देवास (निप्र)। उत्कृष्ट विद्यालय, देवास के प्राचार्य सुधीर कुमार सोमानी ने बताया कि फायर एंड एवं सेफ्टी विषय अंतर्गत अग्नि शमन को लेकर एक माॅक ड्रिल का आयोजन विद्यालय परिसर में किया गया । इसमें नगर पालिक निगम देवास के टेक्निकल पर्सन अनुभव चंदेल एवं विद्यालय के सुरक्षा ट्रेनर चिंतामन पटेल ने विभिन्न प्रकार की आग को शमन करने की विधियों पर विद्यार्थियों को विस्तृत समझाइश दी गई । ए,बी,सी, डी और ई प्रकार की अग्नि पर नियंत्रण को लेकर अनुभव चंदेल ने नगर की फायर ब्रिगेड सेवाओं के संबंध में बताया । विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए चंदेल ने कहा कि गत्ते, कागज, रूई और सूखे घास में लगी आग “ए” टाइप की होती है । पेट्रोल, डीजल,थिनर तथा तेलीय पदार्थों की आग “बी” टाइप की फायर है । इलेक्ट्रिक फायर, गैस फायर और मेटल फायर भी आग के ही प्रकार हैं । इन फायर के शमन के लिए अलग अलग तरीके अपनाए जाते हैं । ड्राय केमिकल पावडर के प्रयोग से भी विभिन्न प्रकार के फायर के रोकथाम संभव है । माॅक ड्रिल अंतर्गत आग लगाकर ड्राय केमिकल पावडर से आग बुझाने का प्रदर्शन कर विद्यार्थियों से भी आग बुझाने की गतिविधियां कराई गई । कार्यक्रम में नगर पालिक निगम देवास के शुभांशु शर्मा, राहुल पारखे, सुजित सोलंकी, शहजाद शेख, रफीक शेख सहित विद्यालय के पवन पटेल, अंशुल खरे, ध्रुव कुमार शर्मा, राजकुमार रघुवंशी, नीरज कानूनगो, कल्पना सुनानिया, रिंकी दिवाकर, पूर्णिमा बिंदल, ऋषिकेश पंड्या सहित समस्त विद्यालय स्टाफ उपस्थित था । कार्यक्रम का संचालन पवन पटेल ने किया तथा आभार नीरज कानूनगो ने व्यक्त किया ।
