Category: विशेष

  • बस स्टैंड पर असामाजिक तत्वों का कब्जा, यात्रियों के मोबाइल, नगदी होती है आए दिन चोरी
– वाटर कूलर बंद, देर रात शौचालय में अंधेरा, गंदगी, बदबू से परेशान आमजन व यात्री

    बस स्टैंड पर असामाजिक तत्वों का कब्जा, यात्रियों के मोबाइल, नगदी होती है आए दिन चोरी – वाटर कूलर बंद, देर रात शौचालय में अंधेरा, गंदगी, बदबू से परेशान आमजन व यात्री

    देवास। बस स्टेंड पर चोर एवं असामाजिक तत्वों का आए दिन जमावड़ा लगा रहता है। जो आए दिन सरकार संपत्ति को नुकसान पहुंचा रहे है। यात्रियों का सामान, मोबाइल आए दिन चोरी हो रहे है। पुलिसकर्मी भी ड्यूटी नहीं देते है। रात्रि में शौचालय में व्याप्त अंधेरा रहता है। यदि ऐसा ही चलता रहा तो महिला यात्री के साथ कभी भी अप्रिय घटना घटित हो सकती है। सामाजिक संस्था नेशनल यूनिटी ग्रुप के संस्थापक अनिल सिंह ठाकुर ने बताया कि नगर निगम द्वारा संचालित बस स्टैंड, निगम अधिकारियों की निष्क्रियता, लापरवाही के कारण एक वर्ष पूर्व यात्रियों के बैठने के लिए लगाई लोहे की कुर्सी तीन जगह से काटकर चोरी कर ली गई है, दूसरी ओर स्वच्छता मिशन के लिए लगाई गई कचरा पेटी जीर्णशीर्ण अवस्था में है। श्री ठाकुर ने बताया कि निगम द्वारा संचालित वाटर कूलर में होटल व्यवसाई के साथ सांठगांठ कर अधिकतर समय लोगो को पीने का पानी नही मिलता है। बताया जा रहा है की निगम कर्मचारियों को होटलों पर चाय, नाश्ता इसके बदले फ्री मिलता है। शायद इसीलिए वाटर कूलर का नल तोड़ दिया गया है। लाखो रुपए खर्च करने के पश्चात भी बस स्टेण्ड का जीर्णोद्धार किया गया। उसके बाद भी छत का प्लास्टर, दीवारों पर लगी टाइल्स गायब हो रही है, शौचालय की हालत गंभीर बनी हुई है, नल की पाइप लाइन तोड़ दी गई है। साफ सफाई के अभाव में भयंकर गंदी बदबू आती रहती है, नियमित रूप से साफ सफाई नही होती है। एसिड, फिनाइल, बिलीचिग पावडर, मात्र राष्ट्रीय पर्व पर छिडक़ाव किया जाता है। रात्रि के समय शौचालय की लाइट बंद पड़ी रहती है, किसी भी दिन महिला यात्री के साथ अनहोनी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है। रात्रि में पुलिस ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मचारी गायब हो जाते है। जिसके कारण खुल्लेआम नशा करने वाले नशेड़ी यात्रियों के समान, पर्स, मोबाइल चोरी होना आम बात हो गई है। नेशनल यूनिटी ग्रुप के सुनील सिंह ठाकुर, हटे सिंह दरबार, डॉक्टर धीरज वर्मा, लक्ष्मण सिंह दरबार, अनूप दुबे, विकास मामा, वीसी पाटीदार, गोलू प्रजापति, अभिजीत सिंह गौड़ आदि ने नवनिर्वाचित महापौर गीता अग्रवाल, सभापति रवि जैन, निगम आयुक्त विशाल सिंह, एसपी डॉ. शिवदयाल सिंह आदि से मांग की है कि बस स्टैंड का एक बार जनहित को ध्यान में रखते हुए दौरा कर व्याप्त समस्याओं का शीघ्र निराकरण करने के लिए आदेशित करे।

