घुंघरू नृत्य अकादमी द्वारा आयोजित समारोह में कलाकारों ने दी कथक नृत्य की शानदार प्रस्तुतियाँ
देवास। विक्रम सभाग्रह जवाहर चौक में घुंघरू नृत्य अकादमी द्वारा प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी गुरू शिष्य परम्परा को कायम रखते हुए कथक नृत्य की प्रस्तुति का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कलेक्टर चंद्रमौली शुक्ला, विशेष अतिथि नगर निगम आयुक्त विशाल सिंह चौहान तथा एस.डी.एम. प्रदीप सोनी ने दीप प्रज्जवलित कर विधिवत रूप से समारोह का शुभारम्भ किया। मुख्य आकर्षण का केन्द्र भोपाल से आई श्रीमती वी.अनुराधा सिंह रहीं, जिनके द्वारा कालिया मर्दन, शिव स्तुति और ठुमरी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गई। साथ ही घुंघरू नृत्य अकादमी की शिष्याओं ने शुद्ध कथक नृत्य की प्रस्तुति तथा वरिष्ठ शिष्या अनुष्का जोशी, रूपल बेलापुरकर, कृतिका बिन्जवा ने रायगढ़ घराने की बंदिशे प्रस्तुत की। वहीं देवास की प्रसिद्ध गायिका श्रीमती संजीवनी कांत ने उपशास्त्रीय गायन में सावनी और कजरी, सावन के गीत की प्रस्तुति देकर दर्शकों का मन मोह लिया। आभार घुंघरू नृत्य अकादमी देवास के संचालक प्रफुल्ल सिंह गहलोत ने माना।
