ध्वज पूजन के साथ हुआ चेटीचंड महोत्सव का शुभारंभ, निकलेगी वाहन रैली

देवास। सिंधी समाज के आराध्य देव भगवान श्री झूलेलाल चेटीचंड महोत्सव के अंतर्गत पूज्य सिंध हिंदूू पंचायत द्वारा विधि विधान से शनिवार को सिंधु भवन ट्रस्ट पर समाज के ब्राह्मणों के सानिध्य में ध्वज पूजन के साथ भगवान झूलेलाल की महाआरती की गई। महाआरती के पश्चात दरिद्र नारायण का भंडारा आयोजित किया गया जिसमें बड़ी संख्या दरिद्र नारायणों ने प्रसादी ग्रहण की। समाज अध्यक्ष अनिल पंजवानी, सचिव अशोक पेशवानी ने बताया कि परम्परानुसार इस वर्ष भी चेटीचंड महोत्सव आयोजित किया जा रहा है। रविवार को प्रातः 9 बजे श्री मोहनधाम मंदिर जयप्रकाश मार्ग पर भगवान झूलेलाल की आरती के पश्चात विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी  जिसमें सभी हाथों में भगवा ध्वज लिए चलेंगे और आयो लाल झूलेलाल बेडा ही पार  का जयघोष करते हुए नगर के प्रमुख मार्गो से होते हुए उज्जैन रोड स्थित सिंधु भवन ट्रस्ट पर पहुंचेगी। महिला मंडल, सिंधू युवा मंडल, समाज के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्यों ने समाज जनों से अपील की है कि रैली में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हो। रात्रि में सिंधु भवन ट्रस्ट पर फूड फेस्टिवल एवं सिंधी समाज का मिलन समारोह आयोजित किया गया है। जिसमें ग्वालियर की पार्टी द्वारा जीवन पर्यंत पर आधारित नाटक का मंचन किया जाएगा। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी संजय तलरेजा ने दी।

More posts