Blog
-

कृषि विज्ञान केन्द्र देवास में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण का हुआ आयोजन ———— संरक्षित खेती, जैविक खेती, उद्यानिकी की नवीन तकनीक अपनाकर अधिक लाभ कमाने पर दी विस्तृत जानकारी
———— देवास, कृषि विज्ञान केन्द्र देवास में एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। जिसमें उद्यानिकी कृषकों/उद्यमियों एवं विकासखण्ड के उद्यानिकी अधिकारियों ने भाग लिया। कृषक प्रशिक्षण में उपसंचालक कृषि, उपसंचालक उद्यानिकी, वरिष्ठ वैज्ञानिक (उद्यानिकी) तथा वरिष्ठ वैज्ञानिक (प्रसार) द्वारा उपस्थित कृषकों को संरक्षित खेती, जैविक खेती, क्षेत्र विस्तार एवं उद्यानिकी की नवीन तकनीक को अपनाकर अधिक लाभ कैसे प्राप्त किया जाए आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना अंतर्गत खाद्य प्रसंस्करण इकाईयों की स्थापना, ऋण प्रकरण बैंकों को प्रस्तुत करने एवं उत्पाद की ब्राडिंग, मार्केटिंग, पैकेजिंग से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। किसानों को कृषि विज्ञान केन्द्र के प्रक्षेत्र का भ्रमण कराया गया। कार्यक्रम में उपसंचालक उद्यानिकी श्री पंकज कुमार शर्मा ने उपस्थित समस्त कृषकों/उद्यमियों एवं अधिकारियों का आभार माना।
-

श्रीमंत के 13 खासों के कटेंगे टिकट!, भाजपा के चार पूर्व विधायक कांग्रेस में जाएंगे!, भाजपा के पांच प्रभारी, अंधेरे में हाईकमान , शोभा, भूपेंद्र बने पीसीसी में मीडिया की धुरी , भाजपा के प्रवक्ताओं का ग्लेमर खत्म हुआ! ( लोकप्रिय साप्ताहिक स्तम्भ ‘नारद संहिता’) —————————————————— महेश दीक्षित
—————————————————- श्रीमंत के 13 खासों के कटेंगे टिकट! श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस के जो 21 विधायक भाजपा में शामिल हुए थे, उन सबकी भाजपा में फजीहत शुरू हो गई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार आगामी विधानसभा चुनाव में इनमें से श्रीमंत के 6 खास-रघुराज कंसाना, गिरिराज दंडोतिया, रणवीर जाटव, मुन्ना लाल गोयल, इमरतीदेवी और जसवंत जाटव के टिकट तो कट ही रहे हैं। ये वो श्रीमंती हैं, जो विधानसभा उपचुनाव में हार गए थे। इसके अलावा सरकार में बैठे श्रीमंत के 11 मंत्रियों में से 7 मंत्रियों के टिकट कट सकते हैं। नारदजी कहते हैं कि, इन श्रीमंतियों के इसलिए टिकट कटेंगे, क्योंकि संघ और भाजपा संगठन के जमीनी सर्वे में इन श्रीमंतियों की रिपोर्ट अत्यंत खराब आई है। इसके साथ इन श्रीमंतियों का इनके अपने ही क्षेत्र में भाजपा में जबरदस्त विरोध हो रहा है।
— भाजपा के चार पूर्व विधायक कांग्रेस में जाएंगे! कटनी जिले के भाजपा के चार पूर्व विधायकों-ध्रुवप्रताप सिंह, अलका जैन, सुकीर्ति जैन और गिरिराज किशोर पोद्दार ने भाजपा के जिम्मेदारों-रणनीतिकारों की रीति-नीति पर सवाल उठाकर ऐन विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा को मुश्किल में डाल दिया है। ये नाराज पूर्व विधायक उपेक्षा और अनदेखी का आरोप लगाते हुए कह रहे हैं कि सत्ता-संगठन में भागीदारी नहीं, कम से कम सम्मान तो दिला दो। कटनी के एक वरिष्ठ कार्यकर्ता बताते हैं कि, ये चारों पूर्व विधायक इतने उद्वेलित हो चुके हैं कि, कभी भी कांग्रेस में जा सकते हैं। नारदजी कहते हैं कि इन पूर्व विधायकों के बगावती स्वरों की भोपाल से दिल्ली तक इसलिए भी गूंज हो रही है, क्योंकि ये चारों पूर्व विधायक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद वीडी शर्मा के संसदीय क्षेत्र से आते हैं।
