महिला कृषक ने प्रवासी मजदूरों व जरूरतमंदों को वितरित की खाद्य सामग्री

देवास। देश में लोगों ने मिलजुल कर कोरोना को न सिर्फ हराने का संकल्प लिया, बल्कि जरूरतमंद लोगों तक खाद्यान्न और भोजन पहुंचाने का नेक काम कर रहे हैं। लॉकडाउन की वजह से कोई भी गरीब-असहाय भूखे पेट न सोए, इसके लिए समाजसेवियों के साथ ही विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों द्वारा जरूरतों की मदद का दौर जारी है। मप्र जन अभियान परिषद के कोरोना वालंटियर कोरोना की भयावह बीमारी में निस्वार्थ भाव से आम जनों का सहयोग कर रहे है। कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला, जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक देवेन्द्र शर्मा और देवास विकासखण्ड के ब्लाॅक अधिकारी नीलम सोनी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल के द्वारा सम्मानित ग्राम छोटी चुरलाय की महिला कृषक मानकुंवर बाई राजपूत और सिंहस्थ 2016 सहित कई बार प्रदेश में सम्मानित युवा कृषक व ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह राजपूत ने गांव में काम के लिए आए प्रवासी मजदूरों व शहर में जरूरतमंदों को सुखी व खाद्य सामग्री वितरित की। श्रीमती राजपूत ने बताया कि इस समय हमें जरूरतमंद लोगों की सहायता कर उनका साथ देना है। जिससे वे इस कठिन परिस्थिति में अपने को अलग न समझे और डट कर मुकाबला कर सके। उक्त जानकारी लाखन सिंह राजपूत ने दी।