देवास। शहर के सिविल लाइन रोड पर एक प्रॉपर्टी कारोबारी पर हमला होने का मामला सामने आया है। कार से आए तीन युवकों ने कारोबारी को घेरकर डंडों से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार सिविल लाइन निवासी प्रॉपर्टी कारोबारी राहुल अनील सोनी सुबह सिविल लाइन रोड स्थित एक सब्जी दुकान पर रुके थे। सब्जी खरीदने के बाद जैसे ही वे अपनी कार में बैठने लगे, तभी दूसरी कार से आए तीन लोगों ने उन्हें रोक लिया और कार टकराने की बात कहकर बहस शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान आरोपियों ने कार से डंडे निकालकर राहुल पर हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में चोट आई। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें एक प्रकरण से दूर रहने की धमकी देते हुए जान से मारने की बात भी कही। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल को सिविल लाइन थाने ले जाया गया, जहां से पुलिस ने उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है और क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सीएसपी सुमीत अग्रवाल के अनुसार कार टकराने को लेकर विवाद की बात सामने आई है, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