— भाजपा के पांच प्रभारी, अंधेरे में हाईकमान ! मध्यप्रदेश भाजपा में पांच प्रभारियों को लेकर भाजपा के वरिष्ठ नेता रघुनंदन शर्मा ने कुछ दिन पहले कहा था कि, ‘पांच पतियों’ वाली ‘द्रौपदी’ की जैसी दुर्दशा हुई थी, वैसी ही दुर्दशा मप्र में ‘भाजपा’ की हो रही है। रघुनंदन शर्मा की इस पीड़ा के भाजपा के पांचों प्रभारियों ने क्या मायने निकाले, यह तो वो जाने। लेकिन इससे यह तो साफ हो गया कि, मप्र में अबकी बार ‘200’ पार का नारा देने वाली भाजपा की जमीनी स्थिति ठीक नहीं है। भाजपा के एक पुराने वरिष्ठ कार्यकर्ता नारदजी से कहते हैं कि, पार्टी की ‘सेहत’ इतनी बिगड़ने के बाद भी यदि मप्र भाजपा संगठन का उपचार नहीं किया जा रहा है, तो इसका सीधा मतलब है पांचों प्रभारी भाजपा हाईकमान को लगातार अंधेरे में रखे हुए हैं। संभवत: पांचों प्रभारियों को पार्टी के डायलिसिस पर जाने का इंतजार है।
—- शोभा, भूपेंद्र बने पीसीसी में मीडिया की धुरी कर्नाटक चुनाव में भारी जीत और उसके बाद राहुल गांधी का दावा कि, अगले विधानसभा में मध्यप्रदेश में हम 150 सीटें जीत रहे हैं, के बाद से मप्र कांग्रेस उत्साह से लबरेज है। पार्टी का ये उत्साह ठंडा न पड़ जाए, इसके लिए पीसीसी चीफ कमलनाथ ने ‘प्रभावी औरा’ वाले दो पदाधिकारियों को अहम जिम्मेदारी सौंपी है । इसमें शोभा ओझा को कांग्रेस के सभी मोर्चा संगठनों का संयोजक बनाने के साथ पीसीसी में दोबारा बैठा दिया गया है। इसी तरह से प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता, जिनको मप्र कांग्रेस का थिंक टैंक माना जाता है, का कद बढ़ाकर मीडिया समन्वयक की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। नारदजी कहते हैं कि शोभा और भूपेन्द्र विधानसभा चुनाव तक पीसीसी में मीडिया की धुरी रहेंगे और मैदान में कांग्रेस और आक्रामक मुद्रा दिखाई देगी। –
— भाजपा के प्रवक्ताओं का ग्लेमर खत्म हुआ! मध्यप्रदेश भाजपा में पूर्व मंत्री अर्चना चिटनिस, सांसदद्वय महेंद्र सिंह सोलंकी और केपी यादव सांसद सरीखे 17 प्रवक्ता और करीब इतने ही टीवी वार्ताकारों की लंबी-चौड़ी फौज है। लेकिन प्रवक्ताओं की यह फौज अभी वैसी सक्रिय और आक्रामक दिखाई नहीं देती, जैसी पहले टीवी चैनलों पर लड़ती, जूझती और पार्टी का पक्ष रखती दिखाई देती थी। भाजपा के एक पुराने नेता कहते हैं कि जैसे पिछले चार सालों में भाजपा के प्रवक्ताओं का ग्लेमर ही खत्म हो गया है। पार्टी ने जिनको प्रवक्ता बनाया, वे राजनीति करते तो नजर आते हैं। लेकिन न तो विपक्ष के हमलों का जवाब देते दिखाई देते हैं, न पार्टी का सकारात्मक पक्ष रखते नजर आते हैं। नारदजी कहते हैं पार्टी ने हाल ही में आशीष अग्रवाल को मीडिया प्रभारी और गोविन्द मालू को प्रवक्ता बनाकर भाजपा के तेवरों को धार देने की कोशिश तो की है। लेकिन देखना यह कि ये प्रयोग भाजपा के कमजोर मीडिया सेल में कितनी दम फूंक पाता है? —– Email id-maheshdixit66@gmail.com/ (mb)-9893566422
-

पूर्व मंत्री वर्मा ने देवास जिले में पीएचई मैं हो रहे करोड़ों के भ्रष्टाचार की जांच की मांग की
