Category: विशेष
-

प्राकृतिक आपदा अत्यधिक बारिश के कारण जो विद्यार्थी जो परीक्षा देने से वंचित रह गये उनके हित मे निर्णय हो- एनएसयूआई
देवास:- विक्रम विश्वविद्यालय के समस्त महाविद्यालय के विद्यार्थी जो अत्यधिक बारिश प्राकृतिक आपदा के कारण आज दिनांक 10/ 08 /2022 की परीक्षा देने से वंचित रह गए हैं उन छात्रों के हित में विक्रम विश्वविद्यालय उचित निर्णय ले इस हेतु भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के जिलाध्यक्ष हर्षप्रताप सिंह गौड़ के नेतृत्व में केपी कॉलेज के प्राचार्य डॉ रतन सिंह नारे को कुलपति के नाम ज्ञापन दिया। जिसका वाचन पृथ्वीराज चौहान ने किया । जिसमे बताया गया कि देवास के लीड के पी कॉलेज में दूर-दराज गांव से छात्र पढ़ने आते हैं कल से ही जिले भर में भारी बारिश हो रही है कई गावों में बाढ़ की स्थिति हैं जिस कारण छात्र गांव से निकल नही पा रहे हैं, बारिश के मौसम में गांव में नदी- नाले उफान पर है आवागमन भी प्रभावित हो गया है तथा छात्रों का घर से निकलना सुरक्षित भी नहीं है इस कारण कई छात्र परीक्षा देने से वंचित हो गए उन छात्रों की पुनः परीक्षा लेने की मांग भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने की।विक्रम विश्विद्यालय से आशा हैं कि वह विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए छात्र हित में उचित निर्णय लेगा। निर्णय छात्र हित मे ना होने पर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन उग्र आंदोलन करेगा। जिसकी समस्त जिम्मेदारी विक्रम विश्विद्यालय की रहेगी। इस अवसर पर विनोद क्लेशरिया, संदीप मालवीय, संतोष मालवीय, वर्षा राठौड़, शुभम यादव, सोहन बागड़िया आदि उपस्थित थे। जानकारी ज़िला संयोजक विनोद राठौर पोलाय ने दी।
-

गुर्जर गौड़ ब्राह्मण नगर सभा तथा ट्रस्ट के नव नियुक्त अध्यक्ष एवम कार्यकारणी को महिला शक्ति ने दिलाई शपथ
देवास। श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण नगरसभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष संतोष दुबे तथा महर्षि गौतम सेवा ट्रस्ट के अध्यक्ष एम एम दुबे के साथ नवगठित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण समारोह में अखिल भारतीय गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महिला महासभा की अध्यक्ष श्रीमती राधा पंचारिया ने शपथ ग्रहण करवाई। इस अवसर पर बतौर विशिष्ट अतिथि देवास महापौर श्रीमती गीता अग्रवाल, सभापति रवि जैन, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, अभा गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महासभा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश तिवारी, संरक्षक सत्यनारायण शर्मा, अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष दिनेश मिश्रा आदि उपस्थित थे। अतिथियों का स्वागत महिला नगर सभा की अध्यक्ष श्रीमती सुधा त्रिवेदी जिला अध्यक्ष मधु शर्मा, महासभा के उपाध्यक्ष एम एम मोदी , महासभा के जनगणना प्रभारी नवीन दुबे नगर सभा अध्यक्ष संतोष दुबे ट्रस्ट अध्यक्ष एम एम दुबे, सचिव अमित पंडित सहित कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने अतिथि को आजादी के अमृत महोत्सव का प्रतीक चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मान किया। शपथ ग्रहण समारोह में दुर्गेश अग्रवाल सभापति रवि जैन ने अपने उद्बोधन में ब्राह्मणों की आशीर्वाद का प्रतिपल बताया और घर-घर तिरंगा फहराने का आह्वान किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि राधा पंचारिया अपने उद्बोधन में कहा कि देवास देवी का वास है उसकी सच्ची सार्थकता पहली बार देखने को मिली जहां सिर्फ महिला शक्ति को मंचासित कर पुरुष प्रधान कार्यकारणी को शपथ ग्रहण करवाने का सौभाग्य हम महिला नेतृत्व को दिया। गौरतलब है कि हाल ही में श्रीमती राधा पंचारिया ने अपने नेतृत्व में इंदौर में 6 अगस्त को समाज की महिलाओं का उदमी मैला लगाकर वर्ल्ड रिकार्ड का लक्ष पूरा किया और विश्व पटल पर समाज का गौरव बढ़ाया। इस इस अवसर पर समाज के वरिष्ठ इंदौर के शिक्षा भी केसी शर्मा, जगदीश उपाध्याय, वीरेंद्र व्यास, अखिल भारती सर्व ब्राह्मण महासभा की युवक संघ अध्यक्ष महेंद्र व्यास पूर्व अध्यक्ष संजय शुक्ला पार्षद दीपेश कानूनगो, बंटी शर्मा सहित समाज के सैकड़ों बंधुवर सपरिवार उपस्थित थे कार्यक्रम का संचालन मीडिया प्रभारी चेतन उपाध्याय आभार अमित पंडित ने माना।
-

