। देवास पुलिस ने चोरी के एक सनसनीखेज मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा सामान बरामद कर लिया है। हैरानी की बात यह रही कि जिस परिवार के घर चोरी हुई, आरोपी उसी परिवार के बेटे का करीबी दोस्त निकला।
जानकारी के अनुसार छतरपुरा रोड निवासी 61 वर्षीय महिला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके मकान की अलमारी से सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी हो गई है। घटना 7 मई 2026 की रात की है। सुबह परिवार के सदस्यों ने अलमारी का सामान बिखरा हुआ देखा तो चोरी का पता चला। शिकायत पर थाना बागली में प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक देवास के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी संजय सिंह बैंस बागली के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने मामले की गहन पड़ताल की।
जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन फरियादिया का बेटा और उसका दोस्त विशाल बैरागी साथ बैठकर शराब पी रहे थे।
बाद में बेटा घर में सो गया, जबकि विशाल घर के आसपास ही रुका रहा। घर का दरवाजा खुला देखकर उसने मौका पाकर अलमारी खंगाली और नकदी व जेवरात चोरी कर लिए।
पुलिस ने संदेही विशाल बैरागी से पूछताछ की तो उसने चोरी की वारदात कबूल कर ली।
उसकी निशानदेही पर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी विशाल पिता गोपाल बैरागी (22 वर्ष), निवासी छतरपुरा रोड, बागली है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब 70 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, 4,500 रुपये नकद, चांदी की पायल, बिछिया, बैंक के खाली चेक सहित अन्य सामान बरामद किया है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से चोरी का खुलासा होने पर क्षेत्रवासियों ने राहत और संतोष व्यक्त किया है।