  • कराओके क्लब देवास ने अपने पांचवे स्थापना दिवस पर  सुरीले गीतो की प्रस्तुति।

    कराओके क्लब देवास ने अपने पांचवे स्थापना दिवस पर सुरीले गीतो की प्रस्तुति।

    Dewas karoke group

    संस्था प्रमुख सुनील मालवीय ने बताया की केकेसी की पांचवी वर्षगांठ पर एवम मित्रता दिवस के अवसर पर संस्था सदस्यों ने एक से बढ़कर एक सुरीली प्रस्तुति दी,कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना दीप्ति निगम एवम अजय सोलंकी गुरूजी द्वारा की गई तत्पश्चात हरफनमौला स्व. किशोर कुमार को संस्था के सदस्यों द्वारा एक मेडली गाकर श्रद्धांजलि दी गई।उसके बाद एक से बढ़कर एक गीत दोस्ती एवम किशोर दा के नगमे गाए जिसे सुनकर श्रोता अपने आप को झूमने से नहीं रोक पाए।कार्यक्रम में रफी साहब को भी स्वरांजली के माध्यम से आदरांजलि दी गई।कार्यक्रम में मुख्य गायक के रूप में अजय सोलंकी गुरूजी,सुनील मालवीय,अजय अर्थ,वरिष्ठ पत्रकार मोहन वर्मा,प्रविणराज सेहगल,प्रकाश शर्मा,अनिल जैन, शक्ति सिंह ठाकुर,मुकेश मालवीय,गौरव मालवीय,संदीप मालवीय,गिरीश जाधव,अंकित सोनगरा,धर्मेंद्र रेनीवाल,नवीन पुरोहित,सुरेंद्र पांडे,साधना श्रीवास्तव,पूजा साहू, डॉ.शेफालीक कार्णिक,शिल्पी अग्निहोत्री,शिवानी मालवीय,दीप्ति निगम ने शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया। ऐसे कलाकार जिनके मन में गाने की झिझक हो और मंच पर आने में दिक्कत होती है एवम् नए कलाकारों को मंच देने के उद्देश्य से कराओके क्लब देवास हर माह इस तरह के आयोजन करता है।कार्यक्रम में विशेष रूप से पत्रकार खुमान सिंह बैंस,पत्रकार शकील कादरी जी भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम का आनंद इंदौर एवम् देवास के 50 श्रोताओं ने लिया एवम् कार्यक्रम की सराहना की गई।कार्यक्रम का संचालन मोहन वर्मा जी ने किया एवम आभार दीप्ति निगम जी ने माना।

  • लहसुन व प्याज की अर्थी लेकर निकले मालवा के किसान
– आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया को चरितार्थ करती लहसुन व प्याज की फसल
– लहसुन व प्याज के गिरते दामों से किसानों में आक्रोश, दाम सही ना मिलने की स्थिति में विधानसभा चुनाव में किसान देगे करारा जवाब

    लहसुन व प्याज की अर्थी लेकर निकले मालवा के किसान – आमदनी अठन्नी खर्चा रुपैया को चरितार्थ करती लहसुन व प्याज की फसल – लहसुन व प्याज के गिरते दामों से किसानों में आक्रोश, दाम सही ना मिलने की स्थिति में विधानसभा चुनाव में किसान देगे करारा जवाब

