—————————————— मंत्रीजी खुद को बता रहे चरित्रवान …………….
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के खासुलखास एवं शिवराज सरकार के एक कद्दावर मंत्री इन दिनों खुद को चरित्रवान साबित करने में जी-जान से लगे हुए हैं। हाल ही में उजागर हुए सेक्सटार्शन के मामले में पुलिस ने जिस महिला नेत्री को पकड़ा है, बताते हैं कि यह महिला कुछ ऐसा उगलने वाली थी, जिससे कि मंत्रीजी की राजनीतिक फजीहत हो सकती थी। विधानसभा चुनाव में टिकट कट सकता था। इसके पहले कि, महिला अपने इरादों में कामयाब हो पाती, सेक्सटार्शन के केस में उलझा दी गई। नारदजी को खुफिया सूत्रों ने बताया कि महिला करामाती है यह सच है। लेकिन ग्वालियर संभाग के ये मंत्रीजी भी दूध के धुले हैं या नहीं हैं, यह तो वक्त ही बताएगा।
— पोस्टर में दिग्विजय का चेहरा क्यों नहीं?…… विधानसभा चुनाव के पहले मध्यप्रदेश की जनता को रिझाने के लिए भारतीय जनता पार्टी द्वारा निकाली जा रही जन आशीर्वाद यात्रा के जवाब में कांग्रेस जन आक्रोश यात्रा निकालने जा रही है। कांग्रेस ने जन आक्रोश यात्रा का जो पोस्टर जारी किया है, उसमें कमलनाथ के साथ सारे दिग्गज नेताओं के चेहरे हैं, लेकिन पोस्टर से दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह क्यों गायब हैं। यह सवाल उठ रहे हैं? तो कांग्रेस इसे सोची समझी रणनीति का हिस्सा बता रही है। क्योंकि, उसे डर है कि भाजपा दिग्विजय के ‘मिस्टर बंटाढार’ स्लोगन को भुना सकती है और ‘आक्रोश यात्रा’ से चुनावी लाभ के बजाय बड़ा नुकसान हो सकता है। अब देखना यह है कि, जिनके दिन की शुरुआत ‘दिग्विजय दर्शन’ से होती है, वो इसे कैसे लेते हैं?
— राजेंद्र भारती ये किसके बारे में बोल रहे हैं…! कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र भारती का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें वह कह रहे हैं पांच लाख देकर, कोई भी इस प्रदेश में रिवाल्वर का लाइसेंस ले सकता है। लेकिन इसके लिए आपको पांडेजी से संपर्क करना पड़ेगा। लोग पूछ रहे हैं कि राजेंद्र भारती किसके बारे में खुलासा कर रहे हैं और ये पांडेजी कौन हैं? जो रिवाल्वर लाइसेंस बनवाने का ठेका लेते हैं। नारदजी बता दें कि, राजेंद्र भारती प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा के परंपरागत राजनीतिक प्रतिद्वंदी हैं। जिन्होंने ‘पेड न्यूज’ को लेकर नरोत्तम के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में शिकायत कर रखी है। जिसका फैसला अभी आना बाकी है।
— कैलाश लोकसभा, शंकर लड़ेंगे विधानसभा चुनाव!…….…………….
भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव जीतने के लिए सारे दांव लगा रही है। जिन-जिन सीटों पर सीटिंग एमएलए चुनाव हार सकते हैं, उन सीटों पर भाजपा युवा जिताऊ चेहरों के साथ अपने सांसदों पर दांव लगाने की तैयारी में है। इनमें पार्टी इंदौर के विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-चार पर मालती गौड़ की जगह सांसद शंकर लालवानी को विधानसभा लड़ाने की तैयारी में हैं। नारदजी को भाजपा के एक पदाधिकारी ने बताया कि, शंकर को विधानसभा लड़ाने के पीछे भाजपा हाईकमान की मंशा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के लिए लोकसभा सीट खाली कराना है। अब देखना यह है कि विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-चार और इंदौर लोकसभा सीट जीतने का भाजपा का यह दांव कितना कारगर साबित होता है?
— आखिर साहब क्यों परेशान हैं..? ….……….
राज्य मंत्रालय में जेल महकमे में पदस्थ एक साहब इसलिए परेशान हैं, क्योंकि उनके ऊपर कांग्रेसी होने का ठपा लगा हुआ है। यदि कमलनाथ सरकार के डेढ़ साल के कार्यकाल को छोड़ दें, तो ये साहब पिछले 20 सालों में मलाईदार पोस्टिंग के लिए तरस गए हैं। सरकार ने उन्हें सूखे-सूखे महकमे दे रखे हैं। हालांकि, अब साहब को प्रदेश भर से आ रहीं सरकार विरोधी हवाओं से जरूर कुछ आस जगी है। फिर भी उनसे हर दिन मिलने आने वाले खबरचियों से आजकल वे एक ही सवाल करते हैं कि, क्यूं भई इस बार किसकी सरकार बनवा रहे हो? जब कोई कह देता है कि, हवा तो कांग्रेस की चल रही है। इतने सुनते ही साब की बाछें खिल और चेहरे पर चमक आ जाती है। शायद मलाईदार पोस्टिंग मिली जाए। दिन फिर जाएं। —- Email id-maheshdixit66@gmail.com/(mb)-9893566422