देवासः-म.प्र. शासन के पूर्व मंत्री एवं सोनकच्छ विधायक श्री सज्जनसिंह वर्मा ने देवास जिले के पी.एच.ई. विभाग में हो रही करोड़ों रूपये के भ्रष्टाचार की जाँच की मांग की है। श्री वर्मा ने आरोप लगाया कि देवास जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में योजनांतर्गत नल जल योजना में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। जिले के एक भी ग्रामों में नल जल योजना सुचारू रूप से संचालीत नहीं हो पा रही हैं ठेकेदार द्वारा टंकी निर्माण, पाईप खरीदी एवं योजना में प्रयुक्त सामग्री घटिया किस्म की उपयोग में लायी जा रही है। नल जल योजना में न तो पानी किसी गांव को उपलब्ध हो पा रहा है ना ही उसका लाभ आमजन को मिल पा रहा है क्योंकि अधिकांश जगह जो मोटरे खरीदी गई वह भी घटिया क्वालिटी होने के कारण जली पड़ी है उनको सुधारने की कोई व्यवस्था नहीं हो पा रही है। पेयजल योजना अंतर्गत बनाए गए चेंबर कई जगह खुले व क्षतिग्रस्त पड़े हुए है। इसके अलावा स्कूल, आंगनवाड़ी केन्द्र एवं आश्रम शालाओं में पी.एच.ई. विभाग ने बच्चों को शुद्व पानी पीने के लिए जो कार्य ठेकेदार से करवाए गए है विभाग ने उन कार्यो को पूर्ण बताकर ऑनलाईन दर्ज कर झूठी वाहवाही लुटी है जबकि हकीकत यह है कि कई जगहों पर कार्य अपूर्ण स्थिति में ही पड़े हुए है, ठेकेदार द्वारा पूर्ण नहीं किया है। नल जल योजना अंतर्गत पाईप लाईन तीन फीट गहरी खोदना थी लेकिन कई जगहों पर एक फीट ही खोदी गई है। कई जगह अभी भी खुदी हुई पड़ी है, न कोई रिपेरिंग हुई है बारीश में लोगों का निकलना दुश्वार हो जाएगा। ग्राम पंचायतों एवं लोकनिर्माण विभाग द्वारा ग्रामो में निर्मित सड़कों को खोदने के उपरांत जो पाईप लाईन डाली गई है उन सड़कों को रिपेयर करने के लिए भी पी.एच.ई. विभाग द्वारा 20 प्रतिशत राशि सड़कों के रिपेयर हेतु रिजर्व रखी जाती है। नल जल येजना में खोदी गई सड़कों की ठेकेदार द्वारा पुन. मरम्मत अब तक नहीं की गई है जिसके गांव के सारे रास्ते बंद पड़े हुए है बारीश के मौसम में गांव की हालत बहुत बेकार हो जाएगी, लोग पैदल भी नहीं निकल पाऐगें, लोगों को आने-जाने में परेशान हो रही है, गांव की स्थिति नर्क जैसी बन जाएगी। आज तक विभाग ने राशि कहाँ खर्च की, किस एजेन्सी के माध्यम से रिपेयर कार्य करवाया कोई विवरण कार्यालय में उपलब्ध नहीं है। करोड़ों की राशि कहाँ गायब हो गई इसका अतापता नहीं है। श्री वर्मा ने कलेक्टर देवास से देवास जिले के विधायकों की जाँच समिति बनाने का अनुरोध किया है जिससे पी.एच.ई. विभाग की कारगुजारिया, भ्रष्टाचार, अर्कणमता जग जाहिर हो सके एवं दोषियों को दण्ड़ित किया जा सकें।
-

जिले के हजारों युवाओं को मिलेगा रोजगार, मुख्यमंत्री सीखो कमाओ योजना के लिए कलेक्टर और उद्योगपति की बैठक संपन्न, उद्योगों का पंजीयन 7 जून से और युवाओं का पंजीयन 15 जून से, प्रशिक्षण के साथ 8 से ₹10000 प्रति माह मिलेगा, बेरोजगार युवाओं के लिए एक अवसर
——— ————— देवास बेरोजगार युवाओं के लिए यह अच्छा अवसर है ‘’मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ’’ योजना के क्रियान्वय के संबंध में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में देवास जिले में स्थापित उद्योगो के प्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में बैठक आयोजित हुई। बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रियंका मिमरोट, उद्योग संगठन देवास के अध्यक्ष श्री अशोक