————– देवास समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री प्रकाश सिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री महेन्द्र सिहं कवचे, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शिवानी तरेटिया, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती प्रियंका मिमरोट, एसडीएम श्री प्रदीप सोनी सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी वर्चुअल शामिल हुए। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कार्य में लापरवाही बरतने पर आदिम जाति कल्याण विभाग अधिकारी श्री विवेक नागवंशी, एसडीओ पीडब्ल्यूडी श्री विरेन्द्र सूर्यवंशी एवं नाजिर श्री नरेन्द्र सिंह राजपूत का एक माह का वेतन काटने के निर्देश दिये तथा ईई पीडब्ल्यूडी श्री मनीष मरकाम, ईई एमपीईबी श्री दधिची रेवाडिया को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में उप स्वास्थ्य केन्द्र के लिए हाई टेंशन लाईट के नीचे जमीन आवांटित नहीं करें। मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के दूसरे चरण में प्राप्त आवेदनों को निराकरण 15 जून तक करें। जिले के छात्रावासों में पीने के पानी के लिए बोरिंग/हैण्डपंप की व्यवस्था करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि ‘’लाड़ली बहना योजना’’ में बैंक खातों में डीबीटी कार्य बैंको में जाकर तीन दिन में अनिवार्य रूप से करें। जिले में शेष रह गये पुजारियों और कोटवारों का भुगतान एक सप्ताह में करें। सहकारिता द्वारा समितियों को शासकीय भूमि कृषि कार्य के लिए पट्टे दिये गये थे। वर्तमान में समिति द्वारा शासकीय कृषि भूमि पर खेती नहीं करने पर पट्टे निरस्त कर शासकीय भूमि घोषित करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा ‘’विश्व पर्यावरण दिवस’’ पर सम्पूर्ण जिले में पौधा रोपण पखवाडा चलाया जा रहा है। जिसमें देवास में माता जी की टेकरी 03 हजार, शंकरगढ पहाडी पर 28 हजार और जिले के सभी 98 अमृत सरोवरों में वृहद स्तर पर पौधा रोपण किया जायेगा। जिले में अन्य स्थानों, स्कूल, कॉलेज, शासकीय कार्यालय परिसर में पौधा रोपण किया जायेगा। कलेक्टर श्री गुप्ता ने जिले के सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि जिले के सभी नागरिक पौधा रोपण पखवाडें के दौरान पौधा रोपण करें। जिले के नागरिक कम से कम एक पौधे का रोपण अवश्य करें। सभी संकल्प लें कि प्रकृति को हरा-भरा एवं संरक्षित बनाने के लिए पौधारोपण जरूर करेंगे और दूसरों को भी पौधारोपण करने के लिए प्रेरित करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने विभागवार टीएल प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि टीएल प्रकरणों एवं समाधान ऑनलाइन शिकायतों पर कार्यवाही कर समय-सीमा में निराकरण करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि लोकसेवा केन्द्र के आवेदनों पर समय-सीमा में कार्यवाही करें। समय-सीमा में कार्य नहीं होने पर संबंधित अधिकारी पर पेनल्टी लगाई जायेगी। कलेक्टर श्री गुप्ता ने सीएम हेल्पलाइन पर लम्बित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि 100 दिवस से अधिक एक भी शिकायत लम्बित नहीं रहना चाहिए। शिकायतों का निराकरण नहीं करने पर संबंधित अधिकारी पर कार्यवाही की जायेगी। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों को अगले लेवल में न जाने दें, पहली प्राथमिकता रखते हुए शिकायतों का त्वरित निराकरण करें। कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट नहीं रहे। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन पर लम्बित शिकायतों का निराकरण संतुष्टि पूर्वक करें। सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का एल-1 पर ही निराकरण करें।
कलेक्टर ने कार्य में लापरवाही बरतने पर दो अधिकारी तथा एक कर्मचारी का एक माह का वेतन काटने और दो अधिकारियों को शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश
