देवास जिले में नरवाई जलाने पर कार्यवाही नहीं करने पर उप संचालक कृषि श्री कनेरिया का पांच और सहायक संचालक कृषि सुश्री कल्‍पना तिर्की का दो दिवस का कटेगा वेतन, कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने देवास जिले के चार आरोपियों को किया जिलाबदर

————      देवास  कलेक्‍टर श्री ऋषव गुप्‍ता की अध्यक्षता में समय-सीमा संबंधी लंबित पत्रों के निराकरण की प्रगति तथा अंतरविभागीय समन्वय से संबंधित मामलों की समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री हिमांशु प्रजापति, अपर कलेक्‍टर श्री प्रवीण फुलपगारे, एसडीएम देवास श्री बिहारी सिंह, संयुक्‍त कलेक्‍टर श्रीमती प्रियंका मिमरोट, डिप्टी कलेक्टर श्री संजीव सक्सेना, डिप्‍टी कलेक्‍टर श्री प्रवीण प्रजापति, डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक शर्मा सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारीगण उपस्थित थे। समय-सीमा बैठक में विकासखण्‍ड स्‍तरीय अधिकारी वर्चुअल शामिल हुए।   

   बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने देवास जिले में नरवाई जलाने पर कार्यवाही नहीं करने पर उप संचालक कृषि श्री आर. पी. कनेरिया का पांच दिवस और सहायक संचालक कृषि सुश्री कल्‍पना तिर्की का दो दिवस का वेतन काटने और डीएमओ मार्कफेड की सुश्री संजना कोरी को शोकाज नोटिस देने के निर्देश दिये। कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि प्राईवेट टेंकरों से पानी की सप्‍लाई पर रोक लगाये। ग्रीष्‍म ऋतु में मजरे-टोलों में पानी की व्‍यवस्‍था का विशेष ध्‍यान रखें और आवश्‍यक होतो बोरिंग भी करायें। पीएचई विभाग पानी की समस्‍याओं के निराकरण के लिए कन्‍ट्रोल रूम बनाये।   

   कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि कन्‍नौद और खातेगांव में एसडीएम भूमि से अतिक्रमण हटाकर एनएच को कब्‍जा दिलाये। जिले के जिन तालाबों में दिसम्‍बर तक पानी रहता है, उनमें मछली पालन के लिए योजना बनाये। बरसात शुरू होते ही मछली पालन के लिए बीज तैयार कर लें। मछली पालन के लिए जिले में तालाबों का चिन्‍हांकन कर लें। तालाबों में मछली पालन के लिए युजर ग्रुप बनाये और स्‍व सहायत समूह को भी मछली पालन कार्य में शामिल कर ट्रेनिंग दें।   

   कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा लोकसभा निर्वाचन-2024 में शत प्रतिशत मतदान के लिए जिले में स्‍वीप गतिविधियों के माध्‍यम से नागरिकों को जागरूक करें। कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में आदर्श मतदान केन्‍द्रों का चयन कर लें। मतदान केन्‍द्रों पर सभी मूलभूत सुविधाओं की व्‍यवस्‍था करें। मतदान दलों का रूट चार्ट तैयार कर लें। चयनित मतदान केन्‍द्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की कार्यवाही करें। कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि 85 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाताओं से 12डी फार्म भरवाने की तैयारी कर लें। लोकसभा निर्वाचन के लिए मतदान दलों को ट्रेनिंग दें और ट्रेनिंग के समय एसडीएम भी उपस्थित रहें। निर्वाचन कार्य में जिन अधिकारी/कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। वे बिना अनु‍मति के अवकाश पर नहीं जाये। बिना मेडिकल बोर्ड रिपोर्ट के किसी भी अधिकारी/कर्मचारी की ड्यूटी निरस्‍त नहीं की जायेगी।      

   कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में आदर्श आचरण संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित हों, इसका ध्यान रखें। कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने कहा कि सभी नोडल अधिकारी भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्यवाही करें।      कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने एनआरसी में भर्ती बच्‍चों की जानकारी ली। वन विभाग को निर्देश दिये कि अन्‍य पौधों के साथ फलदार पौधो का रोपण की कार्ययोजना बनाये। उद्योग विभाग को निर्देश दिये कि औद्योगिक क्षेत्र में मियावाकी पद्धती से पौधा रोपण का कार्य करें। कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने विभागवार टीएल प्रकरणों की समीक्षा करते हुए टीएल प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिये।

कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने देवास जिले के चार आरोपियों को किया जिलाबदर, ————

देवास, 08 अप्रैल 2024/ कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी श्री ऋषव गुप्‍ता ने मध्य प्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम के अन्तर्गत जिले के 04 आरो‍पियों को जिलाबदर किया है। जिसमें राहुल पिता लाखन उम्र 22 साल निवासी सामगी थाना टोंकखुर्द, गणेश पिता भगवानदास बैरागी उम्र 25 साल निवासी पाडियादेह थाना खातेगांव को एक-एक वर्ष के लिए तथा मुकेश पिता गंगाराम डाबर उम्र 30 साल निवासी ठानाघाट थाना कांटाफोड़, शेरू उर्फ शब्‍बीर खां पिता खलील खां उम्र 45 साल निवासी ईटावा देवास को छ:-छ: माह के लिए जिला बदर किया है। कलेक्‍टर श्री गुप्‍ता ने आदेश दिया है कि यह सभी आरोपी आदेश प्राप्ति से 24 घण्टे के भीतर जिला देवास एवं उसके आस पास के सीमावर्ती जिलों इन्दौर, उज्जैन, शाजापुर, सीहोर, हरदा, खण्डवा, खरगोन की राजस्व सीमाओं से बाहर चले जाए तथा जिला दंडाधिकारी न्यायालय की बिना पूर्व अनुज्ञा के प्रवेश नहीं कर सकेंगे।

More posts