खण्डेरिया, सचिव श्री अमरजीत सिंह खनूजा, अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में उद्योगो के प्रतिनिधि गुगल मीट से भी शामिल हुए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा युवाओं को रोजगार के लिए कौशल सिखाने एवं रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘’मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ’’ योजना लागू की है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने उद्योगों के प्रतिनिधियों को योजना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि योजना में युवाओं को प्रशिक्षण देने वाले उद्योगो का पंजीयन 07 जून से शुरू होगा। बैठक में प्रतिनिधियों ने योजना के संबंध में सुझाव भी दिये। कलेक्टर श्री गुप्ता ने उद्योगो के प्रतिनिधियों से कहा कि देवास-इंदौर रोड़ पर संविधान पार्क में सीएसआर फण्ड से भारतीय संस्कृति से संबंधित प्रतिकृति का निर्माण करें। उद्योग प्रतिनिधि संविधान पार्क अपने-अपने स्थान का चयन कर लें। उन्होंने कहा कि देवास शहर की एंट्री बहुत सुंदर है, इसे और भी खूबसूरत बनाना है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में विश्व पर्यावरण दिवस 05 जून से 20 जून तक मनाया जा रहा है। माता जी टेकरी पर तीन हजार पौधे एवं शंकरगढ पहाडी पर 27 पौधो का रोपण किया जायेगा। विश्व पर्यावरण पखवाडा में शंकरगढ पहाडी पर वन विभाग द्वारा पौधो का विक्रय करने के लिए एक नर्सरी स्थापित की जायेगी। जिसमें 15 तरह के पौधे उपलब्ध रहेंगे। नर्सरी से अपनी पंसद के पौधे क्रय कर, शंकरगढ पहाडी पर लगा सकते है। बैठक में बताया गया कि ‘’मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ’’ योजना काम सीखने के इच्छुक युवाओं का पंजीयन 15 जून से शुरू होगा और प्लेसमेंट 15 जुलाई से आरंभ होगा। कार्य सीखाने वाले प्रतिष्ठान और राज्य शासन के बीच 31 जुलाई से अनुबंध की कार्यवाही होगी। एक अगस्त से युवा, कार्य आरंभ कर देंगे। कार्य से सीखने की अवधि में युवाओं को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। 18 से 29 वर्ष के युवा होंगे पात्र योजना में प्रदेश के कम से कम एक लाख युवाओं को प्रतिष्ठानों में प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए मध्यप्रदेश के स्थानीय निवासी, 18 से 29 वर्ष के युवा, जिनकी शैक्षणिक योग्यता 12वीं अथवा आईटीआई या उच्च है, वे योजना में पात्र होंगे। प्रशिक्षण के बाद मध्य प्रदेश राज्य कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण बोर्ड (MPSSDEGB) द्वारा स्टेट कॉउसिल फॉर वोकेशनल ट्रेनिंग (SCVT) का प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। योजना से युवाओं को प्रशिक्षण के साथ स्टाइपेंड मिलेगा, कौशल उन्नयन से उनके रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और कमाई का बेहतर मार्ग प्रशस्त होगा। 8 से 10 हजार रूपए तक होगा स्टाइपेंड योजना से देश और प्रदेश के प्रतिष्ठित औद्योगिक तथा निजी संस्थानों को जोड़ा जाएगा। प्रतिष्ठान के पास पैन नंबर और जीएसटी पंजीयन होना आवश्यक होगा। प्रतिष्ठान अपने कुल कार्यबल के 15 प्रतिशत की संख्या तक छात्र प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण दे सकेंगे। योजना में 12वीं उत्तीर्ण प्रशिक्षणार्थियों को 8 हजार रूपए, आईटीआई उत्तीर्ण को 8 हजार 500 रूपए, डिप्लोमा उत्तीर्ण को 9 हजार रूपए और स्नातक उत्तीर्ण या उच्च शैक्षणिक योग्यता वालों को 10 हजार रूपए प्रतिमाह स्टाइपेंट दिया जाएगा। स्टाइपेंड की 75 प्रतिशत राशि राज्य शासन की ओर से प्रशिक्षणार्थी को डीबीटी से भुगतान की जायेगी। संबंधी प्रतिष्ठान को निर्धारित न्यूनतम स्टाइपेंड की 25 प्रतिशत राशि प्रशिक्षणार्थी के बैंक खाते में जमा करानी होगी। योजना में प्रशिक्षण के लिए 700 से अधिक कार्य क्षेत्र चिन्हित योजना में प्रशिक्षण के लिए 700 से अधिक कार्य-क्षेत्र चिन्हित किए गए हैं। इसमें विनिर्माण क्षेत्र, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, सिविल, प्रबंधन, मार्केटिंग, होटल मैनेजमेंट, टूरिज्म, ट्रेवल, अस्पताल, रेलवे, आई.टी. सेक्टर, सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट, बैंकिंग, बीमा, लेखा, चार्टर्ड एकाउंटेंट और अन्य वित्तीय सेवाओं से जुड़े प्रतिष्ठानों को जोड़ा जाएगा। मीडिया, कला, कानूनी और विधि सेवाएँ, शिक्षा-प्रशिक्षण तथा सेवा क्षेत्र में कार्यरत प्रतिष्ठान भी योजना में सम्मिलित होंगे। योजना से प्रशिक्षणार्थियों को उद्योग उन्मुख प्रशिक्षण, नवीनतम तकनीक और प्रक्रियाओं में दक्षता प्राप्त होगी, जिससे उनके नियमित रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। योजना से प्रमुख प्रतिष्ठानों को जोड़ने के लिए पुणे, बैंगलुरू और नोएडा में कार्यशालाएँ की जाएंगी। साथ ही प्रदेश में युवाओं को योजना की जानकारी देने के उद्देश्य से संभाग और जिला स्तर पर गतिविधियाँ संचालित होंगी।
-

कलेक्टर श्री गुप्ता ने एक आरोपी को एक वर्ष के लिए किया जिलाबदर
———– देवास, 31 मई 2023/ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री ऋषव गुप्ता ने मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के अन्तर्गत आरोपी ईश्वरसिंह पिता विक्रमसिंह उम्र 50 साल निवासी सिया थाना बीएनपी देवास को एक वर्ष के लिए जिला बदर किया है। कलेक्टर श्री गुप्ता ने आदेश दिया है कि आरोपी आदेश प्राप्ति से 24 घण्टे के भीतर जिला देवास एवं उसके आस पास के सीमावर्ती जिलों इन्दौर, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खण्डवा, खरगोन की राजस्व सीमाओं से बाहर चला जाए तथा जिला दंडाधिकारी न्यायालय की बिना पूर्व अनुज्ञा के प्रवेश नहीं कर सकेगा।
-
बालगढ़ में वाहन चालक ने लगाई फांसी
औद्योगिक थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाले राहुल पिता शंकर सिरसाठ उम्र 37 निवासी बालगढ़ जिन्होंने अपने ही घर में अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली । राहुल ड्राइवर का काम करते थे और सरल स्वभाव के थे। जानकारी देते हुए मृतक के भाई ने बताया कि मृतक राहुल की शादी हो गई थी 2 बच्चे है छोटे और मम्मी पापा 1 भाई उनकी वाइफ , बच्चे हे । 6 महीने पहले पति और पत्नी में विवाद हुआ था जब से ही पत्नी माइके महाराष्ट्र गई है ।रात में 9 बजे परिजनों ने देखा तो वहां अपने कमरे में ही था ।सुबह 7 बजे मृतक की मम्मी परिजनों ने देखा तो मृतक राहुल को पंखे से लटके देखा फिर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी औद्योगिक थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा जहां पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया ।