    देवास। लहसुन व प्याज के गिरते दामों से किसानों में आक्रोश व्याप्त है। युवा किसान संगठन के बैनर तले 700 से अधिक किसानों ने लहसुन व प्याज की शव यात्रा निकाली व सरकार को लहसुन व प्याज की फसल को समर्थन मूल्य पर खरीदने का संदेश दिया। ऐसा न करने की स्थिति में विधानसभा चुनाव 2023 में विपरीत परिणाम के लिए तैयार रहें। शव यात्रा भोपाल चौराहा देवास से शुरू होकर बस स्टैंड, लाल गेट, उज्जैन चौराहा व नगर निगम के सामने से होते  हुए कलेक्टर कार्यालय पर पहुंचकर ज्ञापन दिया। युवा किसान संगठन अध्यक्ष रविंद्र चौधरी ने प्रदेश सरकार को चेताते हुए शवयात्रा के माध्यम से कहा कि अगर हमारी फसल लहसुन को 5000 रूपए प्रति क्विंटल व प्याज को 2000 प्रति क्विंटल के समर्थन मूल्य से सरकार ने नहीं खरीदा तो पूरे प्रदेश भर में इसको लेकर के युवा किसान संगठन किसानों के साथ सडक़ों पर आंदोलन करेगी व सरकार की किसान विरोधी नीतियों को किसानों के बीच लेकर के जाएगी। जिसके चलते वर्तमान सत्ताधारी दल को सत्ता से हाथ धोना पड़ सकता है। अत: सरकार किसानों की सुध ले और उपरोक्त दिए गए मूल्य पर किसानों की फसल खरीद सुनिश्चित करें। शव यात्रा में सभी धर्मों के लोगो ने भाग लिया, जिसमें मुख्य रूप से राजेश पटेल, देवेंद्र चौधरी, बाबूलाल पटेल, विकास चौधरी, अमजद पटेल, एहसान चाचा, सुरेश धनोरा, जगदीश पटेल, ओम पाटीदार, गगन सिंह, महेंद्र पाटीदार, राजेश जी कवि, लाल सिंह, अफजल पटेल, लीलाधर गुराडिया, ललित कुमारीया, कैलाश बिलावली, विकास कनासिया, हेमंत पांचाल, अरशद शेख अंतरालिया, मुरारी बा बरखेड़ा, सुनील चौधरी, कुंदन चौधरी, धर्मेंद्र व निलेश सिरोलिया, अजय सरपंच सुतार खेड़ा, रवि खेड़ा, घनश्याम भगत, सुनील बालोदा, शिव सरपंच हापाखेड़ा सहित बड़ी संख्या में समस्त क्षेत्र के किसानो ने भाग लिया। संगठन सचिव राधेश्याम वैष्णव ने सभी क्षेत्र के किसानों का आभार व्यक्त किया।

  • भाइयों तक रक्षासूत्र पहुंचाने के लिए रविवार को भी खुला रहेगा डाकघर

    भाइयों तक रक्षासूत्र पहुंचाने के लिए रविवार को भी खुला रहेगा डाकघर

    देवास। भाई-बहनों के अटूट प्रेम का पर्व रक्षाबंधन 11 अगस्त को बनाया जाएगा। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर अपनी सुरक्षा का संकल्प दिलाती हैं। रक्षाबंधन के दिन कई बहनें अपने भाइयों से दूर होंगी। ऐसी बहनों के रक्षासूत्र को भाइयों तक पहुंचाने के लिए डाक विभाग मुस्तैद हो गया है। भाईयों से दूर बहनों द्वारा राखी भेजने के लिए डाक सेवाएं ली जा रही है। राखी समय पर भाईयों को मिले इसलिए इंदौर नगरेतर संभाग के अधीनस्थ देवास प्रधान डाकघर 7 अगस्त, रविवार को राखी मेल बुकिंग कार्य हेतु खोले जावेंगे। राखी पोस्ट करने के लिए डाकघर में भीड़ दिखाई दे रही है। ऐसे में डाकघर प्रशासन ने राखी के लिए एक अलग विशेष काउंटर की व्यवस्था भी की है। वहीं भीड़ बढ़ने पर और अतिरिक्त काउंटर भी बनाए जा सकते है। रविवार को भी डाकिया, डाक के माध्यम से आए राखियों को घर-घर पहुंचाने का काम करेंगे, ताकि भाई रक्षाबंधन के दिन बहनों के रक्षासूत्र को अपने कलाई पर बांध सके। डाकघर अधीक्षक ने समस्त नागरिकों से उक्त सुविधा का लाभ प्राप्त करने की अपील की है।