प्रत्येक माता-पिता का यह सपना होता है कि उनका बच्चा शिक्षा प्राप्त करने के बाद अच्छे पद पर कार्य करें और उसके लिए सबसे पहले सिविल सर्विस को प्राथमिकता दी जाती है। शासकीय नौकरी सभी की पहली पसंद है। शासकीय नौकरी के लिए विभिन्न प्रकार की परीक्षाओं का आयोजन किया जाता है जिसके लिए यह आवश्यक है कि माध्यमिक विद्यालय स्तर से ही बच्चों को इसकी जानकारी दी जाए। इन परीक्षाओं में सफलता के लिए बेसिक कंसेप्ट क्लियर होना चाहिए। माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर पर वर्तमान में जो कोर्स निर्धारित है वह केवल पास होने के लिए नहीं पढ़ना चाहिए, बल्कि उसकी गहन अध्ययन करना चाहिए क्योंकि यही आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं का आधार बनता है। वर्तमान में केंद्रीय एवं राज्य स्तर पर अनेक परीक्षाओं का आयोजन किया जाता है जिसमें सामान्य ज्ञान , गणित, तर्कशक्ति अंग्रेजी एवम हिंदी का समावेश होता है। जिन विद्यार्थीयों को इन प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से नौकरी प्राप्त करना होता है उन्हें प्रतिदिन नियमित रूप से इन सभी विषयों का अध्ययन शुरू करना चाहिए। नियमित रूप से समाचार पत्र पढ़ना,रेडियो अथवा टीवी के समाचार सुनना, जिस प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना है उसका सोल्ड पेपर लाकर अध्ययन करना चाहिए। वर्तमान में अनेक प्रकार की पत्रिकाएं भी प्रकाशित होती है जिनमें इन परीक्षाओं से संबंधित सामग्री दी जाती है अतः किसी एक पत्रिका का अध्ययन करना भी उचित है। इन परीक्षा में उत्तीर्ण होने का सबसे सही तरीका यही है कि नियमित अध्ययन किया जाए। विषय वार नोट्स बनाए जाएं और एक निश्चित अंतराल पर मॉडल पेपर को हल किया जाए। वर्तमान में ऑनलाइन टेस्ट भी उपलब्ध है उसकी भी नियमित प्रैक्टिस की जाए। चयनित विद्यार्थीयो के इंटरव्यू विभिन्न समाचार पत्र एवं पत्रिका में प्रकाशित होते हैं उनसे पढ़कर भी मार्गदर्शन लिया जाए। नियमित अध्ययन एवं दृढ़ आत्मविश्वास किसी भी प्रतियोगिता परीक्षा में सफलता के लिए आवश्यक है। अपना लक्ष्य निर्धारित करके शुरुआत करें सफलता निश्चित मिलेगी। महेश सोनी राज्यपाल पुरस्कार प्राप्त शिक्षक प्रधानाध्यापक शासकीय माध्यमिक विद्यालय महाकाल कॉलोनी देवास