मंत्रीजी की बेटी की शादी में मप्र भाजपा में बदलाव की चर्चा, क्या नेता अफसरों के आशियानो पर चलेगा बुलडोजर, इवेंट कंपनी पर जांच एजेंसियों की नजर, किस राजनीतिक दल को डेढ़ करोड़ हजार का चंदा, विधायक-अध्यक्ष पर कांग्रेस में दंगल। ( लोकप्रिय स्तम्भ ‘नारद संहिता ‘ प्रदेश के वरिष्ठ पत्रकार महेश दीक्षित जी की कलम से)

—————————————————- मंत्री जी की बेटी की शादी में मध्य प्रदेश में भाजपा मैं बदलाव की चर्चा केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह की बेटी की ग्वालियर में आयोजित शाही शादी दो वजहों से राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। एक तो इस शादी समारोह में तमाम केन्द्रीय मंत्रियों, कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ भाजपा-संघ के सारे बड़े पदाधिकारी पहुंचे थे, दूसरा समारोह तो नरेन्द्र तोमर की बेटी की शादी के उपलक्ष्य में था, लेकिन भाजपा नेता-कार्यकर्ताओं में सिर्फ एक चर्चा थी कि, क्या मप्र भाजपा में बदलाव हो रहा है? कब तक हो रहा है? मप्र के नेता-कार्यकर्ता शादी समारोह में दिल्ली से पहुंचे हाईकमान के करीबियोंं से जानना चाह रहे थे कि कौन बन रहा है? नारदजी को दिल्ली हाईकमान के सूत्रों ने बताया है कि जेपी नड्डा, अमित शाह और बीएल संतोष ने तमाम दावेदारों की कुंडलियां (चरित्रावली) खंगालने और विधानसभा-लोकसभा चुनाव में हानि-लाभ का गणित लगाने के बाद बदलाव के लिए नाम तय कर लिया है, लेकिन वो कौन होगा? इसका ऐलान तो मोदी मुहर लगाने के बाद ही किया जाएगा। संभवत: अगले हफ्ते?

क्या नेता अफसरों के आशियाना पर चलेगा बुलडोजर? भोपाल के हाल ही में आए नए मास्टर प्लान ने आईएएस-आईपीएस अफसरों और नेताओं के सपनों को जैसे चकनाचूर कर दिया। ये वो आईएएस-आईपीएस अफसर और नेता हैं, जिन्होंने पर्यावरण संरक्षण के सारे नियम-कायदों को ताक पर रखकर बड़ी झील के कैचमेंट एरिया और ग्रीन लैंड नीलबढ़-रातीबढ़ और बेरखेड़ी में आलीशान आशियाने बना लिए थे और पिछले अठारह सालों से भोपाल का ऐसा मास्टर प्लान पास कराने की जोर-जुगत में लगे थे, जिसमें कि इनके अवैध आलीशन आशियाने वैध हो सकें। खैर, अब जब भोपाल के नए मास्टर प्लान में इनके आशियाने अवैध हो चुके हैं, तो राजनीतिक-प्रशासनिक गलियारों में यह सवाल उठ रहे हैं कि, क्या सरकार इन आईएएस-आईपीएस और नेताओं के अवैध आशियानों पर बुलडोजर चलाएगी?

—- इवेंट कंपनी पर जांच एजेंसियों की नजर भोपाल में आतंकी संगठन पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) और हिज्ब-उत-तहरीर (एचयूटी) से जुड़े कार्यकर्ताओं की धरपकड़ के बाद जांच एजेंसी एनएआई-एसआईटी की नजर अब प्रदेश की एक सबसे बड़ी इवेंट कंपनी पर है। बताते हैं कि जांच एजेंसियों को इनपुट मिले हैं कि इस इवेंट कंपनी का संचालक आतंकी गतिविधियों में संलिप्तों का लंबे अरसे से अप्रत्यक्ष मददगार बना हुआ है। उनको रसद-पानी पहुंचाने से लेकर वकील, कोर्ट-कचहरी में मदद करता आ रहा है। लेकिन इस इवेंट कंपनी संचालक का शासन-प्रशासन में इतना रसूख है कि, जांच एजेंसियां चाहते हुए भी इस पर हाथ नहीं डाल पा रही हैं। देखना है कि जांच एजेंसियां किस तरकीब और विधि से इस पर शिकंजा कसती हैं।

किस राजनीतिक दल को डेढ़ हजार करोड़ का चंदा! पिछले दिनों भोपाल के भदभदा रोड स्थित एक पांच सितारा होटल में तीन निर्माण एजेंसियों और उनसे जुड़े ठेकेदारों की बैठक हुई, जिसमें एक राजनीतिक दल को डेढ़ हजार करोड़ रुपए चंदा पहुंचाने की रणनीति बनाई गई है। किस राजनीतिक दल को, यह आप पता लगाएं? इसके पीछे मंशा यह बताई जा रही है कि, इससे चौगुना पैसा इन ठेकेदारों को सरकार से लेना है। वो ऐसे कि इन ठेकेदारों ने निर्माण एजेंसियों के कहने पर हजारों करोड़ के निर्माण कार्य तो कर दिए, लेकिन भुगतान मांगने पर सरकार महीनों से ठेंगा दिखा रही है। बताते हैं कि बैठक में निर्माण एजेंसियों और ठेकेदारों के बीच सहमति बनी है कि, इधर ठेकेदार चंदा जुटाकर राजनीतिक दल को पहुंचाएंगेे, उधर उनका भुगतान रिलीज कर दिया जाएगा। नारदजी कहते हैं कि फार्मूला अच्छा है, राजनीतिक दल को चुनाव लडऩे के लिए मोटा चंदा और ठेकेदारों को उनका पैसा मिल जाएगा।

विधायक– अध्यक्ष पर कांग्रेसमें दंगल कांग्रेस नेता राकेश कटारे को पार्टी का विदिशा जिला अध्यक्ष बनाने के बाद से विदिशा में कांग्रेस में दंगल मचा हुआ है। विदिशा के खांटी एवं पुराने कांग्रेस कार्यकर्ता खुलेतौर पर राकेश कटारे और उनके आंका कांग्रेस विधायक शंशाक भार्गव का विरोध कर रहे हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता कह रहे हैं कि, 47 साल बाद जैसे-तैसे तो भाजपा और सीएम शिवराज के गढ़ में हमने (तीन बार के हारे) शंशाक भार्गव को विधायक बनाया था। शंशाक ने साढ़े चार साल में विदिशा में कांग्रेस की दुर्गति कर ही दी थी, इसके बाद गुलाबगंज के आधारहीन अचम्भे (नेता) राकेश कटारे को जिला अध्यक्ष बनाकर पार्टी ने कांग्रेस का बंटाढार कर दिया है। नारदजी कहते हैं कि विदिशा की कांग्रेसी कलह देखकर लगता है इस सीट पर कांग्रेस ने चुनाव से पहले भाजपा को वाक ओवर दे दिया है। —- Email id-maheshdixit66@gmail.com/(mb)-9893566422

More posts