जिला अस्पताल के नवनिर्मित क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का एसीएस अशोक वर्णवाल और एमडी एनएचएम सलोनी सिडाना ने किया निरीक्षण

देवास। जिस चिकित्सालय में समय पर डॉक्टर तो दूर स्टाफ तक नहीं आता था वहां पर आधे घंटे पूर्व ही प्रशासनिक अधिकारी से लेकर पूरा स्वास्थ्य विभाग अपनी वेशभूषा में मौजूद हो और खासकर चकाचक साफ सफाई और व्यवस्था देख आम रोगी यही कह रहा था कि आज कोई बड़े साहब आ रहे हैं तो बात सही भी है मध्य प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) अशोक वर्णवाल एवं राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की प्रबंध संचालक सलोनी सिडाना ने शुक्रवार को जिला अस्पताल पहुंचकर नवनिर्मित क्रिटिकल केयर हेल्थ ब्लॉक का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ऋतुराज सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने क्रिटिकल केयर यूनिट के विभिन्न कक्षों, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर और ब्लड बैंक डोनर रूम का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में विकसित की जा रही सुविधाएं मरीजों की जरूरतों और सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार की जाएं।

अपर मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल ने ऑपरेशन थिएटर की गुणवत्ता बनाए रखने तथा वहां स्थापित उपकरणों और लाइटिंग व्यवस्था को उच्च मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आईसीयू यूनिट का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्देशित किया कि क्रिटिकल केयर ब्लॉक को जिला अस्पताल के मुख्य भवन से 7 से 15 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से जोड़ा जाए, ताकि मरीजों को बेहतर और सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध कराई गई सामग्री एवं उपकरणों का गुणवत्तापूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने, प्रत्येक कक्ष का उद्देश्य के अनुरूप उपयोग करने तथा भवन की सीढ़ियों को मरीजों की सुविधा के अनुसार विकसित करने के निर्देश भी दिए।