलादेवी मंदिर उत्सव समिति संयोजक रायसिंह सेंधव ने चैत्री नवरात्रि पर्व पर 3 अप्रैल से ख्यात अध्यात्म प्रवक्ता देवकीनंदन जी ठाकुर के द्वारा होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के तारतम्य में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहीं। सेंधव ने बताया कि मंदिर के संस्थापक मन्नुलाल गर्ग, दीपक गर्ग एवं परिवार की अपार आस्था है कि विगत 25 वर्षों से लगातार मिश्रीलाल नगर में कैला देवी मंदिर अध्यात्म अनुष्ठान करवा कर हमारे वैदिक एवं सनातन विचारों से आमजन को जोडक़र कल्याणकारी मार्ग की ओर प्रेरित किया जा रहा है। प्रतिवर्ष अनुसार चैत्री नवरात्रि पर 2 अप्रैल को घट स्थापना के साथ माँ केला देवी की महापूजन एवं नौ दिवसीय अनुष्ठान प्रारंभ होगा 3 अप्रैल से अंतर्राष्ट्रीय भागवत प्रवक्ता विश्वशांति दूत देवकीनंदन जी ठाकुर द्वारा संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा सप्ताह प्रारंभ होगा। कथा का समय प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से रहेगा। संगीतमय इस कथा में प्रसंगों के अनुसार झांकियां प्रस्तुत की जाएगी। इस दौरान ख्यात भजन गायक बाबूलाल राजोरिया की भजन संध्या, कवि सम्मेलन एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। जिसका समय रात्रि 8 बजे से रहेगा कथा के पूर्व 3 अप्रैल को कलश शोभायात्रा मंदिर से कथा स्थल गोकुल गार्डन तक निकाली जाएगी। ग्रीष्मकाल को देखते हुए वातानुकूल कथा पांडाल तैयार किया गया है जो लगभग 60 हजार वर्ग फीट से अधिक का कथा पांडाल तैयार हुआ है। इसमें महिला एवं पुरुषों के बैठने की प्रथक-प्रथक व्यवस्था रहेगी। शुद्ध पेयजल की व्यवस्था भी की गई है। 9 अप्रैल को कथा पूर्णाहुति के साथ देवी अनुष्ठान यज्ञ की पूर्णाहुति होगी। 10 अप्रैल को श्रीराम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। पूर्णिमा को हनुमान जयंती पर भगवान हनुमान का प्राकट्य उत्सव का पूजन महाआरती एवं प्रसादी वितरण कार्यक्रम होगा। कैलादेवी मंदिर उत्सव समिति के पूर्व महापौर रेखा वर्मा, पूर्व महापौर जयसिंह ठाकुर, राजेश यादव, अजब सिंह ठाकुर, देवकृष्ण व्यास, चेतन उपाध्याय, राजेश खत्री, बृजमोहन अग्रवाल, ओपी दुबे, दिनेश सांखला, मोहन श्रीवास्तव, अनामिका गर्ग, मधु शर्मा, ममता शर्मा, वीणा महाजन, राजू चौधरी, अनिता दुबे, अनिता श्रीवास्तव सहित समिति के सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं के सहयोग एवं दायित्वों से इतना बड़ा आयोजन संभव होता है। आयोजक मण्डल ने देवास एवं क्षेत्र की धर्मप्रेमी जनता से कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।