गंगा पार्क कॉलोनी में दर्दनाक हादसा, गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद नहीं बच सकी जान
देवास शहर की तोड़ी रोड स्थित गंगा पार्क कॉलोनी के बाहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 वर्षीय मासूम श्रेष्ठा शर्मा पिता दिनेश शर्मा की मौत हो गई। परिवार के लोगों के अनुसार बच्ची घर के बाहर खड़ी थी, तभी तेज रफ्तार से आए एक ऑटो चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के रहवासियों व परिजनों ने तुरंत बच्ची को देवास जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल में हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने बच्ची को इंदौर रेफर कर दिया। परिजन उसे देवास के कई निजी अस्पतालों में भी लेकर गए, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी। बाद में पोस्टमार्टम के लिए शव को जिला अस्पताल भेजा गया।
परिवार मूल रूप से राजस्थान का रहने वाला है और वर्तमान में देवास की गंगा पार्क कॉलोनी में रहकर साड़ी का कामकाज करता है। घटना के बाद पूरे परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।