जिले के सभी पत्रकारबंधु हर घर तिरंगा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें-कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला ————- कलेक्टर श्री शुक्ला ने पत्रकारों से चर्चा कर तिरंगे झंडे किए प्रदान
———– देवास 10 अगस्त 2022/ कलेक्टर श्री चंद्रमौली शुक्ला ने आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में पत्रकारों से “हर घर तिरंगा अभियान” एवं अन्य विषयों पर चर्चा की। इसके पश्चात पत्रकारों को तिरंगें झंडों का वितरण किया। उन्होंने कहा कि हमें आजादी का अमृत महोत्सव धूमधाम के साथ मनाना है और “हर घर तिरंगा अभियान” में सभी को अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर तिरंगा फहराना और दूसरों को भी प्रेरित करना है। उन्होंने सभी से इसका व्यापक प्रचार-प्रसार करने का आग्रह किया। इस दौरान एडीएम श्री महेंद्र सिंह कवचे, डीएसपी यातायात श्री किरण शर्मा एवं सभी पत्रकारबंधु उपस्थित थे।
-

विवाद के बाद एक प्रेमिका ने दूसरी प्रेमिका को मौत के घाट उतारा प्रेमी, प्रेमिका व एक सहेली के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज ( अनिल सिकरवार देवास के वरिष्ठ पत्रकार की कलम से)
देवास। देवास शहर में रविवार की शाम को एक युवती द्वारा जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया था, किंतु जब कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर इस मामले की जांच की तो महज 6 घंटे बाद ही चौंकाने वाले तथ्य उजागर हो गए। जिसमें पता चला कि युवती एक मेडिकल स्टोर्स संचालक से प्यार करती है और उस संचालक का एक अन्य युवती से भी प्रेम प्रसंग चल रहा है। इन दोनों प्रेमिकाओं में अक्सर विवाद होता था, इसी के चलते एक प्रेमिका ने अपनी सहेली को साथ लिया और दूसरी प्रेमिका के घर पर जा पहुंची, जहां पर दोनों सहेलियों ने गला घोंटकर युवती की हत्या कर दी। बाद में प्रेमी को पता चला तो वह मृतका को लेकर अस्पताल पहुंचा, जहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने इस मामले में जांच उपरांत प्रेमी, प्रेमिका व उसकी सहेली के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ प्रारंभ कर दी है। कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार रानी उर्फ राजू मालवीय पिता हरीसिंह 23 वर्ष निवासी ग्राम बरछापुरा थाना जावर जिला सीहोर पिछले तीन-चार वर्षों से देवास में अखाड़ा रोड स्थित एक मकान में किराये से अकेली रह रही थी और हैबतराव मार्ग पर स्थित केदारेश्वर मंदिर के समीप बबलू उर्फ नृसिंह दास पिता मनोज परमार्थी के मेडिकल पर काम करती थी। बबलू पहले से ही शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी है, किंतु उसने तीन माह पूर्व रानी उर्फ राजू से मंदिर में जाकर विवाह रचा लिया था और वे दोनों पति-पत्नी के रूप में ही रह रहे थे, किंतु बबलू के एक अन्य लड़की रितू गौड़ निवासी महेश टाकिज के पीछे देवास से भी अवैध संबंध हो गए थे। इस बात की जानकारी रानी को भी थी। इसीलिए रानी और रितू के बीच बबलू को लेकर लड़ाई होती रहती थी और दोनों एक-दूसरे को बबलू को छोडऩे के लिए दबाव बनाती थी। इसी बात को लेकर रानी व रितू के बीच रविवार को दिन में विवाद हुआ था और रितू काफी नाराज थी, इसीलिए उसने अपनी अन्य सहेली प्रियंका कुशवाह से बात की और रानी को रास्ते से हटाने की योजना बना डाली। चूंकि रितू व प्रियंका दोनों दीपक सोनी न्यू मनीराम की दुकान पर काम करती थी। दोनों शाम के समय दुकान से निकली और सीधे अखाड़ा रोड स्थित रानी के घर पहुंची, जहां रानी उन्हें अकेली मिली। पहले तो रितु ने रानी को खूब खरी-खोटी सुनाई और फिर मौका मिलते ही रितू व प्रियंका ने अपने दुपट्टे से रानी का गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। इस घटना को अंजाम देने के बाद दोनों ही सहेली सहजता के साथ वहां से निकल गई और प्रियंका कुशवाह तो दुकान पर जाकर बैठ गई और रितु बबलू परमार्थी के घर गई, जहां उसने बबलू को पूरी घटना बताई। यह सुनकर बबलू घबराया और रानी के घर पहुंचा, जहां पर वह मूर्छित अवस्था में पड़ी हुई थी। जिसे लेकर तत्काल बबलू जिला अस्पताल गया, किंतु वहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और इस बात की जानकारी भी कोतवाली पुलिस को दी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बबलू परमार्थी, रितु गौड़ व प्रियंका कुशवाह के खिलाफ धारा 302 व अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज कर हिरासत में लेकर पूछताछ शुरु कर दी है। —————————–